Showing posts with label कहानी. Show all posts
Showing posts with label कहानी. Show all posts

Friday, March 31, 2017

अलवर की एक शाम किस्सागोई के नाम - दलीप वैरागी

इस लेख को नाट्य समीक्षा न समझा जाए तो ही सही होगा। क्योंकि यह कहीं पर इतिहास है, कहीं पर इतिवृत, कहीं रिपोर्ट है, कहीं संस्मरण है, कहीं पर आत्मावलोकन है कहीं पर आत्मालोचन...  खैर...
27 मार्च 2017, विश्व रंगमंच दिवस के मौक़े पर अलवर में “कहानी रंगोत्सव” का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम कई मायनों में सफल माना जा सकता है। इसमें पहला बिन्दु है – जिस प्रकार 4 अक्तूबर 2015 को रंग संस्कार थियेटर व उसी से सम्बद्ध देशराज मीना ने जो सिलसिला शुरू किया था व अनवरत चल रहा है। यदि मेरे स्मृति क्षीण नहीं हुई है तो इसकी शुरुआत एक दिवसीय हास्य नाट्य उत्सव के रूप में प्रताप औडिटोरियम में हुई थी। उस समय तीन नाटकों का प्रस्तुतीकरण हुआ, जिसमें एक मोलियर का नाटक बिच्छू, हरीशंकर परसाई का निठल्ले तथा तीसरा नाटक प्रदीप कुमार का “उसके इंतज़ार में था”। शुरू के दोनों नाटकों में  दिल्ली के रंगकर्मी मंच पर नज़र आए हालांकि प्रदीप कुमार भी अलवर से हैं लेकिन उन दिनों वे गुजरात प्रवास पर  थे। तब तमाम अच्छाइयों के बीच एक बात यह भी उठ रही थी कि स्थानीय प्रतिनिधित्व नहीं है।
इसकी दूसरी आवृत्ती  के रूप में 14 से 17 जनवरी 2016 को “अलवर नाट्य महोत्सव के रूप में हुई।” अलवर के दर्शकों को देशभर के जाने माने कलाकारों से विविधता भरे नाटकों का पाँच दिन तक फुल डोज़ मनोरंजन मिला। इसका तीसरा चरण 26 जनवरी 2017 एक दिवसीय नाट्य संध्या के रूप में आयोजित किया गया जिसमे दिल्ली और लखनऊ के समूहों ने हास्य नाटको का प्रदर्शन किया। यद्यपि मैं इस कार्यक्रम को नहीं देख पाया लेकिन देखने वालों ने बताया कि एक नाटक मे देशराज ने भी अभिनय किया था।

इस संक्षिप्त इतिहास का विवेचन इसलिए हो रहा है क्योंकि यह एक गति को दर्शाता है। यह गति मात्रा, आवृत्ती व गुणवत्ता की ओर उत्तरोत्तर बढ़ रही है। गुणवत्ता के आशय यहाँ  बहु आयामी हैं। एक आशय यह भी है कि इसकी प्रस्तुतियों ने एक  समन्वित प्रभाव छोड़ा है। दस साल के निर्वात को भरा है। प्रभाव को इस रूप में देखा जा सकता है। आज अलवर में अलग अलग रंग मंडलियों में सक्रियता देखी  जा रही  है भले ही ज्यादरतर प्रस्तुतियाँ मंच तक नहीं पहुँच पाई हैं लेकिन रिहर्सल तक सक्रियता रंगमंच में जुंबिश तो है। हालांकि किसी भी बदलाव के लिए एक ही कारण जिम्मेदार नहीं होता लेकिन बदलाव दृष्टिगोचर है। नाटकों के मंच तक न पहुँच पाने के कारण भी हैं। उन पर भी बात होनी चाहिए तथा वे नाटक किन कारणो से दलदल में धँसे हैं, हो सके तो वहाँ भी इनपुट दिये जाने चाहिए।
खैर, “कहानी रंगोत्सव” की मार्फत रंग संस्कार थियेटर ने एक और सोपान तय किया है। वह है कि इस बार प्रस्तुतियों में 50 प्रतिशत नाटक अलवर की मिट्टी में ही उगे और खड़े हुए।  कहानियों में दलीप वैरागी (यानि मेरे द्वारा ) रवि बुले की कहानी “हीरो एक लव स्टोरी”, नीलाभ पंडित द्वारा माई द पोसा की कहानी “उन्मादी” तथा प्रदीप कुमार द्वारा स्वलिखित कहानी “उसके इंतज़ार में” ये तीन कहानियाँ अलवर के रंगकर्मियों द्वारा प्रस्तुत की गईं।
दरअसल यह गतिविधि मेरे रंगकर्म में एक मील का पत्थर साबित हुई। अलवर के किसी भी मंच पर मैं लगभग डेढ़ दशक बाद दिखाई दिया हूँ। ‘हीरो एक लव स्टोरी’ ने आज वही जोश व उमंग अंदर भर दी है, जैसा उस वक्त महसूस किया करता था। यह कहानी 2000 के आस पास इडिया टुडे की साहित्य वार्षिकी में छपी थी। एक किशोर को केंद्र में रखकर लिखी गई इस कहानी को जब पहली बार पढ़ा तब मैं भी लगभग किशोर था। यह कहानी कहीं उम्र के मूक  प्रश्नो को आवाज देती लगी। तब नाटक का मंच इतनी पकड़ में नहीं था कि कहानी की रंग परिकल्पना की जाए। नाटक का सिलसिला चलता रहा। अंतराल बाद चार-पाँच नाटक निर्देशित करने के बाद भी कहानी तसव्वुर में थी लेकिन हाथ से चली गई। तब विनय मिश्र जी हमें पढ़ाते थे तो उनसे साहित्य वार्षिकी का अंक लिया। लेकिन कॉलेज के बाद दुनियादारी के दलदल में कुछ इस तरह धंस गए कि किशोरावस्था से युवावस्था के रांगडपाने का सफर तय कर लिया पता ही नहीं चला, लेकिन कहानी अभी तक कंधों पर सवार थी। रवि बुले के दोनों कहानी संग्रह भी पढ़ डाले। पिछले साल नरेंद्र को लेकर कहानी की उसके साथ रिहर्सल शुरू की लेकिन कुछ दिन रिहर्सल के बाद बात नहीं बनी। कहानी छूट गई। अभी दो सप्ताह पहले देशराज ने लगभग आदेश भरे स्वर में कहा, “तुम 27 मार्च को एक कहानी का मंचन करने वाले हो।”
मैंने कहा, “भाई कहानी भी बता दो... ”
“रवि बुले की – हीरो : एक लव स्टोरी।”
मुझे लगा कि ईश्वर को यही मंजूर है। कहानी का मंचन होने के बाद मेरे पास दोस्तों के फोन और संदेश आए। वे सब मुझे पुराने अंदाज़ में देख पर खुश लग रहे थे। ये कहानी ही मेरा अटका हुआ प्रोजेक्ट नहीं है बल्कि ऐसे बहुत से नाटक हैं जो अभी तक मंच तक नहीं पहुंचे है। एक बात तो समझ आई कि रिहर्सलों की भी एक्सपयरी डेट तो होनी चाहिए। अभ्यासों का गुणवत्ता के साथ रिश्ता तो है लेकिन अनंत अभ्यासों के साथ बुलकुल भी नहीं है। नाटक के विचार के कंसीव के बाद प्रस्तुति को एक निश्चित समय तक मंच पर आना ही चाहिए। माँ भी 9 महीने के बाद बच्चे को प्रसव कर देती है। अब चाहे वह किसान बने,डॉक्टर बने या चोर। सबको 9 महीने ही गर्भ में रखती है।
बहरहाल कहानी एक नई ऊर्जा का संचार कर के गई है। कहानी में गीतों व ध्वनियों के प्रयोग  से अविनाश ने इसकी प्रभावोत्पादकता को और बढ़ा दिया। प्रकाश परिकल्पना भी अविनाश की रही। मंच के परे सचिन, राजेश महीवाल व नरेंद्र सेन  का सहयोग उल्लेखनीय रहा। कोशिश है कि किसी न किसी तरह उस ऊर्जा के सहारे मंच पर उपस्थिति को बनाए रखने की कोशिश हो।
दूसरी कहानी हरीशंकर परसाई का प्रसिद्ध व्यंग्य।, “भोलारम का जीव ” थी। इसे अंकुश शर्मा ने निर्देशित किया था। अभिनेता के रूप में कृष सारेश्वर, मदन मोहन, चित्रा सिंह व अंकुश शर्मा थे। वे एक कर्मचारी की रुकी हुई पेंशन को पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटते ईश्वर को प्यारे हुए भोलारम के जीव की दास्तान है। इस कहनी मे परसाई जी यमराज के मिथक को  कहानी से  जोड़ देते है। हालांकि अब जैसा माहौल है उसमे मिथकों से काम लेना कम खतरे का काम नहीं। इस कहानी में  नारद है, यमराज है, चित्रगुप्त है।  अंकुश शर्मा इस मिथक में भी कल्पना की छूट लेते हुए यमलोक में भी डिजिटल क्रांति के मॉडल को दर्शा देते हैं वही नारद से वीणा की जगह हारमोनियम पर पॉप म्यूजिक बजवा देते हैं। ये प्रयोग काम करते हैं और दर्शकों को इस लगभग सभी की एक बार पढ़ी कहानी में भी नवीन मनोरंजन परोस देते हैं। सभी कलाकारों का अभिनय बहुत उम्दा था।
तीसरी कहानी माई द पोसा की कहानी “उन्मादी ” थी। यह एक फ्रेंच भाषा की कहानी है जिसके हिन्दी अनुवाद को वरिष्ठ रंगकर्मी नीलाभ पंडित ने प्रस्तुत किया। इस कननी का प्रस्तुतीकरण अन्य कहानियों से जुदा रहा। नीलाभ पंडित जी इस कहानी को दर्शकों को वाचन शैली में सुना रहे थे। निसंदेह वाचन भी कहानी के प्रस्तुतीकरण का एक प्रभावी रूप है। किन्तु जब पूर्व में एक कहानी को दर्शक ड्रामा के रूप में मंच पर चार छ: पात्रों  के रूप में जीवंत देख लें तो उनके मन में किस्सागो से कुछ अलग अपेक्षाएँ बन जाती हैं, शायद । शायद इस वजह से दर्शक वाचन के दौरान अंत तक कहानी के साथ जोड़े नहीं रख पाए। कहानी का विषय भी मनोवैज्ञानिक गाम्भीर्य लिए हुए था। मुझे लगता है कि यह कहानी क्रम में प्रथम कहानी के रूप मे आती तो बेहतर होता। कहानी का चयन भी इसमे एक कारण हो सकता है।
चौथी कहानी फिर से अंकुश शर्मा द्वारा निर्देशित तथा गुलजार द्वारा लिखित कहानी “रावी पार थी।” यह कहानी 1947 के विभाजन में निर्वासन का दंश झेले एक परिवार की त्रासदी है। कहानी का पहला संवाद है – “पता नहीं दर्शन सिंह क्यों पागल नहीं हो गया ? बाप घर पे मर गया। माँ उस बचे-खुचे गुरद्वारे में गुम हो गई। शाहनी ने एक साथ दो जुड़वां बेटे जन दिये। उसे समझ नहीं आता था कि हँसे या रोए! इस हाथ ले उस हाथ दे का सौदा किया था किस्मत ने... ”
सामन्यात: वेदना और संत्रास के जिस बिन्दु पर चढ़ कर कहानियाँ समाप्त होती हैं। ये कहानी दर्शन सिंह की इस अजीब स्थिति से शुरू होती है। उपरोक्त  संवाद बोलने में जितना जीभ को सर्द और सुन्न कर देने वाला है इसे अभिनेता का अपने शरीर पे धारण करना शोलों को धारण करने जैसा है। अंकुश शर्मा जैसे ही किस्सागो की जगह बैठ कर इस संवाद को उच्चारित करते हैं। विंग से बाहर दर्शन सिंह के रूप में कृष सारेश्वर की पथराई हुई चाल दिखाई देती है। चाल ऐसी जिसे देख कर प्रतीत होता है कि कदम कहीं नहीं पहुँचना चाहते लेकिन चलना चाहते  है। उसके साथ अनुगामी चित्रा सिंह है शाहनी के रूप में। मंच के बीच आकार बैठ जाते हैं। कहानी का यह पहला वाक्य अब कृष सारेश्वर के सारे वजूद में नुमाया हो उठता है उसकी यह अजीब सी कैफियत आँखों के फट कर बाहर आ जाने को झाँकती है। कहानी के पहले वाक्य पर दर्शन सिंह के अभिनय ने दर्शकों के दिमाग में इस तरह से पैठ बनाई दर्शक अपलक पूरी कहानी को देखते चले गए। मदन मोहन कहानी मे संगीत के संपुट लगा रहे थे। अंकुश किस्सागो के अंदाज में बोल कर घटनाओं को बोल कर बता रहे थे। और वह जो सब बोला नहीं जा सकता उसे कृष सारेश्वर और चित्रा सिंह  बकायदा अपनी मूक छवि से बता रहे थे।
Image may contain: 1 person, standingपाँचवी कहानी “उसके इंतज़ार में” प्रदीप कुमार लिखित व अभिनीत थी। यहाँ यह बता देना जरूरी है कि यह कहानी उनके पूर्व में किए गए नाटक “उसके इंतज़ार में ” से बुनियादी रूप से अलग है। उसके इंतज़ार में एक युवक की कहानी है। जो प्रेम करता है, प्रेमिका से, देश से, हुनर से, कला से, भाषा से व शौक से। बाधाएँ भी है और संघर्ष भी है। उसे इंतज़ार  है समाज बदलने का, वह सब कुछ आने का। प्रदीप कुमार की लिखी कहानी में कथा क्षीण है लेकिन सूत्र बहुत हैं कथा से लोगों को जोड़ने के। कहनी में घटनाओं का अभाव है और विमर्श ज्यादा हैं। प्रदीप कुमार एक मंझे हुए अभिनेता हैं। वे अपने जबर्दस्त अभिनय से कहानी को सफलता पूर्वक निकाल ले गए। अगर किसी प्रस्तुति में दर्शक सबसे ज्यादा जुड़े हुए दिखाई दिये वो इस कहानी में। यहाँ प्रदीप कुमार का मंच कवि भी उनके साथ  आ खड़ा होता है। वे अपनी कहानी की एक-एक सींवन मंच पर खड़े होकर खोलते जाते हैं और धागे निकाल निकाल-निकाल कर दर्शकों में थमाते जाते हैं। वे कहानी के साथ दर्शकों पर एक अदृश्य जाल सा बुनते जाते हैं। वह जाल दर्शकों को गुदगुदता प्रतीत होता है किन्तु प्रदीप गहरी चोट भी करते जाते है। चाहे वह डिजिटल क्रांति के नाम पर जियो के सहारे जियो जीवन  हो या राजनैतिक परिदृश्य हो, सुविधाओं के नाम पर बुनियादी चीजों को बाजार से लगभग एक साजिश के तहत गायब करके गैर जरूरी चीजों के थोपने की बात हो। शिक्षा व्यवस्था के दोहरेपन पे भी वे गम्भीरे चोट करते हैं। इस कहानी में जो सबसे महत्वपूर्ण बात लगी वह है दर्शकों की सक्रिय सी दिखने वाली भागीदारी। परंपरागत किस्सागो जिस तरह हुंकारा भरवाए बिना आगे नहीं बढ़ता, वैसे ही प्रदीप कुमार दर्शक के चेहरे का रेस्पोंस जाँचे बिना आगे नहीं बढ़ते। यह एक अद्भुत कौशल है।   
छठी व अंतिम कहानी थी कारेल चापेक की कहानी “टिकटों का संग्रह”। कहानी का अनुवाद निर्मल वर्मा का किया हुआ है। कहानी का  अभिनय दिनकर शर्मा ने किया। दिनकर शर्मा झारखंड में रहते हैं व एकल प्रस्तुतियों के लिए सिद्धस्त अभिनेता हैं। यह कहानी एक बच्चे की कहानी है जिसे टिकटों का संग्रह करने का शौक है लेकिन यह शौक उसके पिता को बिलकुल पसंद नहीं है। एक दिन बच्चे को पता चलता है कि उसका संग्रह किया हुआ खजाना चोरी हो चुका है। बाहर से यह एक छोटी सी चोरी है लेकिन उस बच्चे के भीतर से बहुत कुछ सिरे से गायब कर जाती है – उसका व्यक्तित्व। वह अपने दोस्त से नफरत करने लगता है। अपनी पत्नी से जीवन भर प्यार नहीं कर पता है। उसका पूरा जीवन कड़वाहट का इतिहास बन कर रह जाता है। आखिर में जब उसे पता चलता है कि उसके पिता ने .... तो वह फिर से टिकटों का संग्रह शुरू कर देता है... इस कहानी को दिनकर शर्मा बहुत सहजता से धीमी आवाज में शुरू करते हैं। धीरे धीरी अपने सहज सधे  हुए अभिनय से वे दर्शकों को कहानी की दुनिया की सैर पर ले जाने में कामयाब हो जाते हैं। उन्होने बहुत ही सात्विक अभिनय किया ऐसे बहुत से स्थान कहानी में आते हैं जहां वे अपने सात्विक अश्रुधारा में दर्शकों को भी नम व सराबोर कर जाते हैं। कहानी के अंतर्निहित संदेश कि छोटी से छोटी घटनाएँ बच्चों की ज़िंदगी बदल देती है। अत: उन्हे दुनिया को अपनी निगाहों से देखने समझने दिया जाए। दूसरा संदेश या कि जिंदगी के किसी भी मोड पर सपनों को पंख दिये जा सकते हैं।  संदेश दर्शकों तक सटीकता से पहुंचे।  
इस कार्यक्रम का दूसरा आकर्षण रहा रंगकर्मियों का सम्मान समारोह। इसके तहत रंगकर्म में उल्लेखनीय योगदान के लिए रंगकर्मियों का शॉल व सम्मान पत्र भेंट कर सम्मान किया, जिसमे पुराने व नए सभी प्रकार के रंगकर्मी शामिल थे। एक तरफ जहां यह  रंग संस्कार थियेटर ग्रुप  की अनूठी पहल है वही यह पहल देशराज को कुछ दिन परेशान भी करेगी। क्योंकि इतने बड़े जिले में कुछ नामों का छूटना अवश्यंभावी है। उन सवालों का सामना देशराज को शायद करना पड़े। खैर यह पहल अच्छी है। इसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए। हर साल रंगकर्म में उत्कृष्ट कार्य के लिए एक दो रंगकर्मियों का सम्मान होना चाहिए ताकि लोगों का उत्कृष्टता के लिए आग्रह भी हो। उसकी चयन प्रक्रिया भी निर्धारित होनी चाहिए।  
इस कार्यक्रम के सूत्रधार देशराज के लिए जितना कहा जाए कम है। बस इतना ही कहना है कि उनका जज्बा और होसला बना रहे। इसी शिद्दत के साथ वह रंगकर्म में सलग्न रहे। अपनी विनम्रता को बनाए रखे। क्योंकि सफलता सबसे पहले विनम्रता को चाटती है। विनम्रता के साथ ही व्यक्ति स्थायी रूप से सफलता के शिखर पर बैठ सकता है। इस कार्यक्रम में नेपथ्य से चार लोगों का योगदान साफ दृष्टिगोचर हो रहा था – अमित गोयल, नीलाभ ठाकुर, संदीप शर्मा, अविनाश और सचिन।

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

Friday, December 16, 2016

भाषा शिक्षण का एक अनुभव: कहानी तो किसी पे भी बन सकती है

दिनांक : 8/ 12/ 2016
मैंने कक्षा में जाते ही कुछ वाहियात किस्म के सवाल पूछे, जैसे  - “आप क्या पढ़ रहे हैं?” लड़कियों का स्वाभाविक सा जवाब था, “सामाजिक ज्ञान।” मेरे हाथ क्या लगा? सवाल इसलिए व्यर्थ था चूंकि इसके पीछे कुछ जाने की इच्छा थी ही नहीं। लड़कियां अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। यह मुझे पता था। मैं कुर्सी में धंसकर  आगे की तरतीब सोचने लगा। जवाब का सिरा थाम के वार्तालाप का सेतु बांधने की कोशिश की, “आपको सामाजिक ज्ञान पढ़ने में यानि समझने में कोई दिक्कत हो तो बताएँ।” मुझे लगता है सवाल से ज्यादा अहम संप्रेषित हुआ। लिहाजा लड़कियों ने या तो सवाल सुना ही नहीं या जवाब देना उचित नहीं समझा। बातचीत के लिए जमीन अभी समतल नहीं हुई थी। मेरे सामने शेरगढ़ कस्तूरबा विद्यालय की कक्षा 6 की लड़कियां बैठी हैं। कक्षा का विभाजन व बैठक व्यवस्था दो समूहों में है – एक समूह जो शिक्षिकाओं के मापदण्डों के आधार पर कक्षा 6 की दक्षताओं के अनुरूप हैं। दूसरा समूह उन लड़कियों का है जो पढ़ने – लिखने के बुनियादी कौशलों को हासिल करने में अभी संघर्षरत हैं। इन्हे कक्षा दो के स्तर की पुस्तकें दी हुई हैं। अभी पिछले माह की गई बेसलाइन मूल्यांकन की रिपोर्ट के अनुसार ज़्यादातर लड़कियां अभी पढ़ना नहीं जानती हैं।
मैं कमरे को निहार रहा था और बातचीत के सूत्र तलाश रहा था। मुझे लगता है कि किसी भी कक्षा में शुरू के पाँच मिनट शिक्षक के लिए बहुत आसान नहीं होते हैं। मेरे मामले में तो हमेशा ही ऐसा होता है चाहे बच्चे परिचित हों या अपरिचित। इन लड़कियों से मैं पहली बार मिल रहा था। मैंने नाम बताया और अपने बारे में संक्षिप्त परिचय दिया। इस बार फिर मैंने एक और ऐसा सवाल किया जिसका जवाब मुझे पहले ही पता था, “कहानी किस-किसको पसंद हैं।” जवाब में आवाज़ नहीं हाथों हा हवा में लहराना हुआ। इस सवाल के जवाब में मुझे एक और सवाल  एक अंकुर फूटता दिखा... मैंने कहा, “ये कहानियाँ आती कहाँ से हैं?”
“किताब से... ”
“लाइब्रेरी से... ”
“नानी से... ”
दादी से... मम्मी से ... टीवी से .... रेडियो से ... अखबार से .... दोस्त से... सहेली से... पड़ौसी से......
निरर्थक से सवालों के बीज इतनी जल्दी बातचीत की फसल के रूप में लहलहा उठेंगे यकीन न था। लड़कियां उमंग के साथ बातचीत में जुट गईं।  अब मेरे पैर भी सख्त मिट्टी पे खड़े थे मैंने पूर्व प्रश्न की बुनियाद पर ही दूसरी ईंट रखी, “अच्छा ये बताओ कि कहानी किस – किस पर बन सकती है?”
एक झटके में हाथों की फसल फिर कमरे में लहलहा उठी। हाथों की गिनती से मुझे समझ आ गया कि अब हम किधर की दिशा ग्रहण करने वाले हैं। लड़कियों की शब्दावली का जायजा लेने के लिए मैंने उन्हें कहा कि आप बारी-बारी से बोलते जाएँ और मैं ब्लैक बोर्ड पर उन्हें लिखता जाऊंगा। निम्नलिखित शब्द बोर्ड  आकार लेने लगे। जो याद रह गए वे हैं -
बकरी
नाना
नानी
हाथी
मक्की
किसान
शेर
कुत्ता
दादा
रानी
कौआ
मक्खी
चिड़िया
मोर
पत्ता
दादी
पानी
औरत
हिरण
कबूतर
चोर

राजा





मैं शब्दों को बोर्ड पर जहां-तहां छितरा कर लिख रहा था। इसके पीछे था आज का उद्देश्य – शब्द पठन। जब बोर्ड पर चार-पाँच शब्द आते हैं तो शिक्षक के मन में उनको लेकर कई वर्गीकरण के विचार उभरने लगते हैं। जैसे सजीव – निर्जीव, जानवर-पक्षी या मनुष्य इत्यादि। मैंने इन वर्गीकरन के आधार पर इन शब्दों को बोर्ड पर न लेकर आगे की गतिविधियों के लिए स्थगित कर दिया। चूंकि इन लड़कियों के साथ पढ़ना सीखने के साथ काम किया जाना है इसलिए मैं एक जैसी ध्वनि वाले, शब्द मैत्री वाले या फिर जिनमें मात्राओं का कोई पैटर्न दिखाई दे, उन्हें एक जगह, पास-पास लिखना शुरू कर दिया। ताकि लड़कियों को पढ़ने में, अंदाजा लगाकर शब्द को पहचानने में मदद मिल सके।    
बोर्ड के शब्दों से भर जाने के बाद यह  बात भी स्पष्ट को गई कि कहानी में दुनिया की कोई बी शै आ सकती है। थोड़ी सी चर्चा के बाद ग्रुप इस निष्कर्ष पर भी पहुँच गया कि कहानी कोई भी बना सकता है चाहे वह पढ़ा-लिखा या या न हो। यह भी तय किया कि आज हम मिलकर एक कहानी भी लिखेंगे।
अभी तय यह हुआ कि पहले कोई लड़की बोर्ड के पास आकार इन सभी शब्दों को पढ़ के बताए। एक साथ चार हाथ हवा में लहराए। एक को बुलाया गया जिसे अच्छे से पढ़ना आता है। लड़की ने एक-एक करके सारे शब्दों को पढ़ दिया। फिर मैंने कहा कि कोई लड़की शब्दों पर उंगली रख कर एक बार पढ़ो। एक और लड़की ने आकर शब्दों पर उंगली रख कर वाचन किया।   इसमें कोशिश यह थी कि जिन लड़कियों के लिए यह उक्ति प्रचलित है कि “वे नहीं पढ़ सकती .... या इन्हें तो कुछ नहीं आता” वे इस सहभागी वचन प्रक्रिया में बोर्ड के शब्द जाल में से ध्वनियों व आकारों का तारतम्य व पैटर्न पकड़ पाएँ और उनके दरम्यान कोई संबंध समझकर अपने मन की छवियों को इन इबरतों के साथ रख कर देख लें। ये वो लड़कियां नहीं हैं जिन्हें  बिलकुल भी अक्षरों का एक्सपोजर न हो। बल्कि इनमे से अधिकतर तो 5- 6 सालों से अक्षरों के महासागर के भंवर में डोल रही हैं। बस इनके हाथ नहीं लगता है तो अर्थ रूपी किनारा।
तीन-चार बार लड़कियों (जो पहले से पढ़ सकती हैं) पढ़वाने के बाद  मेरा लक्ष्य अब वे  लड़कियां थीं जिनके बारे में यह प्रचलित था कि वे “पढ़ नहीं सकती”। अब मैंने इसे हल्का सा खेल का रूप दे दिया- दोना समूह से बारी बारी से एक लड़की आएगी और पढ़ेगी। इस बार बारी थी दूसरे वाले ग्रुप की। थोड़े संकोच के साथ आकर बोर्ड पर खड़ी हुई, मैंने कहा, “आपके लिए छूट है कि आप कहीं से भी पढ़ सकती हैं।” लड़की ने शुरू से शुरू किया जैसे ही उसने दो शब्दों को पढ़ा पीछे से दो लड़कियों के ताली बजने की आवाज़ आई। इन तालियों का समर्थन बाकी लड़कियो की नजरों में दृश्यमान था। यह वह  लड़की थी जिसके बारे में प्रचलित है, “वह नहीं पढ़ सकती।” अब वह उंगली बोर्ड कि और इंगित किए धीमें- धीमे पढ़ रही है अगले शब्द पर जाने से पहले पिछले को देखती है, मन मे बुदबुदाती है फिर मुखर होती है। आवाज़ बहुत धीमी है। उसकी आवाज को सुनने के लिए कमरे के शोर ने भी अपने आप को उसी कि फ्रिक्वेंसी पर ट्यून कर लिया है। वह पढ़ रही है। शब्द दर शब्द। आखिर जैसे ही बोर्ड पर का आखिरी शब्द उच्चरित किया तो उसकी ध्वनि से करतल ध्वनि शुरू हुई और पूरा हाल गुंजाएमान हो गया। लड़की के लिए इल्म का एक तिलिस्म खुलने के लिए बाकी आलिम लड़कियों का अहतराम था।
इस तरह दोनों समूहों से अनवरत क्रम चलता रहा। सबने पढ़ा। मज़े से पढ़ा। उत्साह से पढ़ा। इस गतिविधि में कोई नहीं थी जो निरक्षर थी।  उनकी टीचर कि नज़रें भी आश्चर्यचकित थीं।
किसी ने कहा, “सर कहानी तो अभी बाकी है।”
मैंने कहा, “कहानी किस पर बनाएँ ?”
लड़कियाँ बोलीं, “कहानी तो किसी पर भी बन सकती है।”
मैंने कहा, “इतने सारे नाम लिखे हैं, तय करके बताओ इनमें से किस पर लिखें?”
“मोर”
 “बिल्ली”
“शेर.... चूहा .... खरगोश....... ” खूब सारी आवाज़ें आने लगीं।
एक लड़की बोली, “सर, जानवरों की नहीं हम इंसान की कहानी बनाएँ।”
दूसरी लड़की – “किसान की कहानी बनाते हैं।”
किसान पर सबकी सहमति बन गई। 
कमरे की पिछली दीवार पर एक और ब्लैक बोर्ड बना हुआ था। चूंकि सामने वाले बोर्ड पर शब्द लिखे हुए थे उसे हमने मिटाना उचित नहीं समझा। हमने तय किया पीछे वाले बोर्ड का प्रयोग करते हैं। सब लड़कियाँ उस और घूम गईं।
मैंने लड़कियों से कहा कि कहानी का शुरू का वाक्य मैं लिख देता हूँ, बाकी की कहानी आपको वाक्य दर वाक्य पूरी करनी है। मैंने वाक्य लिखा –
एक किसान था।
मेरे लिए पहला वाक्य लिखना आसान था। लिकिन कहानी में पहला वाक्य जितना आसान होता है दूसरा वाक्य उतना ही मुश्किल होता है। क्योंकि वह किसी अज्ञात घटना में धंसा हुआ होता है जिसे अभी कल्पित कियाया जाना बाकी है। दूसरे वाक्य के अवतरित होने से पहले सोचने वाले के मस्तिष्क में कहानी की एक रूपरेखा होना लाज़मी होती है। भाषण में शायद इसके उलट होता है वहाँ पहला वाक्य एक बड़ी चट्टान होती है। मैंने लड़कियों से कहा इसका दूसरा वाक्य सोचिए। लड़कियां एक दूसरे की तरफ ताकने लगीं। कुछ लड़कियों के सिर्फ बुदबुदाने का स्वर है लेकिन कोई मुखर नहीं हुई। फिर मैंने कहा कि आपका कोई भी बोला वाक्य इस कहानी का दूसरा वाक्य हो सकता है। देखें कौन लड़की अपना पहला वाक्य कहानी में जोड़ती है, मेरे ऐसा कहने पर उषा खड़ी हुई और बोली-
“वह इधर – उधर घूम रहा था। ”
उषा वही लड़की है जिसके बारे में पूर्व धारणा है कि वह पढ़ नहीं सकती। लेकिन उसके पास भाषा है, एक जिंदा भाषा। जिसके साथ वह सोचने का काम करती है। जिसके माध्यम से वह दुनिया से जुड़ती है। वह कल्पनाएँ करती है , सपने देखती है और उन्हें सहेजकर स्मृति में रखती है। उसी कोश में से एक वाक्य इठला कर अब श्यामपट्ट पर जा चिपका है। बोर्ड का पाठ अब उसी रंग और शक्ल का है जो उसकी स्मृतियों मे बंदनवार सा आच्छादित है। अब उसके लिए पाठ और उसके शब्द सहोदर से हैं। शायद इसे ही तो  पढ़ना कहते  है।
उषा के लिए एक बार कमरा फिर तालियों से गुंजाएमन हुआ।
अब तीसरे वाक्य के लिए जद्दोजहद शुरू हो गई। मैंने कहा, “उषा का किसान कुछ आवारा किस्म का व्यक्ति लग रहा है। क्या आप उसके घूमने को कोई उद्देश्य देना चाहते हो? उषा की ही तरह संतोष, दरियाव पूजा जैसी लड़कियां हैं जिन्हें पढ़ने में दिक्कत है। इस बार दरियाव खड़ी हुई और बोली –
“वह खाने के लिए चीजें तलाश रहा था।”
दरियाव ने किसान की आवारगी को एक मक़सद देकर उसे अपने गाँव के ही किसी दुनियादार व्यक्ति की शक्ल दे डाली जो सुबह से शाम तक खाने के जुगाड़ में लगा रहता है। ज़िंदगी भर प्रेमचंद के होरी  की  तरह रोटी की  मरीचिका के पीछे भटकता रहता है।
एक और लड़की ने जैसे होरी की विडम्बना को भाँप लिया और चौथे वाक्य के रूप में उसकी नियति को तय कर दिया और बोली –
“उसके पास खाने की चीज़ें खरीदने के लिए पैसे नहीं थे।”
अब तक कहानी घुटनों के बल चल रही थी लेकिन इस वाक्य के बाद उसमें पहिये लग गए। एक साथ कई लड़कियों के हाथ खड़े हुए वाक्य जोड़ने के लिए। एक हाथ बाकायदा उषा का भी है। इस बार मौका मिला कक्षा 6 के स्तर की लड़की को। उसने वाक्य दर्ज़ करवाया – “वह अपने भाई के पास गया और बोला कि मुझे कुछ पैसे उधार चाहिए।” मैंने और तफसील के लिए लड़की से सवाल किया कि वह कौनसे भाई के पास गया, छोटे या बड़े? शायद वह अपने अनुभव में गई या यूं ही तुक्का लगाया और वाक्य को यूं फिर से लिखवाया-
“वह अपने बड़े भाई के पास गया और बोला कि मुझे कुछ पैसे उधार चाहिए।”
झट से एक लड़की खड़ी हुई और बोली, सर लिखो –
“उसके भाई ने कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं।”
ईश्वर जाने यह वाक्य अनुभव की तल्खी से जन्मा या फिर उसने बड़ी चतुराई से घटना में नया मोड दे दिया। लेकिन वाक्य बोर्ड की इबारत में दर्ज़ हो चुका था। अब कुछ लड़कियों की शून्य में सोचते हुए थीं और कुछ  लड़कियों के सिर हल्की गुफ्तगू के किए जुड़े और एक अंतराल बाद एक वाक्य किसान के लिए उम्मीद सरीखा कमरे की चुप्पी में उग आया –
“वह अपने दोस्त के पास गया और बोला कि मुझे कुछ पैसों की जरूरत है।”
इस वाक्य ने जहां कहानी में एक उम्मीद जगाई वहीं एक पूर्वाभास ने मुझे चिंतित भी कर दिया कि अब कहीं कोई लड़की उठ कर किसान की इस उम्मीद को भी समाप्त न कर दे। और कह दे कि भाई ने भी मना कर दिया। मैंने भी सोच लिया था कि यदि ऐसा हुआ तो मैं लड़कियों से सवाल जवाब करूंगा कि ऐसा क्यों किया आपने। लेकिन लड़कियां प्रेमचंद की तरह निर्दयी नहीं निकलीं उन्होने प्रेमचंद की तरह होरी को तिल-तिल नहीं रुलाया। उसके लिए यह विकल्प खुला रखा लेकिन सस्पेंस बनाए रखा। अब नया वाक्य था-
“दोस्त ने पूछा कि आपको कितने पैसों की जरूरत है?”
इस वाक्य का अगला वाक्य भी लगभग तय सा है। जो एक गणितीय संख्या होगा।  बस लड़कियों को किसान के अर्थशास्त्र का थोड़ा जायजा लेना है और हल्का सा मानसिक गणितीय आकलन करना है। जो भी, अब किसान ने कहा –
“मुझे पाँच सौ रुपयों की जरूरत है।”
वाह री लड़कियों, गज़ब आपकी बराबरी व न्याय की अवधारणा है आपकी ! आपने दोस्त की जेब भी किसान के ही नाप की सिल डाली। आखिर दोस्त से कहलवा ही दिया –
“इतने रुपये तो मेरे पास नहीं हैं।”
समझती क्या हैं ये लड़कियाँ ! पाँच सौ कोई बड़ी रकम तो नहीं थी, दिलवा देतीं तो क्या बिगड़ जाता दोस्त का? दोस्ती की सच्चाई पर संदेह अब लाज़मी हो गया है। आखिर लड़कियों के मन में क्या है? क्या कोई संभावना बची है? एक लड़की ने उठ कर संभावना को दोस्त में से ही निकाला। अब दोस्त आगे बढ़ कर पूछता है-
“आप इन पैसों का क्या करेंगे?”
लड़कियां भलीभाँति जानती हैं कि किसान की सबसी बड़ी जरूरत वही चीज़ होती है जिसे वह सबसे ज्यादा उपजाता है और खेत – खलिहान से घर तक का सफर तय करने तक वह चीज़ सबसे कम बचती है। एक लड़की अब किसान की बात को अगले वाक्य में रखती है-
“इन पैसों से मैं बाजरा ख़रीदूँगा।”
ब्लैक बोर्ड की सीमाएं निर्धारित हैं लेकिन सृजनशीलता की नहीं, यदि दो वाक्यों में बात खत्म न हुई तो दूसरे बोर्ड की इबारत को मिटाना होगा। लड़कियों ने इसे भी भाँप लिया और और दोस्त के एक वाक्य में कहानी को सुखांत बनवा दिया –
“आप अपनी जरूरत के जितना बाजरा मेरे घर से ले जाओ।”
इस एक वाक्य में लड़कियों ने न केवल कहानी को खत्म किया बल्कि समाज में लगभग खत्म होती इस तरह की विनिमय की परंपरा का मुजाहिरा भी करा दिया। अब किसान से औपचारिकता का वाक्य कहलवा कर घर भेज दिया।
कहानी बोर्ड पर आ चुकी थी। अब मेरा शिक्षक फिर जाग गया। मैंने लड़कियों से कहा कि जरा पढ़कर तो देखो कि अपनी कहानी कैसी बनी नहीं। अपनी कहानी  पद लड़कियों को जहां बोर्ड पर लिखी इबारत से तदात्मय स्थापित करने में मदद करता है वहीं कहानी बनी  पद उन्हे सफलता का अहसास कराता है। जो कि हमारी परंपरागत शिक्षण प्रक्रियाओं में दुर्लभ सा है। सभी लड़कियाँ अपनी कहानी  पढ़ने को आतुर थीं। इसमें भी पूर्व की शब्द पठन की प्रक्रिया की तरह ही कहानी को पढ़ा गया। सभी लड़कियों ने कहानी को पढ़ा। हाँ, उषा ने भी पढ़ा। सफलता व अपनापे के अहसास के साथ।
दूसरी कहानियों पर सवाल जवाब हो सकते हैं तो क्या इस पर भी लड़कियां बातचीत कर सकती हैं? मैंने कुछ सवाल किए भी जैसे -
“भाई ने किसान को पैसों के लिए क्यों मना किया होगा?”
लड़कियों ने चर्चा में बताया कि “ऐसा नहीं कि भाई के पास पैसे नहीं थे, वह पैसे देना ही नहीं चाहता था।”
मैंने पूछा, “इसका क्या सबूत है कहानी में?”
लड़कियां – “इसका सबूत यह है कि जब किसान पैसे मांगने गया तो भाई ने शुरू में ही मना कर दिया यह जाने बिना कि उसे कितने पैसे चाहिए। इससे साबित होता है कि वह पैसे देना ही नहीं चाहता था। जैसे दोस्त ने पैसों के लिए तब मना किया जब उसने जान लिया कि किसान को कितने पैसों की जरूरत है। इससे पता चलता है कि सच में ही दोस्त के पास पैसे नहीं थे।”
बोर्ड और कालांश की सीमाओं में जकड़ी इस इबारत को हो सकता है आप कहानी न माने। लेकिन एक कहानी आज शुरू हो चुकी है जो इस बोर्ड से भविष्य के क्षितिज तक जाएगी। लड़कियां की इस इबारत में हो सकता है कहानी न हो लेकिन लड़कियों के लिए अनंत संभावना है सृजनशीलता के मुस्तकबिल तथा एक शिक्षक के लिए शिक्षण की।  तत्काल मुझे एक संभावना  नजर आई । मैंने लड़कियों से कहा कि पहले वाले बोर्ड पर जो शब्द लिखे हुए हैं उन्हे अपनी नोटबुक में लिख लो लेकिन उन्हे जैसे के तैसा नहीं लिखना है। इस शब्दों में कई तरह के समूहों मे रख कर देख सकते हैं। मैंने लड़कियों से इस शब्दों को वर्गिकरण करके तालिकाबद्ध करने के लिए कहा।

(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 


दलीप वैरागी 
09928986983 

अलवर में 'पार्क' का मंचन : समानुभूति के स्तर पर दर्शकों को छूता एक नाट्यनुभाव

  रविवार, 13 अगस्त 2023 को हरुमल तोलानी ऑडीटोरियम, अलवर में मानव कौल लिखित तथा युवा रंगकर्मी हितेश जैमन द्वारा निर्देशित नाटक ‘पार्क’ का मंच...