Showing posts with label Pedagogy. Show all posts
Showing posts with label Pedagogy. Show all posts

Thursday, June 28, 2018

सामूहिक अचेतन में धँसी टुकड़ा-टुकड़ा तस्वीरों को नाटक ही जोड़कर बाहर ला सकता है।


प्रशिक्षणों (training)के दौरान कई क्षण ऐसे आते हैं, जब प्रशिक्षक को एकदम शून्यता का अहसास होने लगता है। उस रिक्त क्षण में क्या किया जाए, कुछ सूझता नहीं है। ऐसे में थियेटर एक ऐसा औज़ार है जो उस शून्यता से आपको निकाल कर एक सौद्देश्यता प्रदान कर जाता है। यह शून्यता कई बार अपने पाससब कुछहोने से भी आती है। एक पूर्व नियोजन और मजबूत तैयारी में से किसी बुलबुले सरीखी यह निकलकर सामने आ खड़ी होती है। यह बुलबुला एक ही गतिविधि की लगातार पुनरावृत्ति से पैदा होता है। सफलता  पुनरावर्ती की अपेक्षा करती है। जरा-सी सफलता का सतत दोहरान इंसानी फितरत की सामान्य परिघटना है। पिछले सालों के प्रयोग में शूज शफल ड्रामा तकनीक के बच्चों के साथ कारगर होने पर इसे लगातार वर्ष भर खूब दोहराया गया। जैसे हर चीज़ घिसती है, वैसे ही सफलता का भी द्रव्यमान छीजता रहता है। सामने किशोरों का समूह है और योजना में शुज-शफल  ड्रामा तकनीक है। पूर्व में आजमाई हुई तकनीक! किशोरों से केवल कहना भर है किघेरे के मध्य रखी वस्तु को उठा कर, उसके साथ किसी चरित्र को साकार करते हुए रोल-प्ले करना है।”  …और यह कहते ही एक सिलसिला शुरू हो जाता... किन्तु उसी वक़्त शून्यता का एक बुलबुला आँखों के सामने मोतियाबिंद-सा आता है। मध्य रखने के लिए वस्तु (प्रोप्स) हैं लेकिन सूझती नहीं। शून्य के आकार में बैठे किशोरों के घेरे के दरम्यान शून्यता का बुलबुला फैलता जाता है और परिधि तक जाकर, थोड़ी देर थम कर फूट जाता है। फूटते ही एक इंद्रधनुष स्मृति पर चमक उठता है। एक नई किरण दिखाई देती है। अब वस्तु की जगह एक किशोर को घेरे के दरम्यान आने को बुलाया जाता है। नवीन नाट्य तकनीक का स्पर्श  अब व्यक्ति द्वारा वस्तु को प्रतिस्थापित करने वाला है। पहले केंद्र में वस्तु होती थी अब व्यक्ति है वस्तुओं से रहित। यह व्यक्ति का वस्तुकरण नहीं और वस्तु का मानवीकरण भी नहीं, बल्कि शरीर के द्वारा वस्तुओं से विमुक्तिकरण  है। आलंबन रूप में, न उद्दीपन रूप में वस्तु अब कहीं नहीं है। केवल अभिनेता है, उसका मन है, शरीर है उसकी अनंत संभावनाओं के साथ, एक संभावना वस्तु भी हो सकती है।
किशोर के घेरे के भीतर आने तक Tableau (टेब्लू अर्थात झांकी) रंग-तकनीक की भूमिका बन चुकी थी।
(1)  एक किशोर से कहा गया कि आप घेरे के मध्य में किसी एक भंगिमा में आकार मूर्तिवत फ्रीज़ हो जाएँ। किशोर ने एक दो मुद्राएँ बनाई सामने बैठे लोगों की तरफ आश्वस्ति भाव से देखा फिर फर्श पर ऐसे पैर फैलाकर बैठा जैसे पीछे गाव तकिया लगा हो। शुरू में अभिनेता के सामने ये चुनौती है कि वह अपने शरीर को कौनसा आयाम दे? शरीर दिन भर में अनंत आयाम प्राप्त करता है किन्तु स्वाभाविक जरूरत के साथ... व्यक्तिगत जीवन में व्यक्ति किसी उद्देश्य को तय करता है और शरीर को उसके अनुसार साधता है। जीवन में शरीर व मन के दरम्यान मन: शारीरिक सहज रूपान्तरण चलता रहता है। यह दैनिक रूपान्तरण व्यक्ति के व्यक्तित्व के एक पहलू को आकार देते हैं। अभिनय में बात दूसरी है। वह सहज पथ पर जाने से रोकता है। अभिनेता के लिए अभिनय के इस बिन्दु पर उसके शरीर को पहले आना है और हेतु को बाद में आना है, या फिर हेतु को अभी तलाशना है। इसलिए गतिविधि का प्रथम बिन्दु चुनौती खड़ी करता है। इस निर्मिति में अभिनेता के अलावा दर्शकों के पास अपनी-अपनी व्याख्याएँ हो सकती हैं, निर्माता अभिनेता से सर्वदा भिन्न भी हो सकती हैं।
(2)  दूसरे चरण में दूसरे किशोर (अभिनेता ) को आना है। पूर्व में बनी मूर्ति को  अक्षुण्ण रखते हुए स्वयं को संयोजित करते हुए फ्रीज़ होना है। दूसरे अभिनेता के जुड़ने पर यहाँ एक ऐसी संश्लिष्ट इमेज  बननी है जो पहले वाली से अर्थ में जुदा हो। जो भी अभिनेता यहाँ आएगा, वह अपनी एक अलग व्याख्या के तहत खुद के शरीर को जोड़कर इसे विस्तार देगा, केवल वही रूप हमारे सामने आएगा। किन्तु सामने बैठे अन्य अभिनेता केवल दर्शक-झुंड मात्र नहीं, वे भी मौलिक विचारकों में तबदील हो चुके हैं। सबके मन में  एक-एक मौलिक इमेज साकार हो चुकी है। जो पहले वाली से जोड़ कर अपने मानस पर बना रहे हैं। मंच पर उपस्थित अभिनेता की निर्मिति में संभावनाओं की खूँटियाँ लगी हुईं है, जिनपर बाहर बैठे अभिनेता अपनी कल्पनाओं के चित्र टाँग रहे हैं। किन्तु खेल का अनुशासन (सीमा नहीं) यही है कि केवल एक व्याख्या ही सामने आनी है। मंच पर पहले से बैठे अभिनेता के चारों तरफ खाली निर्वात नहीं है, बल्कि पूरी फ़िजा में विचारों व संभावनाओं के परागकण घुले हुए हैं। जो भी अभिनेता इसे अपने विचारों का स्पर्श देगा तब सोच का नवांकुर प्रस्फुटित होकर मंच पर साकार होगा।
दूसरा अभिनेता आकर पहले वाले के पैरों से एक मीटर की दूरी पर उकड़ू बैठ जाता है। घुटनों पर दोनों भुजाएँ समेट कर रखीं हुईं हैं। भुजाओं पर टिका हुआ है मस्तक नत है। दूसरे ही अभिनेता ने अपने प्रयास में इस इमेज की नियति लगभग तय कर दी। एक ही झटके में सत्ता को प्रविष्ट करा दिया। इमेज में सत्ता आ चुकी है, अब शेष कलाकार केवल सत्ता के समीकरण को संतुलित करने के उपकरण भर होंगे। परंतु, व्याख्याओं की संभावनाएं अब भी हैं लेकिन सत्ता-सूत्र को थाम कर। अब झांकी के अंदर दो व्यक्ति हैं - एक प्रभाव में है, एक प्रभावित है। एक दंभ में है, एक दमित है। एक पद पर है, एक पग में है। एक अर्श पर है, एक फर्श पर है.... इसे घटित होने से पहले  बाकी के अभिनेता विचारों के जो अपने-अपने वातायन खोल के बैठे हुए थे उन्होंने अब अपने झरोखे बंद कर लिए हैं, क्योंकि दूसरे अभिनेता ने मुख्य द्वार खोल दिया है। सब इसी द्वार से प्रवेश करेंगे। इसी द्वार के साथ-साथ नाट्यकला की एक और संभावना भी खुल कर उजागर होती है - किसी दूसरे के विचार सूत्र को पकड़ कर आगे बढ़ाने का अद्भुत स्वीकार नाट्य गतिविधियों में ही हो सकता है।
(3)  थोड़ी देर तक चुप्पी, अब तीसरा अभिनेता दूसरे अभिनेता, जो पहले के कदमों में बैठा है, के कंधे पर हाथ रख कर उसके पीछे बैठ जाता है। अब यह चरित्र कोई भी हो सकता है लेकिन व्याख्या यही है कि यह है कोई हमदर्द दूसरे अभिनेता का... दोस्त ... परिवारजन... परिचित या....  
(4)  अब अन्य दो अभिनेता बारी-बारी से आते हैं और तीसरे अभिनेता की अगल-बगल में बैठ जाते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि तीसरे अभिनेता के आँचल का पल्लू पकड़े हुए हैं। इनकी यह भंगिमा तीसरे अभिनेता की उकेरी रेखाओं को और गहरे रंग दे देती है। पूरी झांकी को समेकित रूप से देखें तो अब तस्वीर उभरती है कि एक परिवार है जो शक्ति की गिरफ्त में है।
(5)  Image theatre के बारे में Augusto Boal कहते हैं कि इस तरह का थियेटर अरस्तू के कैथार्सिस से अलग है। इसमें अभिनेता भावनात्मक की अपेक्षा वैचारिक रूप से जुड़ता है। क्यों कि वह केवल एक्टर न होकर स्पेक्ट-एक्टर है। इस बात को जब पढ़ा तब समझ नहीं आई, अब जब अभिनेताओं को आते देख रहा हूँ तो इबारत स्पष्ट हो रही है। क्योंकि आने वाले अभिनेता तस्वीर को अपनी उपस्थिति से समृद्ध कर रहे हैं और भावनात्मक उद्वेलन की जगह तस्वीर को तार्किक आधार प्रदान कर रहे हैं। अगर तस्वीर में शोषण का बीज मात्र भी दिखाई दे रहा है तो उसे और उभार कर सामने लाना...  शायद इसलिए ही अगला अभिनेता जब आता है तो शोषित के पक्ष में न बैठ कर शोषक की तरफ आसान लगाकर सामने बही खाता खोलकर बैठ जाता है। इस अभिनेता ने तस्वीर में आए शोषण को एक वजह दे दी। अर्थात तस्वीर से थोड़ी धूल और हटी रंग गहरा हुआ कि मामला जो भी है पर आर्थिक है।
(6) इस बार दो अभिनेता एक साथ आते हैं। यह अप्रत्याशित था। वैसे थियेटर में अप्रत्याशित कुछ नहीं होता। यूं कहें कि अनपेक्षित था। चूंकि एक-एक अभिनेता को बुलाया जा रहा था तो एक–एक करके ही तो आना चाहिए था। ये दो साथ आए और नाट्यकला की एक और विशिष्टता को उजागर कर गए कि फॉर्मेट चाहे कोई भी हो अंततः नाट्यकला एक से दो होने की विधा है, सहमतियों व असहमतियों के बावजूद। बहरहाल, दोनों अभिनेता साथ में आए और एक सोच के साथ... मंच पर बैठे गद्दीनशीन व्यक्ति के दोनों तरफ गर्दनें अकड़ाकर खड़े हो गए। ये लठैत हैं। शारीरिक बल है। शारीरिक बल सत्ता के साथ खड़ा रहता है अकसर.... यदि यह समाज की विडम्बना है तो इसे अपने क्रूरतम रूप में सामने नज़र आना चाहिए। अभिनेता ही इस सच्चाई को सबके सामने नंगा करेगा। स्वयं को चाहे एक पल को इसका उपकरण बनाएगा।
(7) इसके पश्चात लग रहा था कि तस्वीर पूरी हो चुकी है। अभिनेताओं के आने का सिलसिला थम सा गया था। तस्वीर को देखने पर भी ऐसा लग रहा था कि इसके सभी संभावित पहलू दिखाए जा चुके हैं। थोड़ी देर कहीं कोई हलचल नहीं हुई। अचानक एक अभिनेता उठ कर आया और मंच पर बनी झांकी से तीन मीटर की दूरी पर खड़ा हो गया। भाव, भंगिमा व स्थिति से वह तस्वीर से बहुत असंगत दिखाई दे रहा है। न वह सत्ता के इधर है न उधर है। वह दरम्यान भी तो नहीं। वह झांकी को निहार तो रहा है लेकिन उसका हिस्सा नहीं होना चाहता। यह पैरडाइम शिफ्ट है। हमारी बाइनरी काउंटिंग को पलट दिया अभिनेता ने... इधर – उधर के अलावा एक तीसरी श्रेणी होती है, जो होते तो हैं लेकिन कहीं नहीं होते। इस अभिनेता ने अब तक के यथार्थवादी चित्र को थोड़ा एब्स्ट्रेक्ट रूप दे दिया। यह पात्र नहीं प्रतीक है। जो देखता तो है लेकिन दृष्टा नहीं... जो दर्शक है पर केवल मूक दर्शक। यह समाज के उस हर जने का प्रतिनिधित्व करता है जो सब कुछ देख कर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं करता कि वह किधर है। मुझे लगता है कि यह पात्र एक वर्ग का चरित्र है। यह पात्र वह हर कोई है जो इस चित्र से बाहर है और उसका हिस्सा नहीं है।  मूक दर्शन उतनी ही हेय क्रिया है जितनी कि दर्शन सम्मानित क्रिया है। मूक दर्शन क्रिया जब सक्रियता की उम्मीद है तब तटस्थ बनी रहती है। मूक दर्शन एक जीव विज्ञानी परिघटना है जबकि दर्शन एक वैचारिक कार्यकलाप जो किसी स्तर पर आपकी तटस्थता को भंग करता है।
इसने तस्वीर का एक अलग आयाम खोल दिया और सामाजिक संरचना का एक और वीभत्स कोना हमें दिखा दिया। अभिनेता अभी और भी बाकी हैं। न तो अभिनेताओं की क्षमताओं को कम आँका जा सकता है और न ही इस तस्वीर की और संभावनाओं से इंकार किया जा सकता है। अभी इस तस्वीर को यहीं इसलिए रोकना होगा, क्योंकि आज के सत्र के लिए जिस शिक्षण सामग्री की हमें जरूरत थी, वह मंच पर मौजूद हो चुकी थी। इसके साथ आज की चर्चा को आगे बढ़ाया जा सकता है। आज के सत्र का उद्देश्य था कि युवाओं के साथ समाज के ताने-बाने पर चर्चा की जाए। खासकर समाज में व्याप्त असमानता व भेदभावों पर। इस तस्वीर में एक प्रस्थान बिन्दु हमें मिल गया जहां से आगे बढ़ा जा सकता है एक सार्थक चर्चा की ओर।
एक बार फिर नाट्यकला की शिक्षा में उपयोगिता पर विश्वास और मजबूत हुआ। प्रारम्भ में हमारे पास कोई सामग्री नहीं थी। शून्य था। केवल अभिनेता का शरीर। मंच पर मौजूद तामझाम कहाँ से आया? इसे किसने लाने के लिए बोला? क्या निर्देशक ने ? क्या किसी एक अभिनेता ने? यदि एक ने नहीं तो सब ने मिलकर भी तो इसके लिए नहीं सोचा था? फिर कौन लाया इस तस्वीर को? क्या यह अपने आप आई ? यह किसी एक दिमाग की सृष्टि है ? यह सवाल अभिनेता, निर्देशक, नाटक के शोधार्थी, मनोविज्ञानी, शरीर विज्ञानी, समाज विज्ञानी व शिक्षा शास्त्रियों के लिए एक साथ महत्वपूर्ण हो सकता है। ये सब नाटक की इस तस्वीर से शुरू होकर अपनी-अपनी दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और इस तस्वीर के उत्स तक पहुँच सकते हैं। अस्तु, मैंने तो यही समझा कि यह तस्वीर समाज की वह तस्वीर है जो जिग-ज़ैग पहेली की तरह लोगों के मानस में टुकड़ा-टुकड़ा करके बिखरी हुई है। एक हिस्सा किसी के मन में है तो दूसरा किसी और के मस्तिष्क में। केवल एक तस्वीर के टुकड़े नहीं अलग-अलग तसवीरों की चिन्दियाँ आपस में गड्ढ-मड्ढ हैं। पीढ़ियों की रेट उनपर चढ़ी हुई है। ये सब तस्वीरें स्पष्ट होने के लिए उतावली हैं लेकिन स्पष्ट इसलिए नहीं होती कि इसके टुकड़े अलग-अलग दिमागों में धँसे हुए हैं। ये तस्वीरें जुड़ तो जाएँ बशर्ते चार सिर आपस में जुड़े तो सही। सिरों के सहज जुड़ाव का मंच केवल नाटक ही प्रदान करता है। उन तसवीरों से गर्द हटा कर, टुकड़े बटोर कर पूरे हाई ऋजुलेशन के साथ केवल नाटक ही सामने ला सकता है। सामूहिक अचेतन में धँसी टुकड़ा-टुकड़ा तस्वीरों को नाटक ही जोड़कर बाहर ला सकता है।
 



Wednesday, February 8, 2017

चित्र – कविता

 केजीबीवी ओसियां का अनुभव
जनवरी 31, 2017
जोधपुर के प्रत्येक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV)की सभी लड़कियों को एक ड्राइंग बुक तथा एक सेट प्लास्टिक क्रेयोंस कलर के दिये गए है। इसी कड़ी के तहत कल ओसियां में था। सामग्री कक्षा के अनुसार ही वितरित की जा रही थी। यहाँ देखा जाए तो चार कमरों में बैठक व्यवस्था है। एक कमरा आठवीं का, दूसरा सातवीं, तीसरा छठी व चौथा कंडेंस्ड कोर्स का। इस कमरे में वे लड़कियां बैठकर पढ़ती हैं जिनका केजीबीवी में नया प्रवेश हुआ है, जो हैं तो उपरोक्त कक्षाओं की लेकिन अभी पढ़ना लिखना सीख रही हैं। शिक्षिकाएँ हर कक्षा में बारी – बारी से सामग्री वितरित कर रहीं थीं। वितरण के साथ ही मैं लड़कियों को गाइड कर देता। हालांकि चित्रकला विषय में कोई दाखल नहीं है फिर भी मैं लड़कियों से कह रहा था कि आप  इसमें वे चित्र बनाएँ जो आपके मौलिक विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करें। यह कैसे होगा यह मैं भी अभी तक नहीं जानता था। यद्यपि मैं यह जरूर कह रहा था कि आप इसमें मेहँदी के डिज़ाइन, रंगोली, फूल झोंपड़ी इत्यादि स्टीरियोटाइप चित्र न बनाएँ तो बेहतर होगा। यह सारी बातें मैं इससे पूर्व सात – आठ केजीबीवी में कह चुका हूँ। आज भी पहले  आठवीं, सातवीं फिर छठी में वही बाते दोहराईं तथा लड़कियों ने भी सहमति में गर्दन हिलाई।
किसका चित्र बनाएँ
आखिर में मैं कंडेंस्ड कोर्स के बच्चों के साथ था। इस बार मैंने इन लड़कियों से पूर्व की बाते नहीं कीं। मैंने लड़कियों से कहा हम चित्र बनाएँगे लेकिन पहले ठीक से तय कर लें कि क्या बनाएँगे। मैंने कहा, “आप लोग 5 मिनट के लिए बाहर मैदान घूम के आइये और जो चीज़ आपको पसंद लगे तो आकर इसी चीज़ पर चित्र बना सकते है।” लड़कियों को मशविरा पसंद आया वे दौड़ कर मैदान में चली गईं। मैं कमरे में बैठा अंदाज़ा लगा रहा था कि लड़कियों के लिए चित्र बनाना कोई मुश्किल नहीं होगा मगर मैं इस गतिविधि को क्या मोड देकर पाठ्यचर्या के बिन्दुओं से जोड़ पाऊँगा। यहाँ सोचने की गुंजाइश थी और फुर्सत भी। दिशा निकल ही आई।
शब्दों के चित्र
लड़कियां लौट कर आ गईं। वो अपनी पेंसिल संभालें उससे पहले मैने उन्हे रोका। मुझे लगा कि जो जो वस्तु वे देख कर आईं हैं उसके दोनों चित्र अगर एक साथ बनें तो कैसा रहे।? एक वह वस्तु जो वे देख कर आयीं है। एक वह चित्र जो वे अभी बनाने वाली हैं। इसके साथ ही अगर उस वस्तु का शब्द चित्र भी बन जाए तो साक्षारता की जिस प्रक्रिया से ये लड़कियां गुजर रही हैं वह मजबूत होगी। मैंने लड़कियों से कहा कि आप जो वस्तु देख कर आई हैं पहले उसे बोर्ड पर लिखवा दो ताकि सब को पता रहे कि कौन लड़की क्या बना रही है। लड़कियों ने अपने नाम के सामने वस्तुएँ लिखवा दीं। मैंने उन्हें एक तालिका में मोटे-मोटे अक्षरों में लिख दिया।
लड़की का नाम
वस्तु का नाम
लड़की का नाम
वास्तु का नाम 
प्रियंका
नीम का पेड़
ममता
कार
किरण
पिल्ला
पूजा
हज़ारे का फूल
सुमन
कुत्ता
सुमन
पिल्ला
सोनिया
फिसल पट्टी
संगीता
सूरज
विमला
चिड़िया
अनीता
बादल
सोनू
चिड़िया
मोनिका
कार
पूजा
झूला
पुष्पा
पीपल का पेड़
रंग रेखाएँ और आजमाइश
लिखने के बाद एक बार लड़कियों से वाचन करवाया। इसके बाद उनसे कहा कि अब वे चित्र बनाना शुरू कर सकती हैं।
पेंसिल छीलना शुरू .... लाइन खिची ...... रबर से मिटाई .... फिर खिची ..... फिर मिटाई .....
अचानक लड़कियों ने कहा, “ क्या हम अपनी वस्तु के पास बैठ कर उसे देख कर चित्र बना सकते है।” इस एक संवाद ने कक्षा कक्ष के दायरों को एक बार फिर फैला दियाया। ऐसे में न कहने का सवाल ही कहाँ है। एक लड़की आँगन में बैठ कर हज़ारे को निहार रही है।
एक लड़की प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर बैठ गई है, सामने से कार साफ दिखाई दे रही है।
दो लड़कियां पानी के टांके के ऊपर बैठ गईं, वहाँ चिड़ियों को आने जाने में कोई अवरोध नहीं है।
एक रैम्प पर धूप सेक रहे पिल्ले को देख रही है कि वह काला है? सफ़ेद है? या दोनों है?
कोई सूरज से नज़र मिलाने  की कोशिश कर रही है...
कोई बादलों को समेटने की कोशिश कर रही है...
आज हर चिरपरिचित चीज़ एक नए दृष्टिकोण व अजनबीपने से देखी जा रही है।
पानी के टांके के पास चोंच में पानी भरती हुई चिड़िया जाने कब फुदक कर विमला के कागज पर आ बैठी। विमला को गोरैया तो चाहिए लेकिन भूरे फीके रंग की नहीं... विमला ने अपनी डब्बी के सारे रंग छोड़ दिये गोरैया के ऊपर... गौरैया ने उसमे से रंग चुन लिए और विमला के हाथ से छिटक कर अब सोनू के पन्ने पर जा चिपकी। ये क्या किरण और सुमन का पिल्ला तो बड़ा नटखट उठ कर भाग गया। किरण और सुमन भी उधर ही चली जिधर गया पिल्ला। पिल्ला वहाँ से उठ कर फिर बरामदे में.... बरामदे से आँगन में... अब किरण और सुमन को लगा कि मुश्किल चीज़ का चुनाव कर लिया... सुमन मुझसे आकार बोली, “पिल्ला नहीं बन रहा है” मैंने कहा, “कोई और चीज़ को चुन लो... ” सुमन ने थोड़ी देर सोचा और इस कायनात की सबसे अचल चीज़ का चुनाव किया, “सर मैं सूरज बनाऊँगी।”
झट से किरण ने भी पिल्ले से पीछा छुड़ाया और बोली, “सर मैं घंटी बनाऊँगी...”
मोनिका सीढ़ियों  में बैठी अपनी कार व सामने खड़ी कार का मिलान कर रही है... परसेप्शन सेट कर रही है शायद पेड़ पीछे है या आगे?
कूची की बनी कलम
थोड़ी देर में सब कक्षा कक्ष की और लौट चले। अब हमने हिन्दी की शिक्षिका को भी बुलवा लिया था। कक्षा में आकार प्रस्तुतीकरण की बारी थी। मिलकर एक प्रक्रिया तय की। अब भाषा की और चलने का समय था। क्योंकि गतिविधि का सुर रोचकता के जिस बिन्दु पर चढ़ गया था वहाँ से शब्दों से वाक्य बनाने की नीरस कवायद करवाने से मैं  बचना चाहता था। यह बहुत आसान था कि चलो अपने अपने चित्र के बारे में कोई एक बात बोलो। जब कला में बच्चे आकंठ डूबें हो तो गतिविधि को सौंदर्यशास्त्रीय मौड़ देना भी जरूरी है। लड़कियों से कहा कि प्रत्येक लड़की अपना चित्र दिखाने के लिए आएगी... चित्र देखने के बाद उसके बारे में बातचीत करेंगे।
सबसे पहले किरण अपनी घंटी लेकर आई। घंटी पर बात शुरू ही हुई थी कि एक लड़की बोली-
“घंटी बजी  शाला की
टन – टन – टन – टन ”
मैंने पूछा कि और घंटी कहाँ कहाँ होती है ?
 लड़कियों ने कहा, “मंदिर में... ”
“मंदिर की घंटी कैसे बजती है?
“”टन – टन ”
अब अगली लाइन जोड़िए” मैंने लड़कियो से कहा।
“घंटी बजी मंदिर की
टन – टन – टन – टन ”
हालांकि जिस लड़की ने यह लाइन जोड़ी उसने सिर्फ एक शब्द का ही योगदान दिया लेकिन इस योगदान में व काफिये – रदीफ़ की तुरपाई को सीख गई।
एक लड़की ने जोड़ा, “घंटी बोली किरण की... ” अब इसके बाद शायद उम्मीद टन – टन की थी लेकिन इस बात को लड़कियों ने यूं समाप्त किया।
“घंटी बोली किरण की
पढ़ेगी तो बनेगी नंबर वन ”
इस प्रकार यह तय कर लिया कि हर चित्र पर लड़कियों की मदद से तुकबंदी करनी है। चाहे निरर्थक ही हो ... कोशिश यह थी कि टेक्स्ट में भी लड़कियों की दिलचस्पी उतनी ही बनी रहे जितनी कि चित्रों में थी। लड़कियों के चित्र दिखाने का सिलसिला चलता रहा और तुकबंदियों से कविताएं निकलती रही।
कविता 1
मोनिका की तो चलती है
ममता की तो खड़ी है
दोनों की कार बड़ी है


कविता 2
झूला है कितना सुंदर
उस पर झूल रहा है बंदर
देख के पूजा भागी घर के अंदर
कविता 3
चिड़िया चुग रही है
तितली उड़ रही है
चिड़िया चीं – चीं करती है
तितली फुर - फुर करती है




कविता 4
 संगीता का सूरज गुस्से में है
प्रियंका का सूरज झूम रहा है
सुमन का सूरज चमक रहा है




कविता 5
फिसल पट्टी पे सोनिया फिसल गई
कपड़ों पे उसके मिट्टी लग गई
जल्दी से जाकर धोने लग गई
धोते – धोते रोने लग गई

कविता 6
पीपल है छोटा लकड़ी है बड़ी
पुष्पा चित्र बनाए खड़ी – खड़ी
सुमन है छोटी नीम है बड़ा
नीम की डाल पर झूला पड़ा

प्रस्तुतीकरण
कविताएं बन जाने के पश्चात लड़कियों से कहा गया कि आप अपनी कविताएं ब्लैक बोर्ड से उतार कर अपनी पेंटिंग के साथ वाले पन्ने पर लिख लें। उनके लिख लेने के पश्चात यह तय किया गया कि जो भी सृजन हुआ है उसका प्रदर्शन भी किया जाएगा। यूं भी पास के कमरे से कक्षा 6 की लड़कियां बार-बार झांक रही थी कि आज कंडेंस्ड कोर्स में क्या हो रहा है। स्कूल की बाकी लड़कियों को भी एक्टिविटी हॉल में बुलाया गया। पूरा स्टाफ भी उपस्थित हो गया। इसके बाद सभी लड़कियों ने सामने आकार अपने चित्र दिखाए। और चित्र के साथ जो सबने मिलकर तुकबंदियाँ की वे भी प्रस्तुत की गईं। प्रस्तुति से आशय यह भी कि लड़कियों ने कविताएं बकायदा पढ़ के सुनाईं, उत्साह और उमंग के साथ। एक बार फिर कक्षा की सीमाओं का अतिक्रमण हुआ। पहले ज्ञान प्राप्ति के प्रयासों में अबकी बार निर्मित ज्ञान को साझा करने के लिए।
मेरी पिछले कुछ दिनों से यह मान्यता और भी पुष्ट हुई है कि स्कोलास्टिक और को-स्कोलास्टिक के बीच  बहुत बारीक दीवार है जो थोड़े से प्रयास में ढह जाती है। और फिर दो तरफा रास्ता बन जाता है। रास्ता आने जाने का, सीखने – सिखाने का

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे   लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

Saturday, January 28, 2017

गुड्डी गायब है उर्फ जनता ऊँचा सुनती है

बच्चों के साथ एक नाट्यानुभव 
शूज शफल” एक ड्रामा तकनीक  है, इसे जितनी बार बच्चों के साथ करो इसकी उतनी ही संभावनाएं खुल कर सामने आती हैं। करना कुछ नहीं, एक वस्तु लीजिए और बच्चों या अभिनेताओं के बीच रख दीजिए। अब उस वस्तु का प्रयोग करते हुए अभिनय करना है। शर्त यह है कि वास्तव में जो वस्तु है उसे वह वस्तु न मान कर कोई और वस्तु मानना है। केजीबीवी में 91 लड़कियां थीं। सभी को इस गतिविधि में शामिल करना ही था। निकटतम उपलब्ध वस्तु, एक थाली जो हॉस्टल में सहज ही उपलब्ध थी वह लड़कियों के घेरे के बीच में रखी गई। अब लड़कियों को बुलाया गया। यह क्या! कोई भी लड़की उठ कर नहीं आई। क्या बात है... गतिविधि प्रासंगिक नहीं है ... या ... मैं बता ही नहीं पाया ... एक बार फिर बताया गया ... बात जस की तस... अब खोट सामने वाले में देखने की बारी थी। शायद लड़कियों में झिझक बहुत है। क्यों न एक बार फिर अपने सम्प्रेषण को परखा और सीमाओं को देखा जाए, कई बार शाब्दिक सम्प्रेषण काफी नहीं होते। मैंने सभी लड़कियों को कहा कि इस गतिविधि को करने में पहला नंबर मेरा है। मैंने सामने पड़ी थाली को उठाया और उसे आईने की तरह सामने रख कर अपने बाल सँवारने का कार्य किया। मेरे बैठने से पूर्व एक लड़की खड़ी हो चुकी थी। उसने आरती की थाली बना दी। दूसरी लड़की ने भी पूजा जैसी कोई थाली बनाई। उससे कहा गया कि आप एक ही कार्य को दोहरा नहीं सकते। लड़की ने कहा कि यह अलग है, मैं यह थाली लेकर राखी बांध रही हूँ। एक लड़की आयी उसने थाली को थालीपने से सम्पूर्ण मुक्ति देते हुए बारिश में छाते की तरह औढ लिया। एक और लड़की ने उसे रोटी बेलने का चकला बना दिया। एक ने बैठने कि चौकी बना दी। एक ने कचरादान बनाया, एक ने फावड़ा, एक ने सुदर्शन चक्र... लैपटाप ... ढपली.... स्कूल की घंटी... कंघा... पंखा... कॉपी ... किताब... पर्स... बैग ... गिनती 91 तक जाती है... इस बीच नैनी, जो अभी पढ़ना लिखना सीख रही है, जिसके बारे में कहा जाता है कि शिक्षण प्रक्रियाओं में नहीं जुड़ पाती, वह अब तक तीन बार आ चुकी है और हर बार उसके उत्साह में गुणोत्तर वृद्धि हो रही है। कल्पना व सृजनशीलता की ऊष्मा से पिघल कर थाली तरलता में रूपांतरित हो चुकी थी और मन चाहे नाना आकारों में ढलने लगी थी।  अब लड़कियों को बुलाना नहीं पड़ रहा वे आ रही हैं... इससे पहले कि यह आइडिया तरलता से गैस में तब्दील होकर हवा हो जाए इसमें वैरिएशन (बदलाव) जरूरी है।
विचारों के मशरूम
मैंने बदलाव के आशय से लड़कियों से कहा कि यह गतिविधि तो बहुत सरल हो गई है। अब मैं इसे थोड़ा कठिन कर देता हूँ। चार-पाँच लड़कियों ने कहा जरूर कर दीजिए लेकिन एक–एक बार पहले इसे हमे पूरा करने दो। थोड़ी देर बाद मैंने थाली के पास ही एक छोटा बक्सा रख दिया, जो वहीं क्लासरूम में रखा हुआ था। थोड़ा सा विराम आया। कल्पना का विमान अब वैचारिक धरातल पर उतर चुका था। अब तक लड़कियां वस्तु को उसके आकार के अनुसार कल्पना के रंग दे रहीं थीं। अब वे दोनों वस्तुओं के अंतर्संबंध को देख रहीं थीं। उस वस्तु के आकार उपयोगिता व गुणधर्म आधार पर... फिर उसके साथ अपने शरीर को भी ढाल रही थीं। एक लड़की ने बक्से को लैपटाप बनाया तथा पास में रखी थाली से कुछ ले कर खाती भी जा रही है। एक लड़की ने बक्से को पूजा की वेदी बनाया तथा सामने पूजा की थाली रखी। अब थाली अपने मूल रूप की और लौट रही थी और बक्सा कल्पना के रंगों से रंगा जा रहा था। अब लड़कियों ने कहा कि आपने गतिविधि को कठिन करने की बजाए और सरल कर दिया। अब मैंने एक वस्तु कपड़ा भी रख दिया। मैंने कहा अब चाहें तो दो लड़कियां साथ मिल कर भी आ सकती हैं। चंद क्षण में ही लड़कियों के हाथ जुड़ कर जोड़ियाँ बनने लगीं। एक लड़की ने बक्से पर कपड़ा बिछाया, उस पर दूसरी को बैठा दिया तथा थाली में उसके पैर रख कर, पैरों को धोने का उपक्रम करने लगी। एक जोड़ी आई उसने बक्से व कपड़े की स्थिति में बदलाव किए बिना अपने साथी को उस पर बैठाया तथा थाली में से कुछ उठा कर बालों में मेहँदी लगाने का अभिनय किया... एक जोड़ी, भी वैसे ही लड़की को बक्से पर बैठाया, बैठी हुई लड़की के हाथ में थाली को आईने की तरह थमाया और उसकी चोटी बनाने का अभिनय करने लगी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि लड़कियां Photomontage तकनीक की विशेषज्ञ हों और मूल बैकग्राउंड  या झांकी के आगे कुछ इन्स्टाल या रद्दोबदल करके दृश्य को परिवर्तित कर रही हों। लड़कियों की जोड़ियाँ बदस्तूर आ जा रही थीं मंच पर से। उनके अभ्यासों में कथा तो अभी नहीं आई थी लेकिन एक सूत्र जरूर आ गया था जो उन्हे व मंच की वस्तुओं को न केवल बांधता था बल्कि पूर्व में लड़कियों द्वारा बनाए को, विध्वंस न करने की बजाए उसमे कुछ जोड़ता था। यहाँ नाटक की प्रवृत्ति साफ उभर कर सामने आ रही थी जो सहज ही व्यक्तियों को एक टीम बनने की और ले जाती है। मेरे पास बदलाव का और कोई विकल्प नहीं था सिवा इसके कि एक दो वस्तु और व्यक्तियों को जोड़ने की छूट दे दूँ। मैंने कहा कि इसे और कठिन (आसान ) करने जा रहा हूँ। मैंने अब कोने में रखी एक झाड़ू उठा कर मंच के बीच रख दी और लड़कियों से कहा कि अब कितनी भी लड़कियां आ सकती हैं। अब तक यह गतिविधि मूक रखी गई थी अब बोलने की बंदिश भी हटा दी गई।
दो-दो की टोलियाँ चार-पाँच के दल में संघनित होने लगे। चीज़ें बढ़ी व्यक्ति भी बढ़े। चीजों व व्यक्तियों की बढ़ोतरी की गर्मी व नमी पाकर विचारों के मशरूम ज़मीन तोड़ कर बाहर आने लगे। विचारों से कथाओं की कोंपले फूटती दिखाई देने लगीं। एक लड़की थाली को तकिया बना लेती हुई है। दूसरी ने उसको चादर औढ़ा दी है। एक उसे औझा को दिखाने ले जाती है। औझा झाड़ू से झाड़ फूँक करता है। एक और लड़की आकर उन्हे समझाती है और डॉक्टर के पास लेकर जाती है। इसी प्रकार और भी टोलियाँ आने लगीं। डॉक्टर उस सन्दूकची में दवाइयों को लेकर मरीज की जांच करता है। चीजों से विचार तथा विचारों से कथाओं की कोंपले फूटती दिखाई देने लगीं। शुज शफल की की गतिविधि जहां हमारा प्रस्थान बिन्दु था वहीं हमें लग रहा था कि बिना कोई बाह्य विचार लड़कियों पर थोपे महज़ चीजों के सहारे हम उसी मंज़िल तक सहज ही आ गए जहां पहुँचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ता है। यह अहसास होता है कि आमतौर पर हम जिन्हें जड़ वस्तुएँ मानते हैं, दरअसल वे ज़िंदगी की बुनावट साथ लिए रहती हैं। नाटक में अभिनेता का स्पर्श पाकर ये वस्तुएँ पुनर्नवा की तरह जीवंत हो उठती हैं। जितनी वस्तुएँ और व्यक्ति बढ़ेंगे वैचारिक सूत्र मूर्त से अमूर्त की बढ़ने  लगते हैं। जिंदगी उतने ही संस्लिष्ट रूप में नाटक की कथा के रूप में चल निकलती है अपने विराट रूप मे।
थोड़ी ही देर में पूरा समूह छोटी-छोटी टोलियों में ढलता दिखाई दिया। चूंकि चीजों का सेट एक था तो, पहले मैं, पहले मैं की अराजकता भी आई। एक बदलाव के तौर पर फिर एक मोड गतिविधि को दिया गया। सभी लड़कियों से कहा गया कि बाहर आँगन में जाएँ और जो चीज आपको दिखाई दे उसे लेकर आ जाएँ। चीजें इकट्ठी होने पर लड़कियों के  समूह बना दिये। सभी समूहों को अपनी लाई चीजों में से पाँच चीज़ें लेनी है व उनके साथ एक नाटक बना कर लाना है। 
समूह
वस्तुएँ
विचार
कथा का परिवेश
समूह 1.
कंघा, तेल, बाल्टी, मग, डंडा
पढ़ाई व दंड
हॉस्टल व स्कूल जीवन
समूह 2.
कॉलगेट, ब्रुश, फोन, किताब, नेल कटर
पढ़ाई  व दंड
स्कूल मे अफसर का दौरा
समूह 3
डंडा, बैग, गिलास, स्टूल, कॉपी
पढ़ाई, दंड, बाल विवाह 
स्कूल
समूह 4
घड़ी, किताब, रंग, दर्पण व पेंसिल बॉक्स
पढ़ाई
स्कूल
समूह 5
पत्ता, बोतल, झाड़ू, लकड़ी, सोना
जेंडर भेद, अंधविश्वास  
घर समाज
समूह 6
बैग, प्लेट, चाकू, कपड़े, साबुन
मोलभाव
सब्जी का ठेला




समूह 7
पत्ते, गिलास, फूल, दुपट्टा व झाड़ू
अंधविश्वास
अस्पताल व भोंपा
लगभग आधा घंटा काम करने के बाद बच्चे बड़े समूह मे लौट आए। सबने तैयारी के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। यहाँ भी चीजें दोनों रूपों में इस्तेमाल  हुईं अपने वास्तविक रूढ रूप में तथा प्रतीकात्मक व काल्पनिक रूप में। परंतु बच्चों के चीजों के साथ काम करने का एक पैटर्न समझ मे आया कि भले ही चीजों के मामले में हर समूह के पास अलग-अलग चीजें थीं, कथानक व घटनाओं का वैविध्य भी स्वाभाविक रूप से अपेक्षित था लेकिन उनमें गूँथे हुए विचार लगभग समान ही थे। शायद बचपन में चीजों से पेश आने में बच्चों में ज्यादा महारत होती है। किसी भी वस्तु से वे मनचाहा करवा सकते हैं। शायद इसी लिए उन्होने विविधता पूर्ण चीजों के बावजूद अपनी ज़िंदगी के सबसे निकट के व तल्ख अनुभवों व विचारों को अभिवक्ती दी, जो उनके कॉमन से हैं।
इस गतिविधि में चीजों की मार्फत एक सौद्देश्य शैक्षणिक प्रक्रिया की और हम बढ़ चुके थे। छोटी नाट्य प्रक्रियाओं से घटनाओं, कहानियों से होते हुए बच्चों के मुद्दों तक पहुँच चुके थे जो उनके सबसे निकट के है। इन्हीं में से किसी एक पर आगे के दिनों और फोकस्ड होकर काम किया जाना है।
मिला कुंजी वाक्य उर्फ गुड्डी गायब है।  
 एक समूह की प्रस्तुति का दृश्य था कि कक्षा कक्ष में अध्यापिका बच्चों की हाजरी करती है। बच्चे “यस मैडम” बोलते हैं। अब टीचर गुड्डी का नाम पुकारती है। कोई आवाज नहीं आती। टीचर दुबारा नाम लेती है तो एक बच्ची बोलती है, “गुड्डी नहीं है।” टीचर पूछती है, “कहाँ है?” बच्चे कहते हैं – “गुड्डी गायब है!”  
रोलप्ले खत्म होने के बाद हमने “गुड्डी गायब है...” वाक्य को खोलना शुरू किया। हमने लड़कियों से कहा कि अभिनय में और ज्यादा सच्चाई लाने के लिए विवरणों में और गहराई लाना जरूरी हो जाता है। फर्ज़ करो कि गुड्डी स्कूल में नहीं है तो वह कहाँ हो सकती है। इसकी चर्चा में उन सभी ठिकानो को टटोला गया जहां एक स्कूल से ड्रॉप आउट के बाद लड़की के होने की संभावनाएं हो सकती हैं। चर्चा में यह पता ही नहीं चला कि कब यह वाक्य “गुड्डी गायब है” रोल प्ले के संदर्भ विशेष की गुड्डी से निकल, सामान्यीकृत होकर एक आम लड़की या महिला की स्थिति का रूपक बन कर सामने आ गया। चलो, जहां तक चले इस रूपक से ही आगे बढ़ा जाए...
एक सवाल किया गया, “और कहाँ कहाँ से गुड्डी गायब है ?
“अस्पताल से... बस से ... बस स्टैंड से .... शहर से .... गाँव से... गली ... से .... घर से .... ”
“बस, गयाग करने के तरीके अलग-अलग हैं।”
इन्हीं तरीकों में से एक-एक तरीके पर चर्चा करने व उस पर एक कहानी लिख लाने का होमवर्क तीनों कक्षाओं के मिश्रित समूह बनाकर दिया गया। आशय यह भी था कि एक तो होमवर्क के बहाने लड़कियां उन प्रक्रियाओं के बारे में मिल कर सोचेंगी जो लड़कियों को वंचित बनती हैं, दूसरे मौखिक अभिव्यक्ति पर आज काफी काम हो चुका था इसलिए थोड़ा ठहरकर लिखित अभिव्यक्ति भी उभर कर आ सकें।  
अगले दिन सुबह केजीबीवी में पहुँचते ही लड़कियों ने एक्टिविटी हाल में इकट्ठे होकर कहानियाँ सुनाईं।
एक कहानी में संयुक्त परिवार है जहां महिला को अब और लड़कियां न जनने की हिदायत मिल रही है।
एक कहानी, ऐसा लगता है इसी कहानी को आगे बढ़ाती है, जिसमे एक दंपत्ति डॉक्टर से गुजारिश करता है कि वह अल्ट्रासाउंड के नतीजों को जेंडर में अभिव्यक्त कर दे।
तीसरी कहानी भी पहली वाली का तीसरा एपिसोड लगती है, जिसमें कन्या भ्रूण समाप्ति की ओर है।
चौथी कहानी में खाने की थाली में संतुलन का गड़बड़झाला दिखता है। लड़के की थाली बनाम लड़की की थाली।
पाँचवी कहानी में लड़की की पढ़ाई छुड़ाई जा रही है।
छठी कहानी में एक छोटी लड़की का विवाह किया जा रहा है।  
सभी कहानियाँ पढ़कर समझ में आया कि इन सभी कहानियों में कहानियों का प्लाट तो है लेकिन अभी इनकी और फिलिंग होनी बाकी है।
मैंने कहा, “ये कहानियाँ अभी कुछ विवरणों को चाह रही हैं।” उदाहरण के लिए लड़कियों को निम्न वाक्यों पर ध्यान देने के लिए कहा –
महिला पर ससुराल वालों ने भ्रूण जांच करने का दबाव बनाया।”
घरवालों ने लड़की की पढ़ाई छुड़ा दी।”
उपरोक्त वाक्यों पर गौर करें तो यहाँ शब्दों के तीन युग्म हैं।  जैसे – (एक) महिला व लड़की (दो) ससुरालवालों, घरवालों और (तीन) दबाव बनाया तथा छुड़ा दी। लड़कियों से कहा कि पहले युग्म में कहानी के केंद्रीय पात्र हैं इनमे जान तो डालनी ही पड़ेगी। इसके लिए पहले इनका नामकरण करना होगा तभी पात्र का आगे के चरित्र उभरेगा। दूसरे युग्म की संज्ञा भी जातिवाचक है इन्हे व्यक्तिवाचक करने पर कहानी के निर्दोष पात्र बच सकते हैं। कहानियाँ तो आखिर इंसाफ करती हैं न। मुख़तसर में लड़कियों से कहा गया कि जो पात्र ओप्रेसर हैं उन नामों व रिश्तों कों भी संज्ञा दीजिए। तीसरे युग्म के बारे में तफसील इसलिए दी कि इसी से ही कहानियों में संवाद आ पाएंगे। लड़कियों से कहा गया कि आपने लिखा कि पढ़ाई छुड़ा दी। लेकिन यहा यह नहीं पता चल रहा कि किसने क्या कह कर या कर के पढ़ाई छुड़ा दी, या क्या कह कर दबाव बनाया ? यहाँ कुछ बातचीत की गुंजाइश है जिसे दिये बिना कहानी में सच्चाई नहीं आ पाएगी।   अब कुछ क्रिएटिव लड़कियों के ग्रुप ने एक घंटे का समय लिया और कहानियों को मरम्मत करके सोंप दिया।
सभी कहानियों में एक क्रम नज़र आता है। अगर गुड्डी भारतीय महिला का रूपक है तथा गुड्डी को सभी कहानियों का केंद्रीय पात्र मानें तो दरअसल ये सभी कहानियाँ एक ही कथा के विभिन्न सोपान है।
तटस्थता मतलब आइडिया ग्रुप
अब लड़कियों के समूह उनकी रुचि और सामर्थ्य के हिसाब से बनाने का समय था।
एक समूह अभिनेताओं का
दूसरा समूह संगीत का
तीसरा समूह मंच सज्जा के लिए डिज़ाइनर्स का
लड़कियों का एक ऐसा तटस्थ समूह था जिसने किसी भी समूह में जाने की रुचि नहीं दिखाई। एक बार तो मन में आया कि सबको बराबर संख्या में प्रत्येक समूह में धकेल दिया जाए। यह बहुत आसान है। कई बार इसे संभावित एक मात्र विकल्प के रूप में किया भी है। हमेशा शिक्षक का आसान विकल्प की और जाना नवाचार की सम्भावना को कुचलना भी होता है। अचानक मुझे ख्याल आया... मैंने कहा कि यह आइडिया समूह है। यह समूह हमारे साथ रहेगा... विशेष तौर पर अभिनेताओं के समूह के साथ। यह विचार रंग भी लाया। जब हम अभिनेताओं के साथ स्क्रिप्ट पे काम कर रहे थे तब इस तथाकथित तटस्थ समूह से आइडिया तो आए बल्कि अधिकतर ने अपनी तटस्थता को भंग करते हुए समय-समय पर आकार कहा कि क्या यह मैं ट्राई कर सकती हूँ? इस प्रकार आइडिया  समूह का आइडिया काम कर गया।
गहरे पानी पैठ
अभनेताओं वाले समूह के साथ स्क्रिप्ट पर काम आगे का कहानी पर काम करने के दौरान स्क्रिप्ट के संवाद लगभग लिखे जा चुके थे। उनके सम्पादन व संयोजन के साथ अभिनय पर काम समांतर रूप से चल रहा था। गुड्डी गायब है यह तथ्य हर लड़की के लिए कोई पहेली जैसा नहीं था। इस अभिधा को वे व्यंजना के रूप में प्रयोग करना सीख चुकी थीं। जब ऐसा था तो उन्हे पता था कि पूरे भारत मे 1000 पुरुषों की तुलना में कितनी गुड्डियाँ गायब हैं। मालूम करना था तो राजस्थान का लिंगानुपात। गूगल पर लिख कर एक बार एंटर मारने पर आ गया।
लेकिन लड़कियों के सवाल इससे आगे जाते हैं-
जोधपुरा का ?
लूनी का?
गाँव नंदवान का?
इसकी पड़ताल में जनगणना 2011 के दस्तावेज़ खंगाले गए। वहाँ जनसंख्या के आंकड़े तो हैं लेकिन लिंगानुपात तो निकालना सीखना होगा... टीचर्स और टीम के लिए चुनौती ... मदद लेना जारी... यहा फोन लगाओ... वहाँ फोन लगाओ ... भंवर जी से पूछो ... खुद भी हिसाब लगाओ ... गणित के नतीजे पर पहुँचना बहूत उत्साह वर्द्धक होता है। जनसंख्या के इन आंकड़ों ने नाटक के आखिरी दृश्य को एक अद्भुत गणितीय अभिव्यक्ति बना दिया।
नाटक के आखिरी दृश्य मे बाल विवाह के आखिरी संवाद "स्वाहा..." के पश्चात जब एक लड़की आकार बोलती है, "इस तरह एक और गुड्डी गायब हो गई..." तो यह सिलसिला चल पड़ता है।
"इसी तरह रोज हजारों लाखों गायब होती हैं..."
"अलग-अलग तरीकों से... "
“पूरे देश में...”
"आपके राज्य मे... "
"आपके शहर में ... "
"आपके गाँव में ... जी हाँ नंदवान में ... "
नंदवान की कुल जनसंख्या है .........5648  
"नंदवान में पुरुषों की संख्या है ........2893 "
"नंदवान में महिलाओं कि संख्या है ........2755  "
"सीधा सा गणित है कि आपके गाँव नंदवान में 138 गुड्डियाँ गायब है।"
"जी हाँ, 138 गुड्डियाँ गायब हैं आपके नंदवान में ..."
"कुछ सुना आपने?"
केजीबीवी के आँगन के बीच में खड़ी लड़कियां अपना सवाल चारों और से दर्शकों भरे बरामदों तथा छज्जों की और उछालती हैं। सबसे पहले वे सामने की खास चार कुर्सियों से मुखातिब हैं। इन चारों कुर्सियों पर चार खास महिलाएं बैठी हैं। दो पंचायतों की दो सरपंच, एक उप सरपंच,  एक पंचायत समिति सदस्य। तीन घूघट में हैं। जवाब शायद यहाँ है लेकिन पुरानी जमी हुई खामोशी दिखाई दे रही है। अब लड़कियां दायीं और की दर्शक दीर्घा से भी पूछती हैं, “कुछ सुना आपने?
यहाँ गाँव के प्रोढ़ पुरुष बैठे हैं। ये सामने की कुर्सियों की खामोशी की एक वजह भी हो सकते हैं। सवाल इधर की दीवार से भी टकराकर लौट आया। लड़कियों ने अब सवाल सामने के छज्जों पर बैठे नवयुवक व नवयुवतियों के समक्ष शटलकोक सरीखा उछाल दिया। यहाँ शायद प्रश्न के उत्तर हैं और प्रश्न के प्रतिप्रश्न भी। लेकिन सवालों से पेश आने का होंसला व अभ्यास नहीं। अब एक खुसर-पुसर शुरू हो गई। लड़कियों ने फिर पूछा, “कुछ सुना आपने.... कुछ कहना है आपको...?
कोरस – “नहीं कुछ नहीं सुना... ”
कोरस – “क्यो...?
कोरस – “क्योंकि जनता ऊंचा सुनती है।”  

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

अलवर में 'पार्क' का मंचन : समानुभूति के स्तर पर दर्शकों को छूता एक नाट्यनुभाव

  रविवार, 13 अगस्त 2023 को हरुमल तोलानी ऑडीटोरियम, अलवर में मानव कौल लिखित तथा युवा रंगकर्मी हितेश जैमन द्वारा निर्देशित नाटक ‘पार्क’ का मंच...