Showing posts with label नाट्य समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label नाट्य समीक्षा. Show all posts

Saturday, August 15, 2020

दुनिया एक रंगमंच है : जुमले के निहितार्थ स्तानीस्लावस्की (Stanislavsky's The Unbroken Line) के बहाने से

रंगमंच से अपेक्षा है कि यहां स्वतंत्र चिंतन होता रहना चाहिए । स्वतंत्र चिंतन से एक आशय यह ही है कि रंगमंच पर वैचारिक मंथन के पश्चात ही चीजों को लोगों तक ले जाएँ। आशय यह भी है प्रचलित जुमलों नारों को पहले समझें और उनके निहितार्थ लोगों के सामने भी रखें। 

एक जुमला है जिसे रंगमंच के संबंध में हर कोई प्रयोग करता है, "दुनिया एक रंगमंच है और हम उसके किरदार हैं।" आज हम इस जुमले को समझेंगे। जैसे एक वीडियो में हमने "जय रंगकर्म" पर विचार किया था। 

यदि आप उस वीडियो को देखना चाहते हैं तो यहाँ उसका लिंक दिया गया है।



दोस्तो आपने यदि फॉलो नही किया है तो कर लें ताकि आपको पोस्ट मिलते रहें। पोस्ट पसन्द आये तो कमेन्ट व शेयर करें। 

"दुनिया एक रंगमंच है" या फिर "जीवन एक रंगमंच है" जैसे वाक्य अक्सर लोगों द्वारा प्रयोग किए जाते हैं। इसका आशय लोक के संदर्भ में तो सब समझते हैं । हम इसको नाट्य सिद्धांतों के संदर्भ में देखेंगे। इस संदर्भ में आप अपने रोजमर्रा की जिंदगी को देखेंगे तो अभिनय के लिए आपको बहुत-सी अंतर्दृष्टि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर आप इसे ऐसे समझें। आप अपने दोस्त के साथ कभी स्कूल में होते है, फिर बाजार में भी कुछ समय साथ होते हैं और कभी-कभी आप अपने दोस्त के साथ उसके घर भी चले जाते हैं। अब आप अपने तीनों जगह होने को विश्लेषित कीजिए। वहाँ किए गए व्यवहार को देखिए। एक-सा रहता है या संदर्भ के साथ बदलता है?

क्या तीनों जगह दोस्त के साथ आपकी भाषा एक जैसे होती है? तीनों जगह आपका शब्द चयन कैसे बदल जाता है। क्या आपकी अपने मित्र के साथ बॉडी लैंग्वेज वैसी ही उसके घर पर भी होती है जैसी कि बाजार या रास्ते में थी? आप देखेंगे कि आपका किरदार तीनों जगह चमत्कारिक रूप से बदल जाता है। 

यह अलग-अलग रूप धरने में हम इतने सिद्धहस्त कैसे हो जाते हैं? जगह, संदर्भ बदलते ही कैसे अलग भाषा, अलग शब्दावली, अलग टोन, अलग मुहावरे, अलग भंगिमाएं अपना लेते हैं? अगर इसे हम समझ जाएं तो हमें अपनी नाट्य भूमिका में जाने का बीज यहां से कुछ हद तक मिल सकता है। दरअसल यह हम इसलिए कुशलता से कर लेते हैं क्योंकि दोस्त के साथ साहचर्य से हम उसके संदर्भ, पर्यावरण को समझने लगते हैं। उसके साथ व्यवहार के विभिन्न बिंदु निर्धारित करते चलते हैं। इन्ही बिंदुओं को मिलाकर विभिन्न एक्शन की एक अविभाज्य रेखा का निर्माण कर लेते हैं। इसी कार्यशृंखला के साथ दूसरी चीजें जो अचेतन में पहले से विद्यमान हैं, जुड़ती चली जाती हैं। जैसे भाषा, शब्द, टोन, शारीरिक भंगिमाएं। इसी कार्य श्रृंखला को ही तो स्तनिस्लावस्की The unbroken line of actions कहते हैं। सतानिस्लावस्की कहते हैं आप अपनी भूमिका में तब जा सकेंगे जब आप उस कार्यशृंखला की अटूट रेखा को बना सकेंगे। उनका कहना है कि स्क्रिप्ट में दिया गया किरदार अधूरा होता है। उसके जीवन का बहुत छोटा हिस्सा ही आलेख में होता है जबकि किरदार के जीवन का कैनवास विशाल व विस्तृत है। वो कहते हैं कि आप देखिए कि आपका किरदार तब क्या करता है जब वह दृश्य में नहीं होता है। यानि स्टेज पर नहीं होता है। जो दृश्य दिया हुआ है, उस वर्तमान के साथ अतीत से होते हुए भविष्य तक एक अविभाजित रेखा गुजरती है। यह रेखा वर्तमान में तो दिखती है लेकिन अतीत व भविष्य में अदृश्य है। इस रेखा को अभिनेता को अपनी किरदार की समझ के आधार पर कल्पना के सहारे उभरना होता है, अपने मन में। मसलन उसकी भूमिका का किरदार सभी काम करता है - सोता है, दौड़ता है, तैरता है, नहाता है, खाता है, पीता है। उन सभी क्रियाओं पर आपको गौर करना होगा कि वह यह सब कैसे करता होगा। तभी आप unbroken line ऑफ एक्शन तैयार कर सकेंगे। जब आपके मन में यह तरतीब बन जाती है तो आप सहज पात्रानुकूल भूमिका में जाकर अभिनय करने का एक मार्ग प्रशस्त कर लेते हैं। अपने वास्तविक जीवन में हम सम्पूर्ण जीवन के फ़लक से परिचित होते हैं तो यह unbroken line अनायास ही बन जाती है किन्तु नाटक में अभिनय के लिए हमें पाठ से बाहर झांकना पड़ता है। 

इसके अतिरिक्त भी स्तनिस्लावस्की ने और भी तकनीकें बताई हैं उनका अभी किसी और संदर्भ से जिक्र करेंगे।

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। यदि आप चाहते है कि भविष्य में भी ब्लॉग पोस्ट मिलते रहें तो पोस्ट की दायीं ओर Follow बटन को दबाएँ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

 



Tuesday, August 4, 2020

नुक्ते का उच्चारण और उच्चारण का नुक्ता

इस विषय पर वीडियो देखने के लिए क्लिक करें

बात शायद लगभग 20 साल पहले की है जब हम एक जुनून के साथ थियेटर में लगे हुए थे। थोड़ा वरिष्ठता का भान भी हो चला था और हर नए जने को सिखा देने वाला जोश  भी था। एक बार एक नाटक का चयन किया जिसमें उर्दू के शब्द अधिक थे।  उच्चारण में परेशानी होना स्वाभाविक ही है। क्योंकि अरबी फारसी की कुछ ध्वनियां हिंदी में नहीं हैं। 

हमने भी एक दिन भाषा की पाठशाला खोल दी। बताया कि बहुत उर्दू की पांच वर्णमाला की पांच ध्वनियों पर उर्दू के शब्दों पर नुक्ता लगाकर उच्चरण किया जाता है-क़, ख़ ग़, ज़, फ़ और फिर ध्वनियों के उच्चारण की लंबी कवायद शुरू हो गई। लगा कि सब कुछ ठीक रहा। कुछ दिन रिहर्सल की भी आई गई हो गई। फिर एक दिन अभिनेताओं से मिले तो एक-दो के उच्चारण अपनी बातचीत में नुक्तों की बौछार कर रहे थे। जिन शब्दों में नुक्ते नहीं लगते वे शब्द भी नुक्तों से सुशोभित हो रहे थे।

समझ मे आया कि यह गफलत भाषा की पाठशाला में ही हो गई। 

  1. दअसल उच्चारण में शुद्ध अशुद्ध जैसा कुछ नहीं होता है। भाषा में हमेशा ताजगी बनी रहती है। वह कभी बासी नहीं होती क्योंकि वह बदलती रहती है। 

  2. हमे लगा कि भाषा एक जीवंत माध्यम है और हमने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। दरअसल हमें करेक्टर की भाषा के बदले में एक्टर की भाषा में छेड़छाड़ कर दी। जबकि एक्टर की भाषा एक जीवंत भाषा है जो सदियों की यात्रा तय करके उस तक पहुंची है। उसको हम सुधारने बैठ जाते हैं। उसके जीवन मे गजल और ग़ज़ल दोनों शब्द एक साथ रह सकते हैं। हो सकता है उसका गजल उसकी बोली में किसी लोक कलाकार की गायकी से आया हो। हो सकता है अरबी फारसी का कोई शब्द कबीर की सधुक्कड़ी इंजिनयरिंग से उसकी भाषा मे आया हो तो अब आप उसकी मरम्मत करने मत बैठिये। अब आप उसे ग़ालिब  वाला ग़ज़ल का भी उच्चारण बता दीजिए। हम सब मल्टीकिंगऊअल होते हैं दोनों को एक साथ सहेज का रख सकते हैं और प्रयोग भी कर सकते हैं। यहीं इंसान का जबरदस्त भाषाई कौशल है। हमें अभिनेता की अपनी भाषा का एहतराम करना चाहिए।

  3. दरअसल इन अभिनेताओं ने ध्वलियों का निरर्थक अभ्यास कर लिया

  4. आम तौर पर हम भाषा मे शब्दों का उच्चारण करते हैं, ध्वनियों का नहीं ध्वनियों को हम समझने के लिए अलग करके देखते हैं। इसलिए ध्वनियों का उच्चारण अभ्यास शब्दों में ही हो शब्दो से बाहर नहीं। शब्द ही भाषा की सार्थक उच्चारण इकाई है। 

  5. हमें यह कहने से बचना होगा कि नुक्ता ग, ख, फ पर लगा है बनिस्पत यह बताना चाहिए कि ये अलग ही ध्वनियां हैं। अन्यथा अभिनेता अनावश्यक नुक्ताकरण की प्रवृत्ति पकड़ लेगा। 

Sunday, July 19, 2020

नए अभिनेता बैकस्टेज (Backstage) नहीं करना चाहते हैं ?

Why newly joined actor don't like to do backstage

अभी पिछले दिनों थियेटर की एक वेबिनर से जुड़ा था। वहाँ किसी रंगकर्मी ने प्रश्न किया था। थियेटर से नए - नए जुड़ने वाले अभिनेता Backstage क्यों नहीं करना चाहते हैं ? इस प्रश्न का उस समय जो जवाब बना मैंने देने की कोशिश की थी किन्तु मुझे लगा कि इस प्रश्न पर एक रंगमरमी के तौर पर और मंथन करना चाहिए। 

भाषा की दृष्टि से समस्या का बयान 

अगर शब्दावली पर गौर की जाए तो Backstage शब्द में ही दिक्कत है।  क्योंकि Back एक तुलनतमक शब्द है  जो पीछे होने का आभास कराता है। इसके मतलब को समझने के लिए उस स्थिति को समझना पड़ता है कि किससे पीछे ? .... दरअसल हमारे यहाँ आगे-पीछे .... ऊपर-नीचे... बड़ा-छोटा जैसी शब्दावलियों के शब्दकोशीय अर्थों के अलावा समाजशास्त्रीय पर्याय भी होते हैं और ये समाज शास्त्रीय पर्याय अलग संदर्भों में भी अर्थ ग्रहण को प्रभावित कर जाते है। यह अर्थ भंगिमा हमारे चिंतन और चीजों को देखने के दृष्टिकोण को भी प्रभावित करती हैं। यह तो समस्या को भाषा वैज्ञानिक रूप से देखना हुआ। अब नाट्यशास्त्र के अनुसार देखते हैं। 

नाट्यशास्त्र क्या कहता है 

नाट्यशास्त्र के अनुसार देखें तो वहाँ अभिनय को Onstage या Backstage में बाँट कर नहीं देखा गया है। यहाँ हर चीज़ सेंटर स्टेज है। कोई आगे-पीछे नहीं, ऊपर-नीचे नहीं। यहाँ नाटक का एक बड़ा छाता है, जिससे भरत मुनि ने विविधरूपा कलाओं को  पूरे सम्मान के साथ आच्छादित कर दिया है। 
थियेटर से नए जुडने वालों का Backstage की गतिविधियों से न जुड़ पाने का एक और कारण अभिनय को लेकर भ्रांत धारणा है। उनकी नजर में अभिनय का आलंबन केवल मंच के ऊपर आकर चल फिर रहा तथाकथित अभिनेता ही है। उसके अलावा जो भी कार्यव्यापार है वह अभिनय नहीं है। जाने अनजाने में हम तथाकथित वरिष्ठ रंगकर्मी भी उनकी इस धारणा को मजबूत ही करते हैं। दरअसल नाट्यशास्त्र रंगमंच की परिधि में लगभग सभी आयामों को अभिनय के चार रूपों यथा आंगिक, वाचिक, आहार्य तथा सात्विक में ही समेट  कर रख देते हैं। फिर यह आगे व पीछे का भाव ही समाप्त हो जाता है।   नए शामिल होने वाले अभिनेताओं को शुरू में ही थियेटर की यह  वृहद तस्वीर दिखानी चाहिए। केवल अभिनेता ही रंगमंच का केंद्र नहीं जैसा कि दिखाई देता है। यद्यपि Stanislavsky भी अभिनेता को केंद्र में रख कर अपना अभिनय सिद्धान्त रचते हैं लेकिन वे अभिनेता को मंच दूसरी चीजों से इस कदर बांधते हैं कि उसमें वह अलगाव पैदा ही नहीं हो सकता है। 

क्या होना चाहिए  

जब भी नए अभिनेता थियेटर से जुडते हैं तो वे अपने साथ एक समृद्ध कलात्मक अनुभव या कौशल लेकर आते हैं। निर्देशक उन्हें रिक्त पात्र मान कर नए ज्ञान से स्नान करना शुरू कर देते हैं। जबकि निर्देशक को नए जुडने वाले कलाकार का एक Baseline assessment करना चाहिए कि 
वह किस विशेष हुनर को अपने में धारण किए हुए है?
वह हुनर किस स्थिति में है?
उस हुनर को किस दिशा में आगे बढ़ाया जा सकेगा?
रंगमंच पर वह दक्षता किस रूप में अपना योगदान दे सकेगी?
यदि निर्देशक उपरोक्त बातों पर गौर करके आगे बढ़े तो वह उस यक्ष प्रश्न का समाधान पा जाएगा कि "क्यों लोग Backstage नहीं करना चाहते? 
यदि नए जुडने वाले कलाकार की रुचियाँ, रुझान व कौशलों को रंगमंच की प्रक्रिया (प्रस्तुति निर्माण ) में स्थान व महत्व मिलेगा तो वे अवश्य जुड़ना चाहेंगे।  

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। यदि आप चाहते है कि भविष्य में भी ब्लॉग पोस्ट मिलते रहें तो पोस्ट की दायीं ओर Follow बटन को दबाएँ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Tuesday, February 5, 2019

नाट्यकला : मेरी समझ



नाटक(Theatre) पर अलग-अलग समय पर इस ब्लॉग पर अपने विचार रखता रहा हूँ। सभी लेख इस ब्लॉग पर बिखरे पड़े थे,  पाठकों की सुविधा के लिए मैंने उन्हें एक जगह पर सूचीबद्ध किया है। नीचे सूची में लेखों के शीर्षक दिए हैं। उन शीर्षकों पर क्लिक करने पर संबन्धित लेख खुल जाएगा।  
  1. सामूहिक अचेतन में धँसी टुकड़ा-टुकड़ा तस्वीरों को नाटक ही जोड़कर बाहर ला सकता है।
  2. नुक्कड़ नाटक : होश में कब तक आएंगे ?
  3. दूसरे के जूते में पैर रख के देखो
  4. अंतर्राष्ट्रीय रंगमंच दिवस : आओ, लोगों को नाटक का चस्का लगाएँ
  5. ग्रीष्म नाट्य उत्सव 2017 : उसके इंतज़ार में उर्फ आखिर तक सुर बदल गया
  6. द मैरिज प्रोपोज़ल : अरण्य में कहकहे तलाशता एक हास्य
  7. अलवर की एक शाम किस्सागोई के नाम - दलीप वैरागी
  8. गुड्डी गायब है उर्फ जनता ऊँचा सुनती है
  9. “ भूलेंगे तो तब न, जब हम उसे रटेंगे!”
  10. नाटक केवल प्रॉडक्ट नहीं होता
  11. अलवर रंग महोत्सव: एक खूबसूरत नाट्यानुभव
  12. अभिव्यक्ति अपना व्याकरण खुद रच लेती है।
  13. हास्य नाट्य समारोह के ठहाकों की गूंज अलवर की फिज़ाओं में कई दिन तक रहेगी
  14. मोहन से महात्मा और नाटक
  15. एक अमेच्योर एक्टर की डायरी - 1 : रटें या रमें
  16. कहानी कोई भी मोड़ ले सकती है
  17. नाटक को पाठशाला से प्रेक्षागृह में निर्देशक बदलता है
  18. लघु नाटिका - सब कुछ सड़क पर...
  19. नाम में मिला होता है अपमान का घूंट
  20. एकल नाटक : उत्तर कामायनी
  21. स्थगित नाटक उर्फ गुमशुदा सवाल है
  22. शो मस्ट गो ऑन
  23. थियेटर एक्सर्साइज़ : ग्रुप डायनामिक्स 1
  24. थिएटर एक्सर्साइज़ ( Theatre Exercise) : Mime and movement - 1
  25. थियेटर एक्सर्साइज़ (Theatre exercise-2) : स्थायी पता
  26. रंगमंचीय गतिविधियां एवं अभ्यास (Theatre exercises) -1 : (Image) इमेज
  27. विश्व रंगमंच दिवस : समस्याओं से जूझता अलवर का रंगमंच
  28. नाटक और रटना
  29. नाटक, संभावनाओं का मंच (भाग - 1) : खामोश नाटक जारी है
  30. नाटक संभावनाओं का मंच (भाग 2) : नाटक क्या करता है
  31. नाटक संभावनाओं का मंच (भाग-3) : धीरे-धीरे आइसबर्ग का बाहर आना
  32. नाटक संभावनाओं का मंच ( भाग 4 )
  33. नाटक संभावनाओं का मंच ( भाग 5 ) : भरत वाक्य
  34. थियेटर ( Theatre) : फ़र्क तो पड़ता है
  35. थिएटर ज़िंदगी के लिए उतना ही ज़रूरी है जितना मॉर्निंग वॉक या वर्जिश
  36. अंकुरजी उवाच : रगमंच जैसी विधा पैरों पर खड़ी नहीं हो सकती।
  37. रंगमंच (Theatre) : वंचित वर्ग की शिक्षा का माध्यम को हमेशा हाशिये पर रखा गया है।
  38. बच्चों का रंगमंच: कहीं भी, कभी भी ...
  39. Theatre : सच को साधने का यन्त्र
  40. नाटक, स्कूली बच्चे और हम !
  41. थियेटर, अभिनेता और दर्शक के बीच लेनदेन भर है... न कम न ज्यादा।
  42. एक्टर बनने की पहली शर्त इंसान होना है
  43. Theatre : सच को साधने का यन्त्र

 दलीप वैरागी 
9928986983 
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

Thursday, June 28, 2018

सामूहिक अचेतन में धँसी टुकड़ा-टुकड़ा तस्वीरों को नाटक ही जोड़कर बाहर ला सकता है।


प्रशिक्षणों (training)के दौरान कई क्षण ऐसे आते हैं, जब प्रशिक्षक को एकदम शून्यता का अहसास होने लगता है। उस रिक्त क्षण में क्या किया जाए, कुछ सूझता नहीं है। ऐसे में थियेटर एक ऐसा औज़ार है जो उस शून्यता से आपको निकाल कर एक सौद्देश्यता प्रदान कर जाता है। यह शून्यता कई बार अपने पास ‘सब कुछ’ होने से भी आती है। एक पूर्व नियोजन और मजबूत तैयारी में से किसी बुलबुले सरीखी यह निकलकर सामने आ खड़ी होती है। यह बुलबुला एक ही गतिविधि की लगातार पुनरावृत्ति से पैदा होता है। सफलता  पुनरावर्ती की अपेक्षा करती है। जरा-सी सफलता का सतत दोहरान इंसानी फितरत की सामान्य परिघटना है। पिछले सालों के प्रयोग में ‘शूज शफल’ ड्रामा तकनीक के बच्चों के साथ कारगर होने पर इसे लगातार वर्ष भर खूब दोहराया गया। जैसे हर चीज़ घिसती है, वैसे ही सफलता का भी द्रव्यमान छीजता रहता है। सामने किशोरों का समूह है और योजना में ‘शुज-शफल’  ड्रामा तकनीक है। पूर्व में आजमाई हुई तकनीक! किशोरों से केवल कहना भर है कि “ घेरे के मध्य रखी वस्तु को उठा कर, उसके साथ किसी चरित्र को साकार करते हुए रोल-प्ले करना है।”  …और यह कहते ही एक सिलसिला शुरू हो जाता... किन्तु उसी वक़्त शून्यता का एक बुलबुला आँखों के सामने मोतियाबिंद-सा आता है। मध्य रखने के लिए वस्तु (प्रोप्स) हैं लेकिन सूझती नहीं। शून्य के आकार में बैठे किशोरों के घेरे के दरम्यान शून्यता का बुलबुला फैलता जाता है और परिधि तक जाकर, थोड़ी देर थम कर फूट जाता है। फूटते ही एक इंद्रधनुष स्मृति पर चमक उठता है। एक नई किरण दिखाई देती है। अब वस्तु की जगह एक किशोर को घेरे के दरम्यान आने को बुलाया जाता है। नवीन नाट्य तकनीक का स्पर्श  अब व्यक्ति द्वारा वस्तु को प्रतिस्थापित करने वाला है। पहले केंद्र में वस्तु होती थी अब व्यक्ति है वस्तुओं से रहित। यह व्यक्ति का वस्तुकरण नहीं और वस्तु का मानवीकरण भी नहीं, बल्कि शरीर के द्वारा वस्तुओं से विमुक्तिकरण  है। आलंबन रूप में, न उद्दीपन रूप में वस्तु अब कहीं नहीं है। केवल अभिनेता है, उसका मन है, शरीर है उसकी अनंत संभावनाओं के साथ, एक संभावना वस्तु भी हो सकती है।
किशोर के घेरे के भीतर आने तक Tableau (टेब्लू अर्थात झांकी) रंग-तकनीक की भूमिका बन चुकी थी।
(1)  एक किशोर से कहा गया कि आप घेरे के मध्य में किसी एक भंगिमा में आकार मूर्तिवत फ्रीज़ हो जाएँ। किशोर ने एक दो मुद्राएँ बनाई सामने बैठे लोगों की तरफ आश्वस्ति भाव से देखा फिर फर्श पर ऐसे पैर फैलाकर बैठा जैसे पीछे गाव तकिया लगा हो। शुरू में अभिनेता के सामने ये चुनौती है कि वह अपने शरीर को कौनसा आयाम दे? शरीर दिन भर में अनंत आयाम प्राप्त करता है किन्तु स्वाभाविक जरूरत के साथ... व्यक्तिगत जीवन में व्यक्ति किसी उद्देश्य को तय करता है और शरीर को उसके अनुसार साधता है। जीवन में शरीर व मन के दरम्यान मन: शारीरिक सहज रूपान्तरण चलता रहता है। यह दैनिक रूपान्तरण व्यक्ति के व्यक्तित्व के एक पहलू को आकार देते हैं। अभिनय में बात दूसरी है। वह सहज पथ पर जाने से रोकता है। अभिनेता के लिए अभिनय के इस बिन्दु पर उसके शरीर को पहले आना है और हेतु को बाद में आना है, या फिर हेतु को अभी तलाशना है। इसलिए गतिविधि का प्रथम बिन्दु चुनौती खड़ी करता है। इस निर्मिति में अभिनेता के अलावा दर्शकों के पास अपनी-अपनी व्याख्याएँ हो सकती हैं, निर्माता अभिनेता से सर्वदा भिन्न भी हो सकती हैं।
(2)  दूसरे चरण में दूसरे किशोर (अभिनेता ) को आना है। पूर्व में बनी मूर्ति को  अक्षुण्ण रखते हुए स्वयं को संयोजित करते हुए फ्रीज़ होना है। दूसरे अभिनेता के जुड़ने पर यहाँ एक ऐसी संश्लिष्ट इमेज  बननी है जो पहले वाली से अर्थ में जुदा हो। जो भी अभिनेता यहाँ आएगा, वह अपनी एक अलग व्याख्या के तहत खुद के शरीर को जोड़कर इसे विस्तार देगा, केवल वही रूप हमारे सामने आएगा। किन्तु सामने बैठे अन्य अभिनेता केवल दर्शक-झुंड मात्र नहीं, वे भी मौलिक विचारकों में तबदील हो चुके हैं। सबके मन में  एक-एक मौलिक इमेज साकार हो चुकी है। जो पहले वाली से जोड़ कर अपने मानस पर बना रहे हैं। मंच पर उपस्थित अभिनेता की निर्मिति में संभावनाओं की खूँटियाँ लगी हुईं है, जिनपर बाहर बैठे अभिनेता अपनी कल्पनाओं के चित्र टाँग रहे हैं। किन्तु खेल का अनुशासन (सीमा नहीं) यही है कि केवल एक व्याख्या ही सामने आनी है। मंच पर पहले से बैठे अभिनेता के चारों तरफ खाली निर्वात नहीं है, बल्कि पूरी फ़िजा में विचारों व संभावनाओं के परागकण घुले हुए हैं। जो भी अभिनेता इसे अपने विचारों का स्पर्श देगा तब सोच का नवांकुर प्रस्फुटित होकर मंच पर साकार होगा।
दूसरा अभिनेता आकर पहले वाले के पैरों से एक मीटर की दूरी पर उकड़ू बैठ जाता है। घुटनों पर दोनों भुजाएँ समेट कर रखीं हुईं हैं। भुजाओं पर टिका हुआ है मस्तक नत है। दूसरे ही अभिनेता ने अपने प्रयास में इस इमेज की नियति लगभग तय कर दी। एक ही झटके में सत्ता को प्रविष्ट करा दिया। इमेज में सत्ता आ चुकी है, अब शेष कलाकार केवल सत्ता के समीकरण को संतुलित करने के उपकरण भर होंगे। परंतु, व्याख्याओं की संभावनाएं अब भी हैं लेकिन सत्ता-सूत्र को थाम कर। अब झांकी के अंदर दो व्यक्ति हैं - एक प्रभाव में है, एक प्रभावित है। एक दंभ में है, एक दमित है। एक पद पर है, एक पग में है। एक अर्श पर है, एक फर्श पर है.... इसे घटित होने से पहले  बाकी के अभिनेता विचारों के जो अपने-अपने वातायन खोल के बैठे हुए थे उन्होंने अब अपने झरोखे बंद कर लिए हैं, क्योंकि दूसरे अभिनेता ने मुख्य द्वार खोल दिया है। सब इसी द्वार से प्रवेश करेंगे। इसी द्वार के साथ-साथ नाट्यकला की एक और संभावना भी खुल कर उजागर होती है - किसी दूसरे के विचार सूत्र को पकड़ कर आगे बढ़ाने का अद्भुत स्वीकार नाट्य गतिविधियों में ही हो सकता है।
(3)  थोड़ी देर तक चुप्पी, अब तीसरा अभिनेता दूसरे अभिनेता, जो पहले के कदमों में बैठा है, के कंधे पर हाथ रख कर उसके पीछे बैठ जाता है। अब यह चरित्र कोई भी हो सकता है लेकिन व्याख्या यही है कि यह है कोई हमदर्द दूसरे अभिनेता का... दोस्त ... परिवारजन... परिचित या....  
(4)  अब अन्य दो अभिनेता बारी-बारी से आते हैं और तीसरे अभिनेता की अगल-बगल में बैठ जाते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि तीसरे अभिनेता के आँचल का पल्लू पकड़े हुए हैं। इनकी यह भंगिमा तीसरे अभिनेता की उकेरी रेखाओं को और गहरे रंग दे देती है। पूरी झांकी को समेकित रूप से देखें तो अब तस्वीर उभरती है कि एक परिवार है जो शक्ति की गिरफ्त में है।
(5)  Image theatre के बारे में Augusto Boal कहते हैं कि इस तरह का थियेटर अरस्तू के कैथार्सिस से अलग है। इसमें अभिनेता भावनात्मक की अपेक्षा वैचारिक रूप से जुड़ता है। क्यों कि वह केवल एक्टर न होकर स्पेक्ट-एक्टर है। इस बात को जब पढ़ा तब समझ नहीं आई, अब जब अभिनेताओं को आते देख रहा हूँ तो इबारत स्पष्ट हो रही है। क्योंकि आने वाले अभिनेता तस्वीर को अपनी उपस्थिति से समृद्ध कर रहे हैं और भावनात्मक उद्वेलन की जगह तस्वीर को तार्किक आधार प्रदान कर रहे हैं। अगर तस्वीर में शोषण का बीज मात्र भी दिखाई दे रहा है तो उसे और उभार कर सामने लाना...  शायद इसलिए ही अगला अभिनेता जब आता है तो शोषित के पक्ष में न बैठ कर शोषक की तरफ आसान लगाकर सामने बही खाता खोलकर बैठ जाता है। इस अभिनेता ने तस्वीर में आए शोषण को एक वजह दे दी। अर्थात तस्वीर से थोड़ी धूल और हटी रंग गहरा हुआ कि मामला जो भी है पर आर्थिक है।
(6) इस बार दो अभिनेता एक साथ आते हैं। यह अप्रत्याशित था। वैसे थियेटर में अप्रत्याशित कुछ नहीं होता। यूं कहें कि अनपेक्षित था। चूंकि एक-एक अभिनेता को बुलाया जा रहा था तो एक–एक करके ही तो आना चाहिए था। ये दो साथ आए और नाट्यकला की एक और विशिष्टता को उजागर कर गए कि फॉर्मेट चाहे कोई भी हो अंततः नाट्यकला एक से दो होने की विधा है, सहमतियों व असहमतियों के बावजूद। बहरहाल, दोनों अभिनेता साथ में आए और एक सोच के साथ... मंच पर बैठे गद्दीनशीन व्यक्ति के दोनों तरफ गर्दनें अकड़ाकर खड़े हो गए। ये लठैत हैं। शारीरिक बल है। शारीरिक बल सत्ता के साथ खड़ा रहता है अकसर.... यदि यह समाज की विडम्बना है तो इसे अपने क्रूरतम रूप में सामने नज़र आना चाहिए। अभिनेता ही इस सच्चाई को सबके सामने नंगा करेगा। स्वयं को चाहे एक पल को इसका उपकरण बनाएगा।
(7) इसके पश्चात लग रहा था कि तस्वीर पूरी हो चुकी है। अभिनेताओं के आने का सिलसिला थम सा गया था। तस्वीर को देखने पर भी ऐसा लग रहा था कि इसके सभी संभावित पहलू दिखाए जा चुके हैं। थोड़ी देर कहीं कोई हलचल नहीं हुई। अचानक एक अभिनेता उठ कर आया और मंच पर बनी झांकी से तीन मीटर की दूरी पर खड़ा हो गया। भाव, भंगिमा व स्थिति से वह तस्वीर से बहुत असंगत दिखाई दे रहा है। न वह सत्ता के इधर है न उधर है। वह दरम्यान भी तो नहीं। वह झांकी को निहार तो रहा है लेकिन उसका हिस्सा नहीं होना चाहता। यह पैरडाइम शिफ्ट है। हमारी बाइनरी काउंटिंग को पलट दिया अभिनेता ने... इधर – उधर के अलावा एक तीसरी श्रेणी होती है, जो होते तो हैं लेकिन कहीं नहीं होते। इस अभिनेता ने अब तक के यथार्थवादी चित्र को थोड़ा एब्स्ट्रेक्ट रूप दे दिया। यह पात्र नहीं प्रतीक है। जो देखता तो है लेकिन दृष्टा नहीं... जो दर्शक है पर केवल मूक दर्शक। यह समाज के उस हर जने का प्रतिनिधित्व करता है जो सब कुछ देख कर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं करता कि वह किधर है। मुझे लगता है कि यह पात्र एक वर्ग का चरित्र है। यह पात्र वह हर कोई है जो इस चित्र से बाहर है और उसका हिस्सा नहीं है।  मूक दर्शन उतनी ही हेय क्रिया है जितनी कि दर्शन सम्मानित क्रिया है। मूक दर्शन क्रिया जब सक्रियता की उम्मीद है तब तटस्थ बनी रहती है। मूक दर्शन एक जीव विज्ञानी परिघटना है जबकि दर्शन एक वैचारिक कार्यकलाप जो किसी स्तर पर आपकी तटस्थता को भंग करता है।
इसने तस्वीर का एक अलग आयाम खोल दिया और सामाजिक संरचना का एक और वीभत्स कोना हमें दिखा दिया। अभिनेता अभी और भी बाकी हैं। न तो अभिनेताओं की क्षमताओं को कम आँका जा सकता है और न ही इस तस्वीर की और संभावनाओं से इंकार किया जा सकता है। अभी इस तस्वीर को यहीं इसलिए रोकना होगा, क्योंकि आज के सत्र के लिए जिस शिक्षण सामग्री की हमें जरूरत थी, वह मंच पर मौजूद हो चुकी थी। इसके साथ आज की चर्चा को आगे बढ़ाया जा सकता है। आज के सत्र का उद्देश्य था कि युवाओं के साथ समाज के ताने-बाने पर चर्चा की जाए। खासकर समाज में व्याप्त असमानता व भेदभावों पर। इस तस्वीर में एक प्रस्थान बिन्दु हमें मिल गया जहां से आगे बढ़ा जा सकता है एक सार्थक चर्चा की ओर।
एक बार फिर नाट्यकला की शिक्षा में उपयोगिता पर विश्वास और मजबूत हुआ। प्रारम्भ में हमारे पास कोई सामग्री नहीं थी। शून्य था। केवल अभिनेता का शरीर। मंच पर मौजूद तामझाम कहाँ से आया? इसे किसने लाने के लिए बोला? क्या निर्देशक ने ? क्या किसी एक अभिनेता ने? यदि एक ने नहीं तो सब ने मिलकर भी तो इसके लिए नहीं सोचा था? फिर कौन लाया इस तस्वीर को? क्या यह अपने आप आई ? यह किसी एक दिमाग की सृष्टि है ? यह सवाल अभिनेता, निर्देशक, नाटक के शोधार्थी, मनोविज्ञानी, शरीर विज्ञानी, समाज विज्ञानी व शिक्षा शास्त्रियों के लिए एक साथ महत्वपूर्ण हो सकता है। ये सब नाटक की इस तस्वीर से शुरू होकर अपनी-अपनी दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और इस तस्वीर के उत्स तक पहुँच सकते हैं। अस्तु, मैंने तो यही समझा कि यह तस्वीर समाज की वह तस्वीर है जो जिग-ज़ैग पहेली की तरह लोगों के मानस में टुकड़ा-टुकड़ा करके बिखरी हुई है। एक हिस्सा किसी के मन में है तो दूसरा किसी और के मस्तिष्क में। केवल एक तस्वीर के टुकड़े नहीं अलग-अलग तसवीरों की चिन्दियाँ आपस में गड्ढ-मड्ढ हैं। पीढ़ियों की रेट उनपर चढ़ी हुई है। ये सब तस्वीरें स्पष्ट होने के लिए उतावली हैं लेकिन स्पष्ट इसलिए नहीं होती कि इसके टुकड़े अलग-अलग दिमागों में धँसे हुए हैं। ये तस्वीरें जुड़ तो जाएँ बशर्ते चार सिर आपस में जुड़े तो सही। सिरों के सहज जुड़ाव का मंच केवल नाटक ही प्रदान करता है। उन तसवीरों से गर्द हटा कर, टुकड़े बटोर कर पूरे हाई ऋजुलेशन के साथ केवल नाटक ही सामने ला सकता है। सामूहिक अचेतन में धँसी टुकड़ा-टुकड़ा तस्वीरों को नाटक ही जोड़कर बाहर ला सकता है।
 



Monday, April 2, 2018

दूसरे के जूते में पैर रख के देखो


मैंने यह व्याख्यान 27 मार्च 2018 को विश्व रंगमंच दिवस पर रंग संस्कार थियेटर ग्रुप द्वारा  आयोजित विचार गोष्ठी में दिया था । 

"क्षेत्रीय संस्कृतियों के योगदान में रंगमंच का योगदान" इस कथन के इम्प्लिकेशन क्या हैं? एक रंगकर्मी होने के नाते मेरा यह धर्म है कि उन्हें पहचान कर बात आगे बढ़ाई जाए। एक मान्यता तो यह है कि है हम सब क्षेत्रीय संस्कृतियों को वैल्यू करते हैं। यह बात बिल्कुल सही भी है। यदि यह सही है भी और होना भी चाहिए, परंतु सही होने के साथ-साथ इसका एक सियाह पक्ष भी है जो या तो हमें दिखाई नहीं देता या फिर हम उससे साक्षात्कार करने का साहस नहीं जुटा पाते हैं। जब क्षेत्रीयता के इस अधूरे पक्ष को लेकर हम आगे बढ़ते हैं तो फिर तो हमारे सामने ‘मराठा-मानुष’ सरीखी इसकी चरम अभिव्यक्ति का विस्फोट होता है। जब यह विस्फोट होता है तो राजस्थान में विभाजन के वक्त आए पुरुषार्थी सिंधी-पंजाबी अपने ही मुल्क में शरणार्थी कहलाते हैं और उनको खुद के पुरुषार्थ को उदाहरण बनाने में आधी से ज्यादा सदी लग जाती है। केवल अपने श्रम की सामर्थ्य साथ लिए आजीविका की तलाश में आया कोई भी पूर्वी भारतीय जब राजस्थान आता है और कैसे ‘बिहारी’ की जातिवाचक संज्ञा  को प्राप्त करता है। जब यह तथाकथित ‘बिहारी’ जब लुधियाणा या जालन्धर के किसी स्टेशन  पर उतरता है तो ‘भईया’ की संज्ञा पता है। जब उसे इस संज्ञा या विशेषण से संबोधित किया जाता है तो उसकी ध्वनि को नहीं बोलने वाले के चेहरे को पढ़ें तो जो चाक्षुष बिम्ब हमारे मानस पटल पर बनता है, वह हमारी तथाकथित क्षेत्रीय सांस्कृतिक विकास की अवधारणा की कलाई खोल देता है। हमने किस तरह की क्षेत्रीय संस्कृति की पहचान विकसित की है जो किसी अन्य सांस्कृतिक पहचान के साथ सहअस्तित्व को बर्दाश्त नहीं कर सकती?
इस तरह का क्षेत्रीय सांस्कृतिक विकास जल्दी ही राजनैतिक नारों से  खाद पानी प्राप्त कर लेता है और देश की अखंडता के समक्ष चुनौती बन कर खड़ा हो जाता है। फलतः बिहार से आया ऑटो चालक मुंबई में अपनी पूर्वी मिश्रित अनगढ़ मराठी बोलते हुए भी मुंबई से बाहर लतियाया जाता है। उत्तर पूर्व से आए हुए विद्यार्थियों पर राजधानी में ही हमले होते हैं। ये क्षेत्रीयता की कौनसी संस्कृति हमने विकसित कर ली है? क्या इस शब्दावली को और गहरे से समझे जाने की जरूरत हैं। क्या क्षेत्रीय सांस्कृतिक विकास की क्या कोई सार्वभौमिक अवधारणा है भी क्या? क्या इस तरह के सांस्कृतिक विकास का चरम बिन्दु सांस्कृतिक श्रेष्ठता की मनोग्रन्थि में परिणत तो नहीं हो जाता! यह सवाल बेचैनी पैदा करता है।
कहीं अब तक के विमर्श में आपने मुझे एक यूनिफ़ोर्मिक कल्चर का पक्षधर तो नहीं समझ लिया। जी नहीं मैं इन दोनों एक्सट्रीम छोरों पे तो नहीं हो सकता, यदि हो भी तो इन दोनों के कहीं दरम्यान। हम सब जानते हैं कि भारत की संस्कृति बहुलतावादी है। यहाँ कई स्तर की विविधता है। इस वैविध्य के पीछे निस्संदेह भारत का बहुलता  भरा प्राकृतिक भूगोल है। इस भूगोल ने छोटे-छोटे अंचलों में अपनी-अपनी जीवन शैलियों और जीवन दर्शनों को पनपने में मदद की। भूगोल की चुनौतियों के पार जाने की फितरत इंसान की हमेशा रही है। बह भूगोल की बाधाओं को पार करके दूसरे लोगों से इंटरेक्ट करता रहा है। इसके साथ ही अपनी स्थानीय पहचान को लेकर असुरक्षा बोध की बेचैनी भी पाले रहा है। वह अपने दायरे बनाता भी रहा है कई बार दायरों से बाहर झाँकता भी रहा है। अपने दायरों का अतिक्रमण, इंसान के स्वभाव का यही पहलू उसे वैश्विक मानव भी बनाता रहा है। भारतीय इंसान के चरित्र का यही बिन्दु जहां उसे स्थानीयता के प्रति अनुराग के साथ भारतीयता का भाव भी देता है जो कभी अपने पूर्ण उद्दात  रूप में “वसुधैव कुटुम्बकम्व”  की अभिव्यक्ति कर बैठता है।  आज मनुष्य ने विज्ञान व तकनीक में इतनी तरक्की कर ली है कि उसने मरुस्थल, पर्वत, जल और अब अन्तरिक्ष इत्यादि भौतिक भूगोल की बाधाओं पर जीत हासिल कर ली है। स्थूल चुनौती हट चुकी है। अब इंसान ने भौतिक भूगोल की बाधाओं के स्थान पर वैचारिक संकीर्णताओं के कृत्रिम भूगोल के पहाड़ खड़े कर लिए हैं जो संस्कृतियों में वैमनस्य के संकट पैदा कर रहे हैं। यह संकट कृत्रिम है। तो फिर रास्ता क्या है?
दूसरे के जूते में पैर रख कर देखो।
एक मात्र रास्ता है रंगमंच, जो सर्वसुलभ भी है। रंगमंच कभी किसी एक क्षेत्रीय संस्कृति को लेकर नहीं चल सकता। रंगकर्म की अपनी ही एक संस्कृति है। इस संस्कृति के मूल्यबोध वैश्विक हैं, सार्वभौमिक हैं। इस मूल्य का प्रस्थान बिन्दु है इंसानियत। जिसके केंद्र में इंसान है। वह इंसान जो एक ही समय में सबसे अलग अद्वितीय भी है और सबके जैसा भी। इंसानियत के ये मानी देशकाल की सीमाओं से बाधित नहीं होते।
दरअसल रंगमंच किसी एक क्षेत्रीय संस्कृति को लेकर आगे नहीं बढ़ता है। दरअसल वह अपनी संस्कृति के उन सार्वभौमिक मूल्यों की स्थापना करता चलता है। जिसका केंद्र बिन्दु इंसान है और उसकी इंसानियत। इंसानियत को समझने का एक ही नुक्ता है और वह रंगमंच के पास है - "दूसरे के जूते में पैर रख कर देखो।" जब तक आप किसी भी स्थिति को दूसरे अर्थात विरोधी के दृष्टिकोण से नहीं देखेंगे तब तक आप न दूसरे इंसान को समझ सकेगें और न इंसानियत को। नाटक तो दूसरे के दृष्टिकोण से देखने से भी दो कदम आगे जाकर दूसरे की जिंदगियाँ जीकर देखने के अवसर देता है। दूसरे के हर्ष-विषाद को स्वयं के स्तर पर भोगने के मौके देता है।
मुख़तसर में कहे तो नाटक किसी संस्कृति के उत्थान में योगदान देता है या नहीं पर इतना अवश्य करता है कि वह अपने से अलग दूसरे की संस्कृति को समझने के अवसर, दृष्टि देता है व अपने से भिन्न का अहतराम करने का जज्बा देता है। एक दूसरी बात यह कि नाटक देखने से संस्कृतियों की समझ तो आ सकती है लेकिन भिन्न को समझ कर उसका सम्मान करने या अंगीकार करने का सामाजिक स्वीकार तो नाटक में डूबने से आएगा। जब नाटक का प्रदर्शन होता है तब, दर्शकों पर इसकी फुहार मात्र ही पड़ती है। सागर में गौते तो रंगकर्मी ही लगाता है। वैसे रंगकर्मियों में भी ऐसे कई हैं जो बरसाती पहन कर पानी में उतरते हैं। हममें से भी अधिकतर अपनी पकी हुई उम्र में रंगकर्मी बने हैं। इसलिए अक्ल दाढ़ देर से उगी है या उग रही है।  हममें से कितने हैं जिन्हें बचपन से ही इसी प्रक्रिया में ढाला गया था? मेरा मानना है कि यदि अपने से भिन्न की समझ, सम्मान या स्वीकार का जो सर्वभौमिक सांस्कृतिक मूल्य है वह तभी स्थापित होगा जब नाटक को प्रारम्भिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा। यही मूल्य क्षेत्रीय समुदायों की पहचानों को सम्मान व स्वीकार प्रदान करेगा। ये मूल्य किताबी पाठों के कोरे सुभाषितों "अनेकता में एकता भारत की विशेषता" की तोता रटंत प्रक्रियाओं से नहीं आएगा। बल्कि इसे खोलकर इसके निहितार्थ समझकर ज्ञान आधारित व्यवहार करने के जीवंत अभ्यास देने होंगे। जीवंत अभ्यास देने का माध्यम रंगमंच से बेहतर और कोई नहीं हो सकता है।
मुझे आश्चर्य होता है कि नाटक शिक्षा के लिए जितना जरूरी है वह उतना ही शिक्षा व्यवस्था से बहिष्कृत है। यह उस देश में हो रहा है जिस देश में नाट्यशास्त्र जैसा ग्रंथ लिखा गया हो। नाट्यशास्त्र के पहले ही अध्याय में इसके रचयिता ने इसके उद्देश्यों में स्पष्ट कर दिया है कि इसका प्रमुख हेतु शिक्षा है। उम्मीद है कि इस गोष्ठी में शिक्षक प्रशिक्षण से जुड़े लोग भी मौजूद हों। मैं पूछता हूँ कि आपमें से कितनों ने नाट्यशास्त्र को शिक्षाशास्त्र के रूप में पढ़ाया या देखा?  नाट्यशास्त्र शिक्षा शास्त्र के रूप में पढ़ाना तो दूर आज भी नाटक स्कूल में सह-शैक्षणिक गतिविधि के तौर पर ही सिमटा हुआ है। आज भी शिक्षा व्यवस्था में शिखर पर बैठे लोग नाटक को टूल ऑफ पेडागोजी मानने को ही तैयार नहीं। मैं बांसवाड़ा में आदिवासी लड़कियों के लिए संचालित एक सरकारी स्कूल में बच्चियों व शिक्षिकाओं के साथ नाटक की कार्यशाला कर रहा था। उस कार्यशाला में हम यह प्रयोग कर रहे थे कि कैसे नाटक को दैनिक शिक्षण का तरीका बनाया जाए। दुर्योग से शिक्षा विभाग के स्टेट ऑफिस से एक अफसर स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। स्टाफ को एक घंटा बैठा के डांटते रहे कि आप तीन दिन से तथाकथित पढ़ाई लिखाई बंद करके केवल नाटक करवा रहे हैं। जब महानुभाव को यह बताया गया कि यह जो भी हो रहा है सरकार के साथ MOU के तहत हो रहा है और जो हो रहा है आपको उसकी मुख़तसर जानकारी व समझ भी होनी चाहिए।  

रंगकर्मी और शिक्षक अलग-अलग गृह के निवासी हैं
शिक्षा में नाटक के न होने की विडम्बना भी यही है। रंगकर्मी शिक्षक या शिक्षाविद नहीं और शिक्षक रंगकर्मी नहीं है। दोनों में आदान-प्रदान भी नहीं है। जब स्कूल में वार्षिक उत्सव होता है तब चार दिन के लिए रंगकर्मी को बुलाया जाता है। टीचर अपनी क्लास रंगकर्मी को सोंप कर दूसरे कामों में लग जाता है। जब कभी संयोग से कोई रंगकर्मी टीचर बन जाता है तो वह अपने “टीचर” व “रंगकर्मी” को प्रेक्टिस में तो रखता है लेकिन जुदा-जुदा। जब टीचिंग करता है तो अपने रंग कर्मी को बाहर जूते की तरह खोल आता है। जब बच्चों को नाटक करवाता है तब अपने शिक्षक को कोट की तरह कुर्सी पर टाँग आता है।
यह काम तभी हो सकता है जब रंगकर्मी व शिक्षक फुर्सत निकाल कर साथ बैठेंगे। साझा शैक्षिक नियोजन करेंगे। जब रंगकर्मी नाट्य प्रक्रिया शुरू करे तो शिक्षक प्रक्रिया का अवलोकन करे कि बच्चों में ऐसे कौनसे व्यवहारगत बदलाव अनपेक्षित रूप से हो रहे हैं, जिनको शिक्षक अपनी शैक्षणिक प्रक्रियाओं में देखना चाहता है। उसके उलट, जब शिक्षक अपना शिक्षण करे तो रंगकर्मी शैक्षिक प्रक्रिया को देखे कि उन अवधारणा को समझने में बच्चों को कहाँ मुश्किल आ रही है, इन्हें किन नाट्य प्रक्रियाओं से आसानी से बच्चे समझ सकेंगे।
ये प्रयोग किसी स्कूल में शुरुआती तौर पर कर पाना बहुत मुश्किल है। क्योंकि इस तरह के प्रयोग में गिजुभाई को भी कम मुश्किले नहीं आई थीं। वही मुश्किलें जिनका जिक्र मैं ऊपर कर चुका हूँ। यह काम करने का स्पेस, मौका और स्वतन्त्रता जितनी शिक्षक प्रशिक्षण विद्यालयों में हो सकती है उतनी कहीं नहीं। ये संस्थाएं प्री-सर्विस व पोस्ट सर्विस शिक्षक के काम को प्रभावित करती है।  इसलिए यह काम को शुरू करने का सबसे बढ़िया मंच ये संस्थाएं ही हो सकती हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ऐसा करेगा हमें यह उम्मीद जल्दी ही छोड़ देनी चाहिए। उसके तो राष्ट्रीय स्वरूप पर भी प्रश्न चिह्न लगते रहे हैं। उसने एक अलग ही तरह की संस्कृति विकसित की है। उसपर चर्चा विषयांतर हो जाएगा। नाटक शिक्षाशास्त्र हो सकता है शुरू में मुझे भी यह विचार किताबी लगता था लेकिन जब-बच्चों व शिक्षकों के साथ काम करते हुए इसमें डूबा तो वास्तविक अनुभव व आनंद महसूस किया।   

एक अनुभव दूसरे को समझना का
जिस कार्यशाला की बात मैं कर रहा था,  उसके अंतिम दिन ड्रेस रिहर्सल के वक़्त जब हम लड़कियों से मिले, सब के बीच तीन-चार लड़कियाँ टोपियाँ (स्कल कैप) पहन कर बैठी हुई थीं। ये मौलवी की भूमिकाएँ निभा रहीं थीं। हमारा स्वाभाविक सा सवाल था, ‘‘अरे वाह! ये कहाँ से लीं?‘‘ ‘‘हमने खुद सिली हैं।” ‘‘किसने सिली हैं?” इसके जवाब में मुझे उम्मीद थी कि मेहरून, हसीना, हिना या शहनाज़ का नाम आएगा, लेकिन, लड़कियों ने समवेत स्वर में कहा, ‘‘सर, सुनीता ने सिली हैं, ये सारी टोपियाँ।” अब हमारे लिए अटकलें लगाने के लिए बहुत कुछ था। क्या सुनीता टोपियाँ सिल सकती है, क्या सुनीता पहले से टोपियाँ सिलती रही है? या फिर नाटक बनाने की प्रक्रिया ने सुनीता को मजबूर कर दिया और उसने अपने आप उन्हें सिल दिया। दरअसल, इस दृश्य को इस तरह से भी होता हुआ देखा जा सकता है-सुनीता विद्यालय में सीखे अपने सिलाई कौशल से उत्साहित होकर मेहरून, हसीना, शहनाज़ व हिना से मिली होगी। जिस चरित्र के लिए टोपी सिली गई, उस पर बात हुई होगी, उससे परे मज़हबों पर भी बात हुई होगी। और, टोपी सिलते-सिलते कितने मज़हबी फ़ासलों की इन लड़कियों ने तुरपाई की होगी। कितने ही रिश्तों को रफ़ू किया होगा ? कौन कह सकता है, हमेशा साक्ष्यों की तलाश बेजा बात है। कुछ मामलों में हमें संभावनाओं को ध्यान में रख कर प्रक्रियाओं को छेड़ना भर है। कई बार परिणाम साक्षी होते हैं । साक्ष्य हमेशा हों, यह ज़रूरी तो नहीं।
नाटक के एक दृश्य में जब हसीना काठात अज़ान लगाती है तो उसकी सहपाठी दुर्गा मुसल्ला बिछा कर किसी मौलवी की तरह नमाज़ अदा करने लगती है। वही दुर्गा, जो एक दिन पहले नमाज़ के दृश्य में खुद को बहुत असहज महसूस कर रही थी ! लगभग इन्कार कर दिया था। फिर एक ही दिन में क्या हुआ? आज के दृश्य और कल की स्थिति के दरम्यान ज़रूर एक पूर्वरंग विद्यालय के आवासीय समय में रचा गया होगा। जो आपको दिखाई नहीं देखा आपके संतोष के लिए परिणाम है। यही स्थिति गणेश की आरती वाले दृश्य में थी। एक लड़की कोरस से निकल कर आगे आकर गणेश बनती है। बाकी लड़कियों का समवेत स्वर में आरती-गायन। नाटक का उद्देश्य हिन्दू या मुस्लिम धर्मों की उपासना पद्धतियों को देखना-सीखना नहीं हो सकता। बल्कि, नाटक दूसरे की जगह खुद को रख कर दूसरे के नज़रिए को समझना शुरु करता है, ताकि अपने धर्म के साथ-साथ दूसरे के धर्म का अहतराम कर सकें। दरअसल, इन नाटक खेलती लड़कियों की शक्ल में हिंदुस्तान के सेक्यूलर यानी धर्मनिरपेक्ष मुस्तकबिल का ब्लू प्रिंट दिखाई दे रहा है।

सारांश : सहज मार्ग नाटक 
निस्संदेह क्षेत्रिय संस्कृतियों के उत्थान के प्रयास होने चाहिए। और इसके लिए रंगमंच बेहतर माध्यम है। क्योंकि यह एक्शन थियरि – ज्ञान, भावना व कर्म तीनों को साथ लेकर चलता है। क्योंकि क्षेत्रीय संस्कृतियों का उन्नयन यदि मस्तिष्क की खिड़कियां खोलकर नहीं हुआ तो हम पूरी दुनिया में एक ऐसी जमात तैयार कर देंगे जो इतनी असहिष्णु हो जाएगी, परिणामस्वरूप कभी बामियान में बुद्ध की प्रतिमाएं गिराएगी, लेनिन या अंबेडकर की मूर्तियों  को उखाड़ेंगी, फिल्मों के पोस्टर फ़ाड़ेंगी, पेंटरों को और लेखकों को निर्वासित करवाएगी और अंततः गोली मारकर खामोश करने की कोशिश करेगी। इसकी सिर्फ और सिर्फ एक ही वजह है कि शिक्षा प्रक्रिया ज़िंदगी से आइसोलेशन में चल रही है। बच्चे विचारों को सूचनाओं की तरह ग्रहण कर रहे हैं। वैचारिक प्रक्रिया में ज्ञान का निर्माण नहीं कर रहे हैं। विरोधी विचार की कद्र करने के अभ्यास देने अब बंद कर दिए गए हैं। क्या यही थी इंडियन इंटेक्चुअल ट्रेडिशन? वैदिक शास्त्रार्थ को ही लें तो अपना विचार को प्रतिष्ठित करने से पहले विरोधी के विचार को वक्ता द्वारा पहले स्थापित करता था फिर उसकी सीमाओं पर बात होती थी तत्पश्चात अपने पक्ष की बात की जाती थी।
ये सभी ज़िंदगी की यथार्थ समस्याएँ हैं इनके हल ज़िंदगी के रास्ते पर चल कर ही निकाले जा सकते हैं। सिर्फ एक ही माध्यम है जो कक्षा में ज़िंदगी को संपूर्णता में उद्घाटित कर दे, वह नाटक है।  

दलीप वैरागी
मोबाइल:  9928986983
ई-मेल:  dalipvaragi@gmail.com



Thursday, May 18, 2017

ग्रीष्म नाट्य उत्सव 2017 : उसके इंतज़ार में उर्फ आखिर तक सुर बदल गया

ग्रीष्म नाट्य उत्सव 2017 अभी समाप्त होकर चुका है। उत्सव की समीक्षा लिखी जानी है। हर इवेंट की समीक्षा लिखे जाने से पहले मेरे सामने यही बुनियादी सवाल होता है कि समीक्षा क्यो लिखी जाए। समीक्षा यदि जवाब है तो फिर वह सवाल क्या है? मैं सवाल की तलाश में लग जाता हूँ। जवाब तो सामने है, सवाल तक पहुँच की कोशिश ही मेरे लिए समीक्षा है।  इस ग्रीष्म नाट्य उत्सव में तीन दिनों में (12-14 मई 2017) चार रंग प्रस्तुतियाँ हुईं
·        मैरिज प्रपोज़ल
·        आधी रात के बाद
·        मरणोपरांत
·        उसके इंतज़ार में
पहले दिन की समीक्षा पूर्व में आ चुकी है उसे इस लिंक पर पढ़ा जा सकता है।
नाटक “आधी रात के बाद” शंकर शेष का लिखा हुआ नाटक है, जिसे जयपुर के युवा रंगकर्मी शिव सिंह पलवात ने निर्देशित किया। इस नाटक में दो मुख्य पात्र है एक चोर और जज। चोर चोरी से इतर उद्देश्य के तहत एक जज के घर रात को घुसता है और जज से कहता है कि वे पुलिस को फोन करे ताकि वह जेल जा सके। यह नाटक सहज ही समय की उस विडम्बना को भी संप्रेषित कर जाता है कि व्यक्ति समाज से अधिक जेल में सुरक्षित है। बेहद कसे हुए कथोपकथन विधान  में यह नाटक कसावट के साथ आगे बढ़ता है शिव सिंह पलवात व योगेंद्र अगरवाल ने अपनी भूमिकाओं के साथ पूरा न्याय किया। पार्श्व ध्वनियों का बहुत सुंदर प्रयोग किया। पृष्ठभूमि में घड़ी की टिकटिक समय की गतिशीलता को बखूबी प्रदर्शित कर रही थी। यदि बेचैनी तनाव के क्षणों में यह ध्वनि तीव्र होकर फिर धीरे होती तो और भी प्रभाव पैदा करती। सम्पूर्ण प्रभाव पैदा करने में यह नाटक पूर्णत: सफल रहा।
तीसरे दिन दो प्रस्तुतियाँ हुईं - सुरेन्द्र वर्मा द्वारा लिखित व अंकुश शर्मा द्वारा निर्देशित लघुनाटक “ मरणोपरांत” तथा प्रदीप कुमार द्वारा लिखित व देशराज मीना द्वारा निर्देशित नाटक “उसके इंतज़ार में”। मरणोपरांत दो पुरुषों की दास्तां है जो एक ही महिला को चाहते हैं। एक पति(अंकुश शर्मा) है तो दूसरा प्रेमी(कृश सारेश्वर) है । जैसा कि नाटक के नाम से ही स्पष्ट है कि महिला के मरणोपरांत पति को पता चलता है कि उसकी ज़िंदगी में कोई और पुरुष भी है। दोनों पुरुष मिलते हैं यद्यपि दोनों एक दूसरे को नाकाबिले बर्दाश्त हैं लेकिन वे एक ऐसे सूत्र से जुड़े हुए हैं जो अब नहीं है। आद्यंत यह नाटक दोनों पात्रों  के माध्यम से रिश्तों में आई रिक्तता को प्रदर्शित करता है। यहाँ दोनों के सवाल हैं। और सवाल के दो रेस्पोंस है एक पहला जवाब और दूसरा खामोशी। अंकुश शर्मा ने नाटक के पात्रों की ज़िंदगी की रिक्तता को पकड़ा और नाटक के संवादों के मध्य में जगह-जगह फैला दिया। इस नाटक  में सन्नाटे को रूपायित करने का बखूबी प्रयोग किया गया है। इस सन्नाटे को और गहरे रंग देने का काम किया मदन मोहन के संगीत ने। जहां वे नाटक में चंद क्षणो के लिए मंच पर सहयोगी भूमिका में दिखाई देते है वही वे ज्यादार समय बैक स्टेज में रहकर संवादों के दरम्यान पसरे सन्नाटे को अपने आलापों के माध्यम से गहरे अर्थ देते हैं।
तीसरे दिन की अंतिम प्रस्तुति थी प्रदीप कुमार द्वारा लिखित व देशराज मीना द्वारा निर्देशित नाटक – “उसके इंतज़ार में”।  इस नाटक में प्रदीप कुमार ने स्वयं अभिनय भी किया। जब वे मंच पर आते हैं तो वे नाटक के संवादों के अतिरिक्त अपनी रंगकर्मियों और समसामयिक मुद्दों पर आशु टिप्पणियों से दर्शकों को अपने साथ बांध लेते हैं। ऐसा लगता है कि उनका मंच कवि नाटक में भी उनके अवैतनिक सहयोगी के रूप में आकार खड़ा हो जाता है। प्रदीप में गजब की संप्रेषणीयता है।
जहां कवि व अभिनेता के रूप में प्रदीप बेजोड़ हैं वहीं उनके नाटककार व निर्देशक से कुछ सवाल पूछा जाना जरूरी हो जाता है। ज्ञातव्य है कि “उसके इंतज़ार में” नाम से प्रदीप पहले भी एकल नाटक प्रस्तुत कर चुके हैं जिसके लिए उन्हे बहुत सराहना मिल चुकी है। इस बार इसे टीम के रूप में प्रस्तुत किया गया। नाटक दो दृश्यों में विभाजित है। वस्तत: ये दो दृश्य न होकर फॉर्म के स्तर पर दो नाटक दिखाई हैं देते हैं। जिन्हें एक नाटक में पिरोने का पूर्णतया विफल व निरर्थक प्रयास  किया गया था। दोनो के जोड़ने में इसका जोड़ ज्यादा मुखरित हो रहा है। इन दोनों नाटकों में एक ही समानता है कि दोनों का मूल कथ्य एक है।  लेकिन पूर्वार्द्ध  का काम उत्तरार्द्ध  के बिना और उत्तरार्द्ध का पूर्वार्द्ध के बिना चल सकता है। नाटक “उसका इंतज़ार... ” जब शुरू होता है तो मंच पर दो अभिनेता ऋषभ एवं हेमेन्द्र सिंह आते है और गज़ब संवाद अदायगी, गति व टाइमिंग से पूरे दृश्य में आखिर तक अपनी सशक्त उपस्थिति से दर्शकों को प्रभावित करते हैं। मंच पर अस्त अस्त व्यस्त सज्जा उनके अभिनय में सहयोग प्रदान करती है। पहले दृश्य के खत्म होने के पश्चात एक कौतूहल के साथ पूर्वानुमान था कि नाटक में आगे जाकर एक क्लाइमेक्स बनेगा और उस बिन्दु पर नाटक खत्म होगा। लेकिन दूसरे दृश्य में नाटक का सुर ही बदल जाता है। ऐसा लगता है कि मुखड़ा किसी राग में है और अंतरा दूसरे राग में । फॉर्म का घालमेल हो जाता है। पूरे मंच पर प्रदीप अतिव्यापित हो जाते हैं। पहले दृश्य के सशक्त चरित्र ओझल हो जाते हैं। या यूं कहे कि प्रदीप उन्हे सोख लेते हैं । वे पृष्ठभूमि के साय मात्र बनकर रह जाते हैं। देशराज इस नाटक के निर्देशक है। वे तार्किक रूप से इस नाटक में यह जस्टिफ़ाई नहीं कर पाते हैं कि जब उत्तरार्द्ध का दृश्य एकल है तो मंच पर उपरोक्त तीनों नाटकों के अभिनेताओं कों क्यू झोंक देते है। जबकि उनकी जरूरत नहीं थी। देशराज इस  नाट्य उत्सव के सशक्त अभिनेताओं कों मंच पर क्यूँ छितरा देते हैं। पृष्टभूमि के ये अभिनेता नाटक मे सहयोग करने की बनिस्पत नोइस ही क्रिएट कर रहे थे। उम्मीद है कि प्रदीप अपने नाटक के फॉर्म पर पुनर्विचार करेंगे। मुझे लगता है इसके पीछे प्रदीप जी के साथ एक जनरल फिनोमिना  भी है जो उनकी विवशता बन रहा है कि खुद के लिखे आलेखों पर ही काम करना। मुझे लगता है कि प्रदीप कुमार को इसे बदलना चाहिए और दूसरे लेखकों के आलेखों पर भी काम करना चाहिए।
देशराज की एक खूबी यह रही कि मंच विधान ऐसा रखा जो सभी नाटकों कों सपोर्ट करे। जाहीर है आलेखों के चयन में उनकी सूजबूझ रही होगी जो कि कबीले तारीफ है। तीसरे दिन तक देशराज मीना टिकटिया दर्शको की संख्या पहले दिन के अनुपात में बढ़ाने में कामयाब रहे। काश इसी अनुपात में टिकटिया रंगकर्मी भी बढ़ते। खैर, सभी कों बधाई जो इस आयोजन ने जुड़े, उन्हें भी जो नहीं जुड़े।

 -(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

अलवर में 'पार्क' का मंचन : समानुभूति के स्तर पर दर्शकों को छूता एक नाट्यनुभाव

  रविवार, 13 अगस्त 2023 को हरुमल तोलानी ऑडीटोरियम, अलवर में मानव कौल लिखित तथा युवा रंगकर्मी हितेश जैमन द्वारा निर्देशित नाटक ‘पार्क’ का मंच...