Showing posts with label KISHOR. Show all posts
Showing posts with label KISHOR. Show all posts

Tuesday, March 10, 2015

नाटक संभावनाओं का मंच (भाग-3) : धीरे-धीरे आइसबर्ग का बाहर आना

 पूर्व रंग
इस शृंखला में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नाट्य कार्यशालाओं के अनुभवों व उनसे बनी समझ को सँजोने की कोशिश की गई है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सरकार द्वारा संचालित आवासीय विद्यालय हैं। केजीबीवी में समाज के गरीब व वंचित तबके की लड़कियाँ वहीं रह कर कक्षा छ: से आठ तक शिक्षा हासिल करती हैं। यहाँ उन्हें सभी आवासीय सुविधाएं व शिक्षा नि:शुल्क उपलब्ध हैं। यहाँ उन लड़कियों को प्रवेश प्राथमिकता से दिया जाता है, जिन्हें कभी स्कूल जाने का अवसर नहीं मिला है। इसके अलावा वे लड़कियाँ भी आती हैं, जो कभी स्कूल गई थीं, पर कुछ दर्ज़े पार करने के बाद ही उनकी पढ़ाई बीच में छूट गई। संधान पिछले पाँच वर्षों से राजस्थान के केजीबीवी के साथ गुणवत्ता युक्त शिक्षा के लिए कार्य कर रहा है। केजीबीवी में जिस तरह की लड़कियाँ नामांकित होती हैं, उनके साथ ऐसी प्रक्रियाएँ अपनाने की ज़रूरत होती है जिससे वे तेज़ गति से सीख सकें, शीघ्रता से पढ़ने-लिखने के बुनियादी तरीके हासिल करें जो उन्हें अपनी कक्षा की अपेक्षित दक्षताओं तक पहुँचने में मदद करें। इसके साथ उनमे न्होंसला कायम हो कि वे सीख सकती हैं। इसी सोश के तहत अजमेर व बीकानेर के केजीबीवी में थियेटर कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। यहा उनके अनुभवों का विवरण है। इसका उद्देश्य यही है, कि इन अनुभवों से जो सीख उभर कर आती है, उसके आधार पर शिक्षिकाएँ अपने प्रयोग कर सकें। 
 धीरे-धीरे आइसबर्ग का बाहर आना
नाट्य कार्यशालाओं की शुरुआत हमने बीकानेर के  केजीबीवी (जैतासर ) से की थी। पहले ही प्रयास में हमें उत्साहित करने वाले नतीजे मिलने लगे, जिन्होंने हमें आगे इस प्रक्रिया को अन्य केजीबीवी में बेहतर ढंग से योजना बना कर ले जाने में मदद की। यों तो, हम यहाँ लगभग तीस-पैंतीस लड़कियों के  साथ काम कर रहे थे, लेकिन इस प्रक्रिया में कुछ लड़कियों की प्रतिभा अप्रत्याशित रुप से निखर कर सामने आई, जिसे पिछले दो-तीन सालों से किसी ने दर्ज नहीं किया था। कार्यशाला शुरु करने के पहले ही दिन से एक नाम हम सबके सामने था- परमेश्वरी जाट। पढ़ने में होशियार, चेहरे पर चमक, एकदम चुस्ती-फुर्ती वाली, किसी न किसी से कोई न कोई बात करते रहने वाली, अभिव्यक्ति में एकदम बेबाक है परमेश्वरी जाट। इसलिए वह शिक्षिकाओं की भी चहेती है। यह हो नहीं सकता कि आप केजीबीवी में चंद घंटांे के लिए जाएँ और परमेश्वरी के नाम से नावाकिफ़ रहें। थोड़ी ही देर में आप परमेश्वरी से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकते। यह लड़की आत्मविश्वास से कितनी लबरेज़ थी, उसका उदाहरण देखें। मेरे साथी संजय नाटक के लिए पात्रों को चुन रहे थे। लगभग सभी लड़कियाँ संजय को घेरे हुए थीं। सब अपना नाम अभिनय के लिए लिखवाना चाहती थीं। इन सबसे दूर परमेश्वरी एक तरफ़ खड़ी हुई थी। मैंने उससे पूछा ‘‘परमेश्वरी, आप नाटक में एक्टिंग नहीं करेंगी क्या?’’ उसने कहा, ‘‘करुँंगी, सर!’’ मैंने कहा, ‘‘आपने नाम क्यों नहीं लिखवाया?’’ परमेश्वरी बड़ी मजबूती से बोली, ’’मुझे लिखवाने की ज़रुरत नहीं, मेरा नाम तो आ ही जाएगा।’’ मुझे परमेश्वरी का जवाब अचंभित कर गया। मुझे पहली बार उसे लेकर हल्की सी चिंता हुई। क्या परमेश्वरी इस आत्मविश्वास को जीवन में आगे सँभाल पाएगी? क्या यह आगे चल कर दंभ या निरंकुश आत्मप्रवंचना में तो रूपांतरित नहीं हो जाएगा, जो उसे अलग-थलग खड़ा कर देगा ? फिर मुझे राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा में दिया गया वह वायदा भी याद आया कि बच्चों को ऐसी शिक्षा दी जाए जिससे वे अपने को किसी मुगालते में न रखें। लेकिन, इसका एक दूसरा सच यह भी था कि परमेश्वरी के आलोक वृत्त की परिधि ऐसी थी कि और भी लड़कियों के नाम थे जो रोशनी में नहीं आ पाते थे। उन अंधेरे पक्षों पर रोशनी डालने का काम नाट्य कार्यशाला ने किया।
इसकी शुरुआत हुई पूजा सुथार से। पूजा एकदम चुप रहने वाली लड़की है। मैं अपने काम के साथ-साथ कैमरे से तस्वीरें लेने का काम भी कर रहा था। तभी पूजा ने आकर धीरे से कहा ‘‘सर, दूसरे समूहों में जो काम चल रहा है, क्या वहाँ की कुछ तस्वीरें मैं ले कर आऊँ?‘‘ मैंने उसे कैमरा दिया, उसे मोटे-मोटे फं़क्शन समझाए। जब उसके द्वारा ली गई तस्वीरों को देखा तो हम दंग रह गए। एकदम किसी प्रोफ़ेशनल की तरह उसने तस्वीरों को क्लिक किया था। इसके बाद हमने व शिक्षिकाओं ने निर्णय लिया कि अब शेष कार्यशाला की तस्वीरें पूजा ही लेगी। उसमें ज़बर्दस्त आत्मविश्वास जागा। तीन दिन में ही। पूरे केजीबीवी में वह अब पूजा फ़ोटोग्राफ़र के नाम से जानी जाती है। इस तरह से केजीबीवी के आकाश पर एक और जुगनू रोशन हुआ।
दूसरी लड़की है कुसुम, जिसने इस अश्वमेध यज्ञ के घोडे़ की लगाम थामी। कुसुम भी अभी तक उन लड़कियों में शामिल थी, जिसके लिए हम तय नहीं कर पा रहे थे कि उसे क्या जि़म्मेदारी दी जाए। इस वक़्त हम उन लड़कियों की तलाश कर रहे थे जो कोरस के लिए सुर में गा सकें। एक-एक कर सभी लड़कियों से गाना गाकर देखने के लिए कहा जा रहा था। किसी का भी जम नहीं रहा था। परमेश्वरी बार-बार गाकर कोशिश करने की बात कह रही थी। और भी लड़कियाँ एक मौका और देने को कह रही थीं। इस बार सब लड़कियों को एक साथ गाने के लिए कहा गया। पूरा समूह जब गा रहा था, तभी एक सुर कहीं से ऐसा आता सुनाई दिया, मानो गहन अंधेरे वन में कहीं से सूरज की एक अकेली किरण अंधेरे को चीरती हुई धरती तक पहुँची हो और हमें राह दिखा गई हो। यह आवाज़ थी कुसुम की। इस बार कुसुम को अकेले गाने दिया तो वह छा गई- एकदम सुरीली व लयबद्ध कुसुम। अब वह पूरे कोरस का नेतृत्व करेगी। भूमिका में एक बदलाव और आया। अब वह सूत्रधार की भूमिका में भी होगी। अब कुसुम की पहचान गायिका कुसुम के रुप में बनने लगी है। इस सब के दरम्यान परमेश्वरी में एक बदलाव आने लगा। वह टीम का हिस्सा बन कर नज़र आने लगी। गाने के वक़्त वह कोरस का हिस्सा थी और अभिनय के वक़्त वह मंच के बीच थी। ये महज़ इक्के-दुक्के नाम नहीं हैं, जिनका यहाँ उल्लेख किया गया है। प्रत्येक कार्यशाला में ऐसी बहुत सी लड़कियाँ थीं, जिनकी संभावनाएँ आइसबर्ग यानी समुद्री हिमशैल के रूप में निकल कर आयीं।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

Sunday, March 8, 2015

नाटक संभावनाओं का मंच (भाग 2) : नाटक क्या करता है


 पूर्व रंग
इस शृंखला में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नाट्य कार्यशालाओं के अनुभवों व उनसे बनी समझ को सँजोने की कोशिश की गई है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सरकार द्वारा संचालित आवासीय विद्यालय हैं। केजीबीवी में समाज के गरीब व वंचित तबके की लड़कियाँ वहीं रह कर कक्षा छ: से आठ तक शिक्षा हासिल करती हैं। यहाँ उन्हें सभी आवासीय सुविधाएं व शिक्षा नि:शुल्क उपलब्ध हैं। यहाँ उन लड़कियों को प्रवेश प्राथमिकता से दिया जाता है, जिन्हें कभी स्कूल जाने का अवसर नहीं मिला है। इसके अलावा वे लड़कियाँ भी आती हैं, जो कभी स्कूल गई थीं, पर कुछ दर्ज़े पार करने के बाद ही उनकी पढ़ाई बीच में छूट गई। संधान पिछले पाँच वर्षों से राजस्थान के केजीबीवी के साथ गुणवत्ता युक्त शिक्षा के लिए कार्य कर रहा है। केजीबीवी में जिस तरह की लड़कियाँ नामांकित होती हैं, उनके साथ ऐसी प्रक्रियाएँ अपनाने की ज़रूरत होती है जिससे वे तेज़ गति से सीख सकें, शीघ्रता से पढ़ने-लिखने के बुनियादी तरीके हासिल करें जो उन्हें अपनी कक्षा की अपेक्षित दक्षताओं तक पहुँचने में मदद करें। इसके साथ उनमे न्होंसला कायम हो कि वे सीख सकती हैं। इसी सोश के तहत अजमेर व बीकानेर के केजीबीवी में थियेटर कार्यशालाएँ आयोजित की गईं। यहा उनके अनुभवों का विवरण है। इसका उद्देश्य यही है, कि इन अनुभवों से जो सीख उभर कर आती है, उसके आधार पर शिक्षिकाएँ अपने प्रयोग कर सकें। 

नाटक क्या करता है

आज हम जिस दौर से गुजर रहे हैं, उसमें शिक्षा से बहुत अपेक्षाएँ हैं। लेकिन, वस्तुस्थिति यह है कि शिक्षा से जितनी अपेक्षाएँ की जा रही हैं, नाउम्मीदी उससे कहीं ज्यादा मिल रही है। इस नाउम्मीदी के चलते निरंतर शिक्षा व्यवस्था से असंतोष बढ़ता ही जा रहा है। सब चाहते हैं कि हमारे बच्चे को गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिले। ऐसी शिक्षा जिससे गुज़रकर बच्चा एक बेहतर नागरिक बने। अच्छे नागरिक से बराबरी, न्याय, संवेदनशीलता, मिलकर रहना, मिलकर काम करना व सहयोग जैसे सामाजिक व संवैधानिक मूल्यों की अपेक्षा की जाती है। साथ ही उससे यह भी अपेक्षा की जाती है कि उसमे व्यक्तित्व के कुछ महत्वपूर्ण पहलू कल्पनाशीलता, सृजनशीलता, प्रभावी सम्प्रेषण व समस्या समाधान के कौशलों का भी विकास हो।
वर्तमान शिक्षा-व्यवस्था को देखने पर उपरोक्त गुणों के संदर्भ में निराशा ही हाथ लगती है। स्कूली अंत:क्रिया इतनी पाठ्यपुस्तक आश्रित है कि सारी शैक्षणिक प्रक्रियाएँ पाठ्यपुस्तक में दे गई सूचनाओं व संकल्पनाओं को रटने के इर्द-गिर्द बुनी जाती हैं। इस सारी कवायद में बच्चे का ज्ञानात्मक पक्ष भले बढ़ता हो और शायद इस दिशा में वह कुछ विशेषज्ञता व कौशल भी प्रपट कर लेता हो, लेकिन क्या इस प्रक्रिया से समाज व देश आगे बढ़ा? क्या दरअसल खुद व्यक्ति भी? एक वक़्त था, जब देश की तमाम समस्याओं को हम गरीबी व अशिक्षा से जोड़ कर देखते थे। आजा स्थिति यह है कि प्रत्येक बच्चे को हम स्कूल में दाखिल करवा चुके हैं, लेकिन, संविधान के लक्ष्य – न्याय, बराबरी व स्वतन्त्रता फिर भी एक ख्वाब ही बने हुए हैं। आज जातिवाद व सांप्रदायिकता पहले से भी घिनौने रूप में हमारे सामने है। मीडिया के लिए “बिकाऊ मीडिया” विश्लेषण चलन में है। जजों की निष्पक्षता व नैतिकता संदेह के घेरे में है। इंजीनियरिंग पढ़ने वाले विद्यार्थी अपराध का रास्ता चुन रहे हैं। डॉक्टर का इलाज़ एक नया मर्ज़ दे जाता है। पुलिस पर किसी को यकीन नहीं है। नेताओं से उम्मीद नहीं है। भ्रष्टाचार आज अपने चरम पर है।
लब्बोलुआब यह है कि शिक्षा के नाम पर भले ही हम सभी बच्चों को स्कूल तक ले आए हों, लेकिन आज भी शिक्षा में उन संवैधानिक मूल्यों को स्थापित नहीं कर पाए हैं जो किसी इंसान को एक बेहतर नागरिक बनाते हैं। इन जीवन-मूल्यों का शिक्षा में न आने का सबसे बड़ा कारण है, शिक्षा में ज़िंदगी व जीवंत अनुभवों का न आ पाना। सच्चाई, ईमानदारी, बराबरी, संवेदनशीलता व सहभागिता, ये ज़िंदगी के जीवंत मसले हैं। ये अभ्यास से ही ज़िंदगी में साधे जा सकते हैं। लेकिन, इन्हें साधने का अभ्यास हमारी कक्षा में दिखाई नहीं देता है, वहाँ सिर्फ़ है – इन्हें ग्रहण करने की अनंत उपदेश शृंखला या फिर दीवारों पर लिखे सुभाषित वाक्य, जो दीवार का चूना छूटने के साथ ज़िंदगी में भी पपड़ाए से लाग्ने लगे हैं।  जीवन-मूल्यों का अभ्यास जिंदगी में ही हो सकता है। ऐसा हमारे पास क्या है जो जिंदगी को कक्षा में अभ्यास के लिए हाज़िर कर सके या फिर उसका वहाँ सृजन कर सके। जब भी किसी ऐसे माध्यम को तलाशते हैं जो जीवन को कक्षा में उतार सके, तो एक ही माध्यम नज़र आता है – नाटक। नाटक ही वह ज़रिया जो ज़िंदगी को हूबहू कक्षा में थोड़ी देर के लिए सर्जित करता है। यहाँ नाटक के उन मजबूत पहलुओं पर बात करते हैं जो हमारी शिक्षण प्रक्रियाओं को जीवंत बनाते है।
संवेदनशीलता
जब किसी नाटक में हम कोई भूमिका कर रहे होते हैं तो थोड़े वक़्त के लिए ही सही, हम खुद से हट कर किसी और ज़िंदगी को जी रहे होते हैं। इसके दो पहलू है। एक तो इस प्रक्रिया में खुद से बाहर होकर स्वयं को तटस्थ भाव से देखते हैं। जब खुद को बाहर से देखते है तो फिर ‘मैं’ कहाँ रह जाता है? मैं की गैरहाज़री अहम को अपदस्त करती है। दूसरे हम जब खुद को दूसरे की जगह रख कर देख रहे होते हैं, तो हमें अपनी स्थिति पता चलती है। मसलन, हम किसी नाटक में हिटलर की भूमिका कर रहे होते हैं तो यह ज़रूरी नहीं कि हम हिटलर के विचारों से सहमत हों, लेकिन हम भूमिका निभाते हुए समस्या को हिटलर के नज़रिये से देखते ज़रूर है। समस्या समाधान के लिए नेगोसिएशन यानी बातचीत तभी संभव है जब हम समस्या को दूसरे के नज़रिये से देखना शुरू करते हैं। किशोरावस्था में रिश्तों के दरम्यान जो टकराहट सामने आती है, उसका प्रमुख कारण ही एक दूसरे के नज़रिये को नहीं समझ पाना ही है। एक लड़की घर से बाहर सहेली के साथ बाज़ार जाना चाहती है और उसके पिता, माँ या कोई बड़ा, सख्ती से माना कर देते हैं। अब, समाधान कि ओर तभी बढ़ा जा सकता है जब समस्या को उसके परिवारजनों के नज़रिये से भी देखा जाए।
सहभागिता
नाटक की प्रक्रिया में टीम वर्क बहुत ज़रूरी है। किसी भी नाटक के बनने की शुरुआत ही समूह-कार्य से होती है। बच्चों से नाटक करने को कहते ही वे एक से दो व दो से तीन होने शुरू हो जाते हैं। नाटक के साथ-साथ ही समूह बनना शुरू हो जाता है। नाटक में यह ज़बरदस्त ताकत कि यह एक छाते की तरह काम करता है, जिसके नीचे नृत्य, गीत-संगीत, चित्रकला, मूर्तिकला इत्यादि कलाएं आ जाती हैं। फलत:, नाटक इस वजह से अपने में विभिन्न रुचियों व आयामों वाले लोगों को जोड़ लेता है।
अभिव्यक्ति
नाटक बच्चों को मंच प्रदान करता है ताकि वे खुद को अभिव्यक्त कर सकें। नाटक के माध्यम से वे अपनी भावनाएँ, विचार व अपने सपने लोगों के सामने रख सकते हैं, जो वे सामन्यात: नहीं कर पाते। इसी श्रंखला में आगे लिखा है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तबीजी में लड़कियों ने अपना नाटक इसी विषय पर तैयार किया कि वे क्या चाहती हैं? उन्हें क्या अच्छा लगता है? वे क्या बनना चाहती हैं या इसके अलावा उनके माँ में किस प्रकार के भय हैं। इन बातों को कहने का मौका हमारे घर व समाज में कहाँ मिलता है! अपने सपनों को दूसरों के सामने रखना, अपने दिलों की गाँठ खोलना व अपने ज़ख़्मों को हवा दिखने का काम नाटक बखूबी करता है। जब हम इसके अभ्यास नाटक में करते हैं तभी असल ज़िंदगी में कहने का हौसला बन पाता है।
सम्प्रेषण
 नाटक क्या-क्या कर सकता है, इसकी असीम संभावनाएं है। लेकिन नाटक का एक प्रमुख पहलू है कि यह विद्यार्थियों सम्प्रेषण कौशल को माँजता है। नाटक की हर कड़ी में सम्प्रेषण के अनगिनत अभ्यास है। अपनी बात को कहने के अलग-अलग आयाम, आवाज़ को ठीक करने के लिए वाक् – यंत्र को साधना, दूसरे के नज़रिए   से सामने वाले को सुनना – इन सभी के नाटक में बहुत से अभ्यास मिलते है। सम्प्रेषण में दूसरे को सुनने का बड़ा महत्त्व है। आज के दौर में जिस तरह ‘अपनी ही बात’ को कहने और विरोधी विचार को बर्दाश्त न करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, उसे नाटक व्यवस्थित रूप से तोड़ता है। नाटक में कथोपकथन का अनुशासित तानाबाना होता है। उसमे दूसरे की पंक्तियों को सुने बगैर हम अपना संवाद नहीं बोल सकते हैं। संवादों के इसी अनुशासित विधान में दूसरे को व विरोधी विचार को सुनने के इतने व्यवस्थित अभ्यास मिलते हैं कि यह एक मूल्य के रूप में अवचेतन पर अंकित होता है। वहीं यह एक कौशल के रूप में भी सामने आता है।
समस्या- समाधान

नाटक तैयार करने की प्रक्रिया विद्यार्थियों को अपने जीवन की वास्तविक समस्याओं के समाधान का अभ्यास एक सुरक्षित वातावरण में प्रदान करती है। यहाँ वे उस समस्या के परिणामों को भोगने के भय से मुक्त होते हैं। नाटक में जब हम दूसरे की भूमिका कर रहे होते हैं, तब उस चरित्र के सामने आने वाली दुविधाएँ व द्वंद्व अपने जीवन की समस्याओं का विश्लेषण करने के अभ्यास देते है। मुझे याद है, बचपन में जब घर के बड़े लोग खेत में काम करते थे तो हम भी पास में ही अपनी छोटी सीए क्यारी बना लेते थे और फिर उसमें हल चलना, बीज बोना, सिंचाई करना, फसल काटना इत्यादि, अभिनय खूब करते थे। दूसरे के खेत में पशु चराना, खेत की मेड़ तोड़ना, बंटवारा, पानी की बारी को लेकर झगड़ा – इन सभी का अभिनय हम किया करते थे। मुख्य बात यह थी कि इस अभिनय में भविष्य में आने वाली समस्याओं को सुलझाने की हम तैयारी कर रहे थे, वहीं पर अभी उनके जोखिमों से हम मुक्त थे। 
इन अनुभवों का प्रकाशन संधान द्वारा प्रकाशित किया जा चुका हैजिसे पीडीएफ़ में पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर सकते हैं - नाटक : संभावनाओं का मंच   
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Tuesday, July 2, 2013

KGBV (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय) : लड़कियों की क्षमताओं पर भरोसा करना

फरवरी का महीनाDSC00127 राजस्थान के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शैक्षणिक मेलों के माहौल का होता है। इन मेलों मे लड़कियां तरह – तरह की स्टॉल लगाती हैं जो उनके विषय की भी होती हैं और मस्ती की भी। इसमें वे खुद सीखती हैं और अपना मूल्यांकन भी करती हैं। ऐसे ही एक केजीबीवी (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय) में मैं मेले की तैयारियों मे शरीक होने गया था। कहीं पंडाल बनने की जगह की पैमाइश चल रही है, कहीं कोई मस्तूल गाड़ रहा है, कोई बंदनवार बना रही हैं, कोई माँड़ने तो कोई सीखने सिखाने की सामग्री। यहाँ लड़कियां, शिक्षिकाएँ, रिसोर्स पर्सन व शिक्षा से जुड़े सभी व्यक्ति मेले की तैयारियों में व्यस्त थे। जो व्यस्त नहीं थे वे व्यस्त दिखना चाहते थे। जो व्यस्त दिख रहे थे वे और व्यस्त होना चाहते थे। एक अधिकारी नुमा व्यक्ति जयपुर विभाग से आए थे। मेले मे सपोर्टDSC00110 के लिए या फिर... देर तक व्यस्त होने की कोई तरकीब खोजते रहे कि कैसे व्यस्त हुआ जाए। आखिर उन्होने भी व्यस्त होने का एक माकूल सबब तलाश लिया, अपने रुतबे के हिसाब से। तुरंत हाजरी रजिस्टर तलब किया, पहले स्टाफ का फिर लड़कियों का। रजिस्टर दर रजिस्टर ये महाशय अपने को व्यस्त से व्यस्ततम बनाते रहे और स्टॉक, एसएमसी, कैश बुक इत्यादि मँगवाते रहे। साहब की व्यस्तता ने अब प्रधानाध्यापिका की व्यस्तता को एक नया आयाम दे दिया। जो पहले जरूरी समान की सूची लेकर बाजार के चक्कर लगा रही थी अब वह अलमारी से टेबल, टेबल से स्टोर रूम, स्टोर रूम से ऑफिस रूम का चक्कर लगा रही DSC00163थी।
व्यस्तता के इस दृश्य के परे सभी लोग वास्तव में ही मेले की तैयारियों में व्यस्त थे। और जैसा कि होता है कि सब रुकावटों के बावजूद भी शुभ काम हो ही जाते हैं, वैसे ही मेले की तैयारियां भी ज़ोरों से चल रहीं थीं। चलो अपने कैमरे को थोड़ा पैन करके विद्यालय के मैदान की और ले जाकर फोकस करते हैं। यहाँ रिसोर्स पर्सन व शिक्षिकाएँ किसी जरूरी चर्चा में व्यस्त हैं।
शिक्षिका 1 “सर, मेले का उदघाटन उदघाटन किससे करवाएँ ?”
रिसोर्स पर्सन “ लड़कियों का मेला है, लड़कियों को ही करना चाहिए। ऐसा गाइड लाइन में भी लिखा है।”
शिक्षिका 2 “किस लड़की से करवाएँ?”
शिक्षिका 1 “सबसे छोटी लड़की से करवा लेते हैं।”
शिक्षिका 3 “बड़ी से कटवाते हैं।”
रिसोर्स पर्सन “किसी भी एक लड़की को बोल दो।”
शिक्षिका 2 “सर, ऐसा करते हैं कि सभी लड़कियों के नाम की पर्चियाँ बना लेते हैं, जिसके नाम की पर्ची निकलेगी वही लड़की कल फीता काट लेगी।”
शिक्षिका 1 “भाई सौ – सौ परचियाँ लिखेगा कौन?”
रिसोर्स पर्सन “दो तीन लड़कियों को बोल दो वे लिख देंगी।”
इससे पहले लड़कियांDSC00156 जो कि पहले से ही मेले की तैयारियों में व्यस्त हैं, उन्हें अतिरिक्त व्यस्त किया जाए या उनकी व्यस्तता में कोई नीरस आयाम जुड़े या वे निरानंद की स्थिति में आएँ, मुझे लगा कि इस दृश्य में दखल देकर इसे बदलना चाहिए।
मैंने कहा, “जब मेले का उदघाटन लड़कियों को ही करना है तो क्यों न ये बात हम लड़कियों पे ही छोड़ दें कि वे किसे इसके लिए पात्र चुनती हैं।”
बात उन्हें अच्छी लगी लेकिन पूरी तरह न जाँचने का भाव उनके चेहरे पर था। शायद उन्हे लड़कियों की क्षमता पर पूरा भरोसा नहीं था। उन्होने कहा चलो लड़कियों को बोल देते हैं और वे शाम तक हमें नाम दे देंगी। मैंने फिर उन्हें रोका, “अभी लड़कियां तैयारी में लगी हैं। आप शाम को ही बोल दीजिएगा। विश्वास कीजिए वे इस मसले को 5 मिनट में निपटा देंगी।”
शाम को जब मेले का पंडाल सज गया। स्टॉल लग गईं और लड़कियों ने एक बार पूरी रिहर्सल करके देख ली तो वे कल के लिए आश्वस्त दिखीं। हमने लड़कियों को वहीं थोड़ी देर पंडाल में बैठने के लिए कहा। उनके बीच मे मुद्दा रखा। यहाँ तीन कक्षाएँ हैं छ:, सात व आठ। लड़कियों ने तीन समूहों में जाकर तुरंत तीन नाम तीनों कक्षाओं से चुन कर हमारे सामने रख दिए। अब तीन में से एक का फैसला कौन करे? यह ज़िम्मेदारी उन तीनों पर ही थी कि वे अपने में सेDSC00161 किसे चुनती हैं। वे तीनों एक तरफ गईं और 4-5 मिनट में एक का चयन करके वापस आ गईं। जिस लड़की कंचन को चुना वह आठवीं की लड़की थी। यह लड़की केजीबीवी में लीडरशिप के रोल में रहती है। हमें एक बार को लगा कि कहीं इस लड़की ने निर्णय को प्रभावित तो नहीं कर दिया। हमने उन तीनों से पूछा कि आपका निर्णय सहमति का है या फिर किसी तरह की दादागिरी से हुआ है।
कक्षा 6 की लड़की जो की दिखने में सबसे छोटी लग रही थी ने कहा, “हमने मिलकर फैसला किया है। कंचन दीदी आठवीं में है। इस साल स्कूल से पास होकर चली जाएंगी। इनके पास यह एक ही मौका है। हमारे पास अगले साल भी अवसर हैं। इसलिए हम दोनों ने यह अवसर कंचन दीदी को दिया है।”
वहाँ बैठे सब लोगों के के चेहरे खिल गए। लड़कियों ने सबको संवेदनशीलता, नागरिकता व लोकतंत्रिकता का जो पाठ पढ़ाया वह शायद सबको याद रहे। हम जो बच्चों के बीच काम करते हैं। रोज़ दिन के शिक्षण में हमारे पास ऐसे दसियों मौके आते रहते हैं जब हम उनकी क्षमताओं पर भरोसा कर सकते हैं। उनको करके सीखते हुए हम खुद भी सीख सकते हैं। लेकिन खुद का सीखना हमे रास आता नहीं है। हमेशा ऐसे मौकों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। हम सारा ज्ञान, सारी जिम्मेवारी खुद पर ही औढ़ लेते हैं। और दोनों के बोझ से दुहरे हुए जाते हैं। थक कर टूट जाते हैं। फिर शिक्षण से भी मुह फेर लेते हैं।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Monday, April 29, 2013

कहानी शिक्षण : पाठ्यक्रम के साथ और पाठ्यक्रम के आगे *

 
 
clip_image002यह एक अमेरिकी लोक कथा है।
अजमेर ज़िले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (केजीबीवी), तस्वारिया, केकड़ी,  में ‘प्रथम बुक्स की किताबों को उलटते-पलटते यह किताब हाथ में आ
गई। खूबसूरत चित्रों वाली इस किताब को मैं एक बार ही में पढ़ गया। दुबारा भी पढ़ा और दुबारा पढ़ने के साथ ही एक योजना मन में आकार लेने लगी कि इसे केजीबीवी की लड़कियों को कैसे सुनाना है। शिक्षिकाओं के साथ मिल कर सभी लड़कियों को आँगन में इकट्ठा किया और बातचीत शुरू की।
‘‘यह कहानी अमेरिका की है। ...आपने अमेरिका के बारे में सुन रखा है?” मैंने पूर्व
जानकारी को जाँचना चाहा,
‘‘हाँ...”
लड़कियों का लगभग समवेत स्वर उभरा।
‘‘कहाँ है अमेरिका?”
लड़कियों ने जवाब दिया - ‘‘नक्शे में, ग्लोब में, किताब में, टीवी में, अखबार में...”
मैं बोला - ‘‘सच ! कहाँ नहीं है अमेरिका !”
कहानी शुरू हुई। मुख्तसर में कहानी कुछ यूं हैं -
चतुर खरगोश ने आग चुराई
एक वक्त था जब इंसान व जानवर हिलमिल कर रहते थे। सर्दियों में खाना खत्म होने पर इंसान जानवरों को खाना दे देते थे लेकिन जानवरों को यह अच्छा नहीं लगclip_image004ता था कि इंसानों को जब ठण्ड लगती है तो वे उनकी कोई मदद नहीं कर पाते थे। उस वक्त लोगों के पास आग नहीं थी। आग तब राक्षसों के पास थी मगर वे उस पर पहरा रखते थे। जानवरों ने इस बारे में कुछ करना चाहा। खरगोश ने नेतृत्व किया और पंखों का एक मुकुट बनाया। फिर उसने राक्षसों के यहाँ जाकर उन्हें बेहद मज़ेदार लतीफ़े सुनाए, जिन्हें सुनकर हँसी के मारे उनके पेट में पड़ गए। जब हँसते-हँसते उनकी आँखों में पानी आने लगा तो खरगोश मुकुट में आग लेकर भागा। सब जानवरों ने बारी-बारी से मुकुट को थाम कर आग इंसानों तक पहुँचाई। इस जद्दोजहद में किसी की पूँछ जल गई, किसी की गर्दन और किसी का सारा शरीर काला पड़ गया...।

कहानी की शुरूआत से ही चर्चा शुरू हो चुकी थी। क्या अब भी जानवर हमसे हिलमिल कर रहते हैं? कौन-कौन से जानवर हमसे आज भी हिलमिल कर रहते हैं? हिलमिल के रहना किसे कहेंगे? वही जो हमारे साथclip_image006 रहते हैं... साथ तो गाय रहती है, भैंस, बकरी और कुत्ते भी रहते हैं... तो क्या छिपकली भी? नहीं वह नहीं... इसमें वही जानवर आएँगे जो हमारे साथ रहते हैं और हमारे काम भी आते हैं। पालतू जानवर हमसे मिल कर रहते हैं।
बहरहाल, कहानी आगे बढ़ी , कहानी में जानवरों के नाम भी आते रहे। कुछ देशी और कुछ खाँटी अमेरिकी। चित्र भी देखे गए, रेकून तो अपने बन्दर जैसा दिखाई देता है ! कोयोटी तो भेड़िए जैसा है... पीरू तो बिलकुल मुर्गे जैसा है।
कहानी खत्म होने पर लड़कियों से बात की कि इस किताब के आखीर में कहानी में आए उन जीवों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी हुई है जो अमेरिका में रहते हैं; क्या आप अमेरिका के बारे में और कुछ जानकारियाँ लेना चाहती हैं? जैसे वहाँ की जनसंख्या कितनी है, फसलें कौनसी होती हैं, मौसम कैसे होते हैं, इत्यादि। लड़कियों ने एक स्वर में हाँ कहा। मैंने पूछा कि आप यह सब कहाँ से पता करेंगी? उन्होंने कहा यह सब एटलस में clip_image008मिल जाएगा। इस तरह १०-१२ लड़कियों का एक समूह बन गया जिसे एटलस से उत्तरी अमेरिका महाद्वीप के बारे में जानकारियाँ एकत्र कर अगले दिन सभी लड़कियों के समक्ष रखना था। लड़कियों का एक और समूह भी इसी काम को करने में उत्साहित दिखाई दिया। इस समूह के पास काम तो वैसा ही था लेकिन चुनौती अलग तरह की थी। उसे एटलस के साथ काम करने के अलावा इकट्ठी की गई जानकारियों पर आधारित सवाल भी पूछने थे। ये सवाल पहले वाले समूह से पूछे जाने वाले थे। इस तरह अब एक चुनौती पहले वाले समूह के सामने भी थी।
कहानी में खरगोश दानवों से आग चुराने के लिए एक तरकीब सोचता है। क्या इस कहानी में आग हासिल करने में नेगोसिएशन यानी बातचीत द्वारा आदान-प्रदान के और भी तरीके हो सकते थे? इस काम को करने के लिए लड़कियों का एक समूह बना जिसे अपना कोई तरीका शामिल करते हुए कहानी को आगे बढ़ाना तय हुआ कि –
एक समूह इस कहानी पर नाटक तैयार करेगा।
एक समूह इस कहानी पर कठपुतली प्रदर्शन करेगा।
एक समूह कहानी को चित्रों में प्रदर्शित करेगा।
तब तक छुट्टी का वक्त हो चला था। सभी समूहों को रात को आवासीय समय के दौरान कार्य करना था। समूह आपस में मदद कर सकते थे और ज़रूरत पड़ने पर वार्डन व शिक्षिकाओं की मदद ली जा सकती थी। छुट्टी की घंटी बजी लेकिन किसी को आज उसकी परवाह नहीं थी। सब अपने-अपने काम में लगे हुए थे।
अगले दिन सभी लड़कियाँ तैयार थीं। अपने-अपने काम के प्रदर्शन के लिए पूरे आत्मविश्वास से लबरेज। सभी शिक्षिकाएँ व लड़कियाँ एक हॉल में इकट्ठे हुए। पहला और दूसरा समूह अलग-अलग खड़े हो गए। एक समूह को सवाल पूछने थे और दूसरे को जवाब देने थे। सवाल इस तरह थे –
- अमेरिका के सबसे बड़े बैंक का नाम?
-  डाक टिकट संग्रह करने का शौकीन राष्ट्रपति?
-  दास प्रथा का अन्त करने वाला राष्ट्रपति?
-  विश्व की सबसे बड़ी बस कहाँ है व इसकी लम्बाई क्या है?
-  अमेरिका के वन, फसलें, घरेलू पशु?
-  अमेरिका की आज़ादी... ओलम्पिक खेलों का बहिष्कार।
-  सबसे ज्यादा सल्फर डॉइ ऑक्साइड छो‹डने वाला देश... सबसे ज्यादा प्रदूषण
फैलाने वाला देश... इत्यादि।
धाराप्रवाह सवाल-जवाब सुन कर ऐसा लग रहा था मानों वे इसकी तैयारी में अमेरिका का कोना-कोना झांक आई हैं। सवालों की शुरूआत में ही लग गया था कि उनकी खोजबीन सिर्फ एटलस तक ही सीमित नहीं रही थी। पूछने पर उन्होंने बताया - ‘‘हमने एटलस के अलावा अपनी सामाजिक विज्ञान, भूगोल की किताब व मैडम की जी.के. (जनरल नॉलेज यानी सामान्य ज्ञान) की किताब को भी देखा है।” इसके अलावा उन्होंने कहा - ‘‘दो-तीन बार शिक्षिका से भी मदद ली।” अचानक मेरी समझ में आया कि प्राय: नीरस सी लगने वाली ये पाठ्य पुस्तकें अनायास ही इस गतिविधि से जीवन्त हो उठी थी और उनकी ज़रूरत का हिस्सा बन गर्इं थी। इस दौरान एक बात जो उल्लेखनीय रूप से नज़र आई वह थी कि जब दूसरा समूह जवाब देने में थोड़ी सी देर करता तो शेष बड़े समूह की लड़कियाँ झट से जवाब देतीं। मुझसे रहा नहीं गया। मैंने कहा - ‘‘आपको यह तैयारी करने को तो नहीं कहा गया था। फिर आप कैसे इतना कुछ बता रही हैं?”
‘‘सर, आपने यह काम तो हमें नहीं दिया था लेकिन कहा था कि हम समूहों की मदद कर सकते हैं, सो हमने मदद करने के लिए ही जानकारियाँ हासिल की।”
वह समूह जिसे कहानी में कुछ और मोड़ सुझाने थे भी तैयार था। इस समूह ने कहानी को लेकर कुछ इस तरह की परिकल्पनाएँ की –
‘‘खरगोश दानवों के पास जाता और कहता कि जंगल के लोग मुझे बहुत अपमानित करते हैं इसलिए मैं उनसे बदला लेना चाहता हूँ। ...इसलिए तु मुझे थोड़ी सी आग दे दो, जिससे मैं उस जंगल को जला दूंगा। इस तरह मेरे और तुम्हारे दुश्मन मर जाएँगे और हम राज करेंगे... इस तरह दानव खरगोश की बातों में आकर आग दे देते।”
‘‘खरगोश जानवरों से कहता - ‘‘मैं जंगल के अच्छे से अच्छे फूलों के ताज बनाकर तुम्हें पहनाऊँगा लेकिन फूलों को तोड़ने के लिए थोड़ी रोशनी दे दो...” दानव खुश होकर रोशनी दे देते।”
‘‘खरगोश उन्हें मांस-मदिरा का लालच देता। वह उनसे कहता ‘‘मैं तुम्हें बेहतरीन मदिरा पिलाऊँगा,” दानव खरगोश की बातों में आ जाते... खरगोश व रेकून की पहले से ही योजना थी कि बारी-बारी से आग को जंगल तक कैसे पहुँचाना है।”
लड़कियों ने इस कहानी में जो विकल्प सुझाए, उस प्रक्रिया में वे जहाँ अपनी कल्पनाशीलता को परवाज़ दे रही थीं वहीं वे सब मिल कर किसी समस्या के हल के विकल्पों पर भी गौर करने के अभ्यासों की शुरूआत कर रही थीं।
एक लड़की ने जब अपने समूह के काम के प्रस्तुतिकरण में जानवरों के साथ जुड़े उनके स्वभाव के बारे में बताना शुरू किया तो वहाँ भी खुली बहस शुरू हो गई।
‘‘कौआ चालाक कैसे होता है ?”
‘‘क्योंकि वह बच्चों से रोटी छीन कर ले जाता है।”
‘‘चालाक नहीं, वह तो क्रूर है...।”
‘‘गधा कैसे मूर्ख है ?”
‘‘उस पर कितना ही लाद दो, वह तो कैसे भी ले जाता है।”
‘‘इस हिसाब से तो वह मेहनती हुआ न....”
‘‘कबूतर चालाक नहीं होता... उसको चबूतरे पर दाना डाल दो, चुपचाप चुग कर उड़ जाता है।”
‘‘ये तो कोई बात नहीं कबूतर तो किसी ज़माने में चिट्ठियाँ ले जाने का काम करते थे।”
लड़कियों की चर्चा में जो तर्क थे, हो सकता है उतने धारदार न हों। लेकिन एक बात पक्की है कि वे पहली बार उन कहानियों पर सवाल उठा रही थीं जिनमें जानवरों पर कुछ विशेष स्वभाव चस्पा कर दिए गए हैं। निस्सन्देह उनकी यह पहल आगे जाकर खुद पर समाज द्वारा थोपी गई पहचानों के मुलम्मे को उतार फेंकने में मदद करेगी। चित्र बनाने वाले समूह ने कहानी पर आधारित बेहद खूबसूरत चित्र बनाए। इसमें किसी ने लाइनें खींच कर स्केच बनाए तो किसी ने रंग भरने शुरू कर दिए। इस प्रकार धीरे-धीरे सामूहिक प्रयास से तस्वीरें अपने रंग में आने लगीं।
नाटक समूह की प्रस्तुति ढीली रह जाने पर लड़कियों ने उसकी अभिव्यक्ति में कमियाँ गिनवानी शुरू कर दीं। ‘‘आपका नाटक पता ही नहीं चला की कब खत्म हो गया।” ‘‘खरगोश द्वारा राक्षसों को बातों में उलझाने वाला सीन साफ़ समझ में नहीं आ रहा था...।” ‘‘आग को लेकर भागने व उसे एक-दूसरे को देने का काम इतनी जल्दी हो गया कि कुछ समझ में ही नहीं आया।”
हम लड़कियों द्वारा नाटक पर की गई समीक्षात्मक टिप्पणियों से हैरान थे। अगर अवसर दिया जाए तो लड़कियाँ किसी भी मुद्दे पर निर्भीकता से अपनी समीक्षात्मक राय दे सकती हैं।
अन्त में, कठपुतली वाले समूह की बारी थी। ये लोग पूरी तरह तैयार थे और तैयारी उनके चेहरे से बेसब्री बन कर झलक रही थी। शुरूआत होने से पहले मैंने उस समूह से माफी मांगी कि आपको थोड़ा कठिन काम दे दिया है, क्योंकि आपके पास जो
पहले से तैयार पपेट्स हैं उनमें जानवरों का एक भी चेहरा नहीं है और इसमें अधिकतर पात्र इंसानों के हैं।
इसके जवाब में लड़कियों ने मुझे आश्वस्त करते हुए कहा –
‘‘सर, आप चिन्ता मत करो।”
यह वाक्य किसी भी शिक्षक के लिए पुरस्कार स्वरूप ही हो सकता था।

*कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कहानी शिक्षण के अनुभवों को “खोलती हैं दरवाज़े कहानियाँ” के नाम से संकलित किया है, जिसे संधान ने सेव द चिल्ड्रन के सहयोग से प्रकाशित किया है। यह लेख इस संकलन में “पाठ्यक्रम के साथ व पाठ्यक्रम के आगे ”के शीर्षक से छपा है। इस पुस्तक के लिए चित्रांकन वाग्मी रांगेयराघव ने किया है। उनका बहुत आभार।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Tuesday, April 23, 2013

कहानी शिक्षण : खोलती हैं दरवाज़े कहानियाँ

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कहानी शिक्षण के अनुभवों को “खोलती हैं दरवाज़े कहानियाँ” के नाम से संकलित किया है, जिसे संधान ने सेव द चिल्ड्रन के सहयोग से प्रकाशित किया है। यह लेख इस संकलन में संपादकीय के रूप में छपा है। इस पुस्तक के लिए चित्रांकन वाग्मी रांगेयराघव ने किया है। उनका बहुत आभार।
कहानी का नाम आते ही मन में कई किरदार जीवन्त आकार लेने लगते हैं। इन किरदारों में सुनी हुई कहानियों के वे शख्स जिनमें जादूगर, परियाँ, प्रेत, जिन्नात, राक्षस, उड़ने वाले घोड़े व कालीन और इन घोड़ों व कालीनों पर सवार कहानी के नायक-नायिका शामिल होते हैं, cover-1जो हमेशा परिस्थितियों व समस्याओं से जूझते हैं। कहानी को सुनते वक्त अनेक बार हमने भी इन पात्रों के साथ खुद को समस्याओं से दो-चार होते पाया है; किसी तिलिस्मी दरवाजे के अचानक बन्द होने पर और अलीबाबा द्वारा पासवर्ड यानी गुप्त शब्द भूलने पर उसे याद दिलाने के लिए ‘खुल जा सिम सिम’ जोर-जोर से चिल्लाया है। रामायण में कभी खुद को राम के साथ रखा। कभी महाभारत में किसी एक पक्ष के साथ न रह पाने पर खुद को ‘जीव की जेवड़ी’ होते पाया। इन कहानियों के उड़ान खटोलों पर बैठ कर हम बचपन में ही समुद्रों, पहाड़ों, कन्दराओं, बीहड़ों, राजनीति के अखाड़ों और युद्ध के मैदानों का एक-एक कोना झाँक आए हैं। किस्सों के इन पात्रों ने छुटपन से ही हमारे ज़ेहन में डर, हर्ष, विषाद, वीरता और सचाई जैसी भावनाओं व अवधारणाओं को गढ़ने में हमारी मदद की है। न केवल मदद की है बल्कि, आज भी इन भावनाओं की डोर थामे वे हमारे अवचेतन में बैठे हुए हैं। इन कहानियों ने हमें हमारी ज़िंदगी की शुरुआत में ही उन अनुभवों से परिचित कराया है जिनसे हमें अपनी ज़िंदगी में अभी साबका करना है। दरअसल यह ज़िंदगी की तैयारी है।
कहानी की दर्ज़ीगिरी
कहानी के ज़िक्र के साथ सबसे पहले अपना बचपन याद आना लाज़िमी है। बचपन के साथ ही नानी, दादी या किसी ऐसे अज़ीज़ का चेहरा याद आता है जिससे खूब ज़िद व मनुहार करके कहानियाँ सुनी हों। ऐसे में अपने पड़ोस के ताऊ जी का चेहरा मेरी आँखों के सामने आ जाता है। सफ़ेद कुर्ता, सफ़ेद तहमद व सिर पर वैसा ही तुर्रेदार सफ़ेद साफ़ा, चेहरे पर हुक्के के धुएँ से पीली पड़ गई सफ़ेद और तिरछी मूँछें। यही मूँछे न जाने ताऊ जी की कितनी कहानियों में राजा, दरोगा, डाकू व मुखियाओं के किरदारों के चेहरों पर, कल्पना के रंग बदल-बदल कर हमने चस्पाँ की हैं। उनकी आँख के नीचे का बड़ा मस्सा कहानी सुनते-सुनते न जाने कब चुपके से राक्षस के चेहरे पर जाकर टंग जाता।
खैर, ताऊ जी का किस्सागोई यानी कहानी कहने में जवाब नहीं था। उनके पास सब तरह के किस्से थे, छोटे से छोटे, बड़े से बड़े। बड़ों के लिए और छोटों के लिए भी। सबके लिए। जब बड़ों की महफ़िल में सुनाना शुरू करते तो किस्सा मीलों लम्बा हो जाता और खत्म होने का नाम न लेता। जाने कहाँ से बीच में गीत और चौपाईयाँ आ जातीं। बात ही बात में ‘बात’ बुझा लेते। कब सवाल और पहेली सरका देते और क्या से क्या बीच में लाकर रख देते - रिश्तेदारियाँ, अय्यारियाँ, समझदारियाँ और देश-दुनिया की मिसालें व मसले। जब कभी ताऊ जी बच्चों की टोली से घिर जाते जो उसी किस्से को दुबारा सुनाने की जिद करती तो ताऊ जी उसी किस्से को गज भर का करके तहा देते। वे ऐसा कैसे करते हैं यह जानने के लिए कई बार कहानी सुनने के दौरान, हम उनकी गोद में बैठ कर उनकी जेबों की तलाशी भी ले डालते कि उनके पास ऐसा कौनसा टेप या फीता है जिससे वे माप-जोख करके किस्से को घटा-ब‹ढा कर लेते हैं?
जब कभी वे बच्चों की विस्मय से फैली आँखों में से झाँकती जिज्ञासा को भाँप लेते तो जम कर किस्सा सुनाते और उनके किस्सों के अन्दर से किस्से निकलते जाते। यूँ लगता मानो उनके किस्सों में जेबें लगी हुई हैं जिसमें से वे सिक्के की तरह खनखनाती कहानियाँ निकालते हैं और बच्चों की हथेलियों पर रखते जाते हैं।
खैर, एक बात पक्की है ताऊ जी कहानी की दर्ज़ीगिरी के उस्ताद थे। खुदा जाने वे नाप कैसे लेते थे - बच्चों की कौतूहल में फैलती आँखों की पुतलियों से या फिर बड़ों के हुंकारा भरने के आरोह-अवरोह से, लेकिन वे सबकी ज़रूरत व रूचि के हिसाब से किस्सों की काटछाँट कर नाप का सील देते। यहाँ तक आकर ताऊ जी कोई एक व्यक्ति नहीं रह जाते, बल्कि यह एक रूपक बन जाता है। वह रूपक है दास्तानगोई का जिसमें दादी, नानी, मामा कोई भी शामिल है या वे जिनका बच्चों के साथ रिश्ता कहानी की मार्फ़त है।
स्कूल और चौखटे में जड़ी कहानी
ताऊ जी पढ़े-लिखे नहीं थे। हम पढ़ गए हैं। आज हमारे इर्द-गिर्द बच्चे भी हैं और उनके सरोकारों से जुड़ने के बहाने व अवसर भी। आज हममें किस्सागो भी है और अध्यापक (ज्ञानी) भी हैं। दोनों हैं एक में ही, लेकिन वजूद अलग-अलग, एक-दूसरे से तन्हा-तन्हा। दोनों का एक खांचें में फ़िट बैठना हो नहीं पा रहा है। एक बरसों से चली आ रही परम्परा से पोषित हुआ है, तो वहीं दूसरे को पोथियों को रटने की अनवरत कवायद के बाद बड़े जतन से पाया है। एक जहाँ अपने होने के साथ ही बच्चों को सहज सवालों और कल्पनाओं में ले जाता है वहीं दूसरा अपेक्षा में रहता है कि सब सीधी लाइन में चलें, अनुशासन में रहें, सपाट सवाल हों, सीधे जवाब हों। ये द्वन्द्व हमारे अन्दर बना रहता है। जब हम पहले दिन स्कूल जाते हैं तो किस्सागो हमारे कंधे पर सवार स्कूल तक जाता तो है लेकिन हम उसे कक्षा के बाहर जूतों की तरह खोल देते हैं। जूते तो जूते हैं, आखिर घिस ही जाते हैं। स्कूल का काम किसी तरह पूरा कर अपने शिक्षक को दफ्तर की किसी कुर्सी पर टांग कर वापस घर लौटते हैं। और फिर से मां, पिता, नानी या ताऊ बन कर किस्सागो के चोले को रफ़ू करने बैठ जाते हैं। मेरा मानना यह कदापि नहीं कि कहानी स्कूली अन्त:क्रिया से पूरी तरह बहिष्कृत है। अक्सर स्कूल बच्चे के हाथ में कहानी पकड़ाता है लेकिन कहानी को चौखटे (फ्रेम) में कस के। स्कूल से लौटे बच्चे को एक बार स्कूल में सिखाई कहानी की एक-दो पंक्ति या शब्द के हेर-फेर से अपनी तरह से सुना कर तो देखिए। बच्चा तत्काल कहता है ‘‘यह गलत है, सही कहानी सुनाओ...” सही कहानी मतलब वह कहानी जिसमें पहले शब्दों व पंक्तियों का व्यवस्थित नपा-तुला क्रम और इस सब पर पालथी मार कर बैठा एक शिक्षा रूपी सूत्र वाक्य, ‘‘इस कहानी से यह शिक्षा मिलती है कि...” और शिक्षा भी न सूत भर कम, न सूत भर ज़्यादा।
एक थे विष्णु शर्मा
हमारे समय की विडम्बना यही है कि ‘ताऊ’ टीचर नहीं है और टीचर से किस्सागो छूटा हुआ है। कहानी कहने वाला हर इंसान में होता है। निस्संदेह शिक्षक में भी। याद कीजिए अपने किसी खुशनुमा अनुभव को, जिसे आपने मित्र मंडली में बड़े उत्साह से दसियों बार सुनाया है। उस वक्त आँखों में जो चमक आ जाती है वह सुनने वालों को भी उसी में रंग लेती है। यह इसलिए होता है कि उस अनुभव से गहन अपनापा होता है और वह भावनाओं से इस कदर जुड़ा होता है कि स्मृति में खच से बैठ गया होता है। कहानी में वह ताकत होती है कि वह जल्दी ही अपनी बन जाती है, भावनाओं से जुड़ जाती है। कहानियाँ किताबों में आराम फ़रमाती हैं लेकिन खेलती किस्सागो की ज़ुबान पर हैं। किस्सागो की ज़ुबान पर आने के बाद कहानी लेखक की नहीं रह जाती और कान तक पहुँचते-पहुँचते जन-जन की हो जाती है।
शिक्षा में कहानी की क्या भूमिका है, इसे विष्णु शर्मा के संदर्भ में समझा जा सकता है। कहते हैं, किसी राजा की संतान उद्दण्ड व नालायक निकलीं। जब राजा को लगाकि राजकुमारों के हाथ से पढ़ने का वक्त छूट जाने के बाद अब कैसे इन्हें शिक्षित किया जाए, तब विष्णु शर्मा नामक शिक्षक ने उन राजकुमारों को शिक्षित करने के लिए पंचतंत्र की कहानियों का ऐसा ताना-बाना बुना कि महज़ छह माह में राजकुमारों को अर्थशास्त्र व राजनीति में निष्णात कर दिया। दरअसल विष्णु शर्मा ने ताऊ जी (किस्सा गो) व शिक्षक को एक कर दिया।
कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालयों यानी केजीबीवी में जो लड़कियाँ हैं वे न तो हूबहू राजकुमारों जैसी हैं और न यह वक्त विष्णु शर्मा वाला है लेकिन एक बात जो आज भी समान है वह यह कि इन लड़कियों के हाथ से भी प‹ढने का मौका छूटा हुआ था। और उम्र के जिस पड़ाव पर वे हैं वहाँ उन्हें तेज़ गति से सीखने-सिखाने की प्रक्रियाएँ अपनाने की ज़रूरत है।
इसी सोच को लेकर संधान के साथियों ने अजमेर के छह केजीबीवी में कहानी विधा को लेकर प्रयोग किए हैं। उन प्रयोगों के अनुभव यहाँ दिए जा रहे हैं, इस आशा के साथ कि आप भी कहानी से ज़रा नज़दीकी बनाएँ, उसे अपना बनाएँ और विद्यार्थियों के नज़दीक ले जाएं।
कहानी के अनुभव अगली किस्त में...
धन्यवाद
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Friday, February 22, 2013

“बातचीत” न्यूज़लेटर : टीएलएम की पुनर्व्याख्या

यह लेख पूर्व में संधान व सेव द चिलड्रन द्वारा प्रकाशित Exploring Possibilities, Good Practices from KGBVs में Newsletter- “Baatcheet”: Reinterpreting Teaching Learning Material शीर्षक से प्रकाशित हुआ है।

clip_image002पलक झपकते सीन बदलते हमने सिनेमा में जरूर देखें हैं या फिर नाटक में भी, अभिनेता पर्दा खींचकर या क्षण भर को लाइट बुझा बड़ी कुशलता से दृश्य बदलते हैं। सीन ज़िंदगी में भी बदलते हैं। कभी–कभी मौसम जैसे आहिस्ता – आहिस्ता और कभी नाटक की तरह कि यकीन ही न हो। कुछ दृश्य कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों[1] में भी यकीनन बदलें हैं। चलो पहले हम केजीबीवी में एक वर्तमान की तस्वीर देखते हैं। बाद में फिर इस सीन के फ्लैश बैक में जाकर देखेंगे कि यह नाटक की तरह खट से बदला है या मौसम की तरह जिसका कि बदलना अवश्यंभावी होता है।
 
दृश्य – 1, समय - जुलाई 2012, स्थान – कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय
जैसे ही हमारी दृष्टि केजीवीवी पर ठहरती है दृश्य में है कस्तूरबा विद्यालय की लड़कियां जो छोटे-छोटे समूहों में काम कर रही हैं। तल्लीनता है, आनंदमाय माहौल है। सीन को थोड़ा और ज़ूम करके देखते हैं। लड़कियों के हाथों में केजीबीवी न्यूज़लेटर “बातचीत” है। वे उसको पढ़ रही हैं और उस पर आपस में बातचीत भी कर रही हैं। कुछ के हाथ में खुद के केजीबीवी का व कुछ के हाथ में दूसरे केजीबीवी का ”बातचीत” है। कैमरा को थोड़ा और फोकस करते हैं अब लड़कियों द्वारा लिखी इबारतें साफ दीख पड़ती हैं।
सातवी कक्षा की तारा लिखती है –
“यहाँ मैं ‘नव्या’ व ‘झांसी की रानी’ सीरियल रोज देखती हूँ। दोनों मुझे बहुत पसंद हैं। घर पर इन्हें नहीं देख पाऊँगी। घर पे तो डिश एंटीना नहीं है। यहाँ की बहुत याद आएगी।”
“मुझे ‘प्रतिज्ञा’ अच्छी लगती है ... वह पढ़ी लिखी है ... वह ईमानदार है वह हमेशा कानून के हिसाब से चलती है।”
चंदा डूड़ी कक्षा VIII
ये दोनों लड़कियां टीवी पे देखे गए नाटकों पर अपनी लेखनी के मध्यान से राय रख रही हैं।
चलो अब आगे के पृष्ठों को पलटते हुए देखते हैं ...
इसमे बात राय रखने से आगे बढ़ती दिखती है –
धन्नी जाट – “मैं आठवी में हूँ। मेरा एक भाई और पाँच बहने हैं... मेरा भाई एक ऐसे स्कूल में पढ़ता है जहां चालीस हज़ार रुपये साल की फीस लगती है... मेरा एडमिशन मम्मी-पापा ने केजीबीवी में करवाया... स्कूल अलग-अलग क्यों? ”
शोभा - “मैं तब पाँचवी में थी... एक लड़के ने मुझसे झगड़ा किया और मेरा हाथ पकड़ा तो मैंने उसके हाथ पर काट लिया। ... शिकायत होने पर सर ने हमें डांटा। गलती उस लड़के की थी लेकिन मुझे कहा कि लड़कियों को लड़कों से झगड़ा नहीं करना चाहिए।”
यहाँ लड़कियां अभिव्यक्ति को नया आयाम दे रही हैं और सहज मिले माध्यम का प्रयोग करते हुए अपने साथ जाने अंजाने में हुए भेदभाव पर संजीदगी से सवाल भी उठा रही हैं।
अब आँखों के कैमरे को थोड़ा पैन करते हैं। अब सब लड़कियां दृश्य में आती जा रही हैं। लड़कियां लिखे हुए को पढ़ रही हैं, लड़कियां चर्चा कर रही हैं। लड़कियां दिख रही है, पढ़ने वाली भी और किताब के अंदर से लिखने वाली भी अभिव्यक्ति से मुखर, आत्मविश्वास से लबरेज़।
सविता रावत कक्षा VIII लिखती है।
“मुझे अब कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में बहुत अच्छा लगता है। यहाँ आने के बाद खूब पढ़ाई करने लगी हूँ। मुझे मैडम ने स्टोर से समान निकालने की ज़िम्मेदारी दे रखी है। मुझे पता है कि सौ लड़कियों के लिए कितना समान चाहिए। रसोइये को सामान देकर रजिस्टर में दर्ज़ करती हूँ। कभी सोच भी नहीं सकती थी कि स्टोर का काम संभाल सकूँगी... सातवीं कक्षा में मैंने सिलाई सीखी थी, इस बार ब्यूटीपार्लर की पढ़ाई कर रही हूँ। मैं पास होऊँगी मुझे पूरा विश्वास है।”
इस तरह के उदाहरण एक दो नहीं जिनके पास कहने को बहुत कुछ है और शब्द भी, तरीके भी। ललिता कुमावत भी इसी तरह खुद को अभिव्यक्त कर रही हैं।
“मैं जब आई थी तब पढ़ना नहीं जानती थी। पढ़ना अब मुझे आ गया है। इसके अलावा कबड्डी खेलना, डांस करना, नाटक करना अच्छा लगता है। कोई भी छोटा काम हो मैं खुद ही कर लेती हूँ। मिस्त्री आता है तो पैसे लेता है। एक बार मिस्त्री ने वाटर कूलर ठीक किया मैंने भी देख कर सीख लिया। दूसरी बार खुद ही ठीक कर लिया। टीवी की पिन टूट जाती है, डीवीडी मे गलत पिन लगे या इनवर्टर में खराबी सब मिस्टेक ठीक कर देती हूँ। यहाँ आने के बाद अपनी जिम्मेदारियाँ निभाने लगी हूँ।”
।। सीन कट ।।
यह दृश्य थोड़ा लंबा खींच गया। यह वर्तमान है। हर वर्तमान के साथ उससे पल्लू छुड़ाता, भविष्य के रथ के गर्दोगुबार में ओझल होता एक अतीत होता है। चलो इसके फ्लैश बैक मे थोड़ा झाँकते हैं।
दृश्य – 2, समय - अक्टूबर 2011, स्थान - कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय
यह अजमेर ज़िले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बेसलाइन का दृश्य है। लड़कियां कक्षा में कतारबद्ध बैठी हैं। उनके हाथ में एक वर्कशीट है। वर्क शीट पर निम्न लिखित अनुच्छेद दिया गया है।
नगमा और उसका भाई अमन एक दिन बाज़ार गए। वहाँ अमन ने देखा कि एक खोमचे वाला पकौड़े बना रहा है। उसका मन पकौड़े खाने के लिए ललचाया। नगमा ने कहा कि पकौड़े तीखे होंगे। मगर अमन नहीं माना। अमन ने पकौड़े खाए और उसकी आँखों से आँसू निकालने लगे।
इस अनुच्छेद को पढ़ कर लड़कियों को कुछ सवालों के जवाब देने थे ताकि उनके शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया जा सके। इन सवालों में एक सवाल यह भी है।
तुम्हें खाने में क्या पसंद है?
लड़कियों ने जवाब लिखे हैं और नीरसता से अपनी-अपनी कॉपी टीचर के सपुर्द कर रही हैं। चलो एक –एक करके देखें लड़कियों ने क्या-क्या जवाब लिखे हैं? यह क्या ?
सभी लड़कियों ने एक ही जवाब लिखा है !
तुम्हें खाने मे क्या पसंद है?
खोमचा ...............!!
।। सीन कट।।
हम सब चकित थे कि सभी लड़कियों का एक जैसा जवाब कैसे हो सकता है? लड़कियों की पसंद इतनी यूनिफ़ोर्मिक कैसे हो सकती है? मुझे खाने में दरअसल क्या पसंद है यह बात अभिव्यक्त होकर बाहर आने में क्या रुकावट है? लड़कियो की होम वर्क की कॉपी देखने से सब पता चल गया। सभी लड़कियो के जवाब एक जैसे थे, गाइड बुक से नकल किए हुए। लड़कियों की लिखित अभिव्यक्ति पाठ्य पुस्तक से इस कदर बंधी हुई थी कि उनका यह (अंध)विश्वास इतना प्रबल था कि सारे समाधान पुस्तक में ही होते हैं। उन्होने भी समाधान पूर्वक अनुच्छेद में से ही “खोमचा” शब्द तलाश कर रख दिया। भले ही उन्हे खोमचा शब्द का मतलब पता न था।
लड़कियों की अभिव्यक्ति को सहज रूप से खोला जा सके इसके लिए एक सशक्त विधा की जरूरत महसूस की जा रही थी। वह भी एक ऐसे माहौल में जहां बंधे बंधाए लेखन के फ़ारमैट पर काम करने की प्रैक्टिस है। प्रथना पत्र, प्रतिज्ञा, वंदना, श्लोक गणितीय सूत्र और भी तथाकथित ज्ञान टीएलएम स्वरूप दीवारों पर पुतवा दिया गया हो। “संधान”[2] पिछले तीन सालों से टोंक और उदयपुर के केजीबीवी में न्यूज़लेटर पर काम कर रहा था। शुरू मे विचार यह था कि सबसे पहले लड़कियों को यह एक्सपोजर हो कि दूसरी जगह कि लड़कियां किस तरह से सोच और लिख रही हैं। टोंक उदयपुर की लड़कियों ने जितने न्यूज़ लेटर निकाले थे सभी की रंगीन फोटो कॉपी करके दी गई। ये न्यूज़ लेटर लड़कियों के हाथ में जाते ही करिश्मा हो गया। लड़कियों ने इसका जबर्दस्त इस्तक़बाल किया। खुद पढ़ा, दूसरों को पढ़कर सुनाया, सराहा और फिर पढे हुए के बारे में अपने विचार लिखे, प्रतिक्रियाएँ लिखी। इसके अलावा अपनी मौलिक कविताएं, कहानियाँ लेख व अनुभव लिखे। खूबसूरत चित्र बनाए उनमें रंग भरे और सब हमे सपुर्द किए – “हमारी भी बातचीत निकले।” मानो सृजनशीलता का बांध टूट गया।
यह सब आशातीत था। अब हमारे सामने एक सवाल था कि टीएलएम किसे कहेंगे? क्या दीवारों पर ऊंचाई में टंगे फ्रेम टीएलएम है? दीवारों पर लिखी इबारतें टीएलएम है? या बाज़ार में बिकते महंगे समान टीएलएम है। न्यूज़ लेटर की गतिविधि ने टीएलएम को नए अर्थ प्रदान किए। टीएलएम वही है जो अंतत: सीखने को बढ़ाए, वह भी खुशनुमा माहौल में रटने की पकी हुई आदतों को तोड़ दे। काफी हद तक न्यूज़ लेटर ने धसी हुई आदतों को तोड़ा है। जो लड़कियां पत्र के नाम पर अकसर बीमार पड़ने व जरूरी काम के लिए छुट्टी की अर्ज़ी बंधे बंधाए फ़ारमैट में लिखती थी। वही लड़कियां कुछ जुदा अंदाज में अब लिखती हैं। “बातचीत” में छपे इस पत्र की बानगी देखने के साथ ही हैप्पी एंडिंग करते हैं।
पत्र केजीबीवी तबीजी के नाम
प्रिय सहेलियों,
आप सब कैसी हो? बहुत दिन हुए आपसे मिले हुए। सर्व प्रथम आपने जो हमारे रहने खाने की व्यवस्था की थी उसके लिए धन्यवाद। वहाँ सभी केजीबीवी की लड़कियों को एक साथ खेल के मैदान में देखकर बहुत खुशी हुई। हमने सच्चे मन और खेल की भावना से आपके साथ और आपने हमारे साथ खेला। खेल में लड़ाई तो हो ही जाती है। हम भी लड़े और एक भी हो गए। हमारे स्कूल में खेल का मैदान नहीं है, इस कारण जब कभी आप लोग खेलने के लिए आते हो तो तुम्हें दूर ले जाना पड़ता है। इससे तुम्हें व हमे बहुत समस्या होती है। इसके लिए खेद है। खेल प्रतियोगिता में आपके व हमारे विद्यालय ने बराबर अंक आने पर जो समूहिक शील्ड जीती थी, उसे 15 मई को छ: महीने पूरे हो जाएंगे। हम चाहते हैं कि वह शील्ड अब हम रखें। आपके उत्तर की प्रतीक्षा में।
केजीबीवी श्रीनगर, अजमेर से आपकी सहेलियाँ

[1] कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) – केजीबीवी वह विद्यालय हैं जहां समाज के वंचित तबके की लड़कियाँ आवासीय रूप से रह कर कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई करती हैं। यहाँ इन्हें सभी सुविधाएं निशुल्क मिलती हैं। इनमें वो लड़कियां होती हैं जो या तो कभी स्कूल में दाखिल ही नहीं हुई थी या फिर खभी किसी स्कूल में दाखिला तो लिया लेकिन एक दो कक्षा के बाद ड्रॉप आउट हो गई। इनमें ज़्यादातर लड़कियां पढ़ने लिखने की बुनियादी सक्षताओं पर भी नहीं होती हैं।
[2] संधान – संधान – Society for Study of Education and Development
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Thursday, January 10, 2013

किशोरावस्था : गाय का निबंध और हाशिये पर लिखा आई लव यू

 

पीएल संस्था के स्टडी सेंटर पर गए। वहाँ पर किशोर-किशोरियों को पढ़ते हुए देखा। उनसे बातचीत भी की और उनके काम को भी देखा। सेंटर पर 15-16 साल का एक किशोर भी था जो कक्षा में बिलकुल पीछे बैठा हुआ था। यह बाकी किशोर/किशोरियों से अपेक्षाकृत कुछ बड़ा था। मैंने उसे आगे आकर बैठने को कहा। वह आगे आकर बैठ गया। बैठते ही उसकी जेब से मोबाइल नीचे गिर गया। उसने उसे झट से उठा कर छुपा लिया जैसे कोई गलती हो गई हो..... मैंने उससे बातचीत की। उसने बताया की वह स्कूल से ड्रॉप आउट है व अब तलमा (स्टडी सेंटर) पर पढ़ता है। बातों बातों में मैंने उसकी नोट बुक देखी। पन्ने पलटते हुए मैंने देखा एक पृष्ट पर पर गाय पर लेख लिखा था –
गाय के चार पैर होते हैं।
गाय के दो सींग होते हैं।
गाय दूध देती है।
गाय घास खाती है। .....
इस तरह गाय पर लंबी इबारत पूरे पेज पर लिखी हुई थी। जिसमे सीधी सूखी लाइने जिसमें कलपनशीलता की कोई गुंजाइश नहीं। इसी पन्ने के हाशिये के ऊपर एक कोने पर बड़े कलात्मक सुरुचिपूर्ण तरीके से “आई लव यू” लिखा हुआ था।
मेरे जेहन में कुछ सावल आने लगे... इस लड़के के लिए सच क्या है?... सही क्या है?.... जरूरत क्या है?... उसकी ज़िंदगी के असली सावल कहाँ हैं? ... कागज पर लिखी इबारत पर या हाशिये पर ?
अब जब दुबारा उसके पास पढ़ने का एक मौका आया है तो क्या अब भी उसके सावल हाशिये पर ही रहेंगे.....

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

अलवर में 'पार्क' का मंचन : समानुभूति के स्तर पर दर्शकों को छूता एक नाट्यनुभाव

  रविवार, 13 अगस्त 2023 को हरुमल तोलानी ऑडीटोरियम, अलवर में मानव कौल लिखित तथा युवा रंगकर्मी हितेश जैमन द्वारा निर्देशित नाटक ‘पार्क’ का मंच...