Sunday, August 16, 2015

एकल नाटक : उत्तर कामायनी


पूर्वरंग

इस 
 एकल नाटक की पृष्ठभूमि में एक दुस्वप्न है। वह बुरा सपना हमने अपने बचपन में देखा था। यह शीत-युद्ध के आखिर का दौर था। दुनिया दो धड़ों में विभाजित थी। परमाणु बमों का जखीरा इकट्ठा किया जा रहा था। हिरोशिमा-नागासाकी की कहानियाँ भी पहुँच रही थीं... कभी भी तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ा तो परमाणु अस्त्रों का प्रयोग जरूर होगा। सोचकर ही बाल मस्तिष्क में तरह–तरह के दृश्य तैर जाते थे। सोवियत संघ के विघटन के साथ तस्वीरें नेपथ्य में चली तो गईं, लेकिन  जब भारत व पाकिस्तान ने जब होड़ा-होड़ी परमाणु परीक्षण किए तो तस्वीरें फिर मानस पटल पर आ गईं। उस वक़्त  कॉलेज मैं कॉलेज में पढ़ रहा था। इसके साथ ही वह नाइटमेयर फिर फिर आँखों के सामने तैरने लगा, तो इसे कागज पर उतरना शुरू किया।  इस तरह  यह वर्तमान स्वरूप मे पहुँच पाया। तब इसकी फॉर्म के बारे में भी नहीं सोचा था, बस जैसा सूझा वैसा लिखना शुरू कर दिया। साल 2000 में लघुनाटकों के मंचन की योजना बनी। एक तो मंटो का टोबाटेकसिंह तय था तो दूसरे के बारे में विचार आते ही यह आलेख दिखाई दिया। जिसकी संकल्पना युवा निर्देशक मुकेश गोयल ने एकल नाटक के रूप में की, और 31 मार्च 2000 को नाद, अलवर के बैनर से, उत्तर कामायनी के नाम से इसका मंचन हुआ।  मैंने उस वक़्त इसमें अभिनय किया था। उसी साल बाबू शोभाराम आर्ट्स  कॉलेज, अलवर  की पत्रिका ‘सृजन’ में यह “अंत में सन्नाटा” नाम से प्रकाशित हुआ। आपके सामने प्रस्तुत है यदि आपको यह एकल नाटक के रूप में उपयुक्त लगे तो आप इसके साथ एकल नाटक जैसा बर्ताव करें।

 नाटक के अभी तक हुए मंचनों का विवरण इस प्रकार है -


क्रम सं.  

मंचन की दिनांक

मंचन का स्थान

निर्देशक / अभिनेता

1

29 जनवरी 2017 

सागर,  मध्य प्रदेश

निर्देशक - मयंक विश्वकर्मा, एमपीएसडी (मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय)

अभिनेता - मयंक विश्वकर्मा

2

22 दिसंबर 2019

हजारीबाग, झारखंड

निर्देशक - सौरव सिंह

अभिनेता - सौरव सिंह

3

17 मार्च 2022

अलवर

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

4

20 मार्च 2022

रवीन्द्र मंच, जयपुर

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

5

4 अगस्त 2022

इंदौर, मध्य प्रदेश

निर्देशक - निते श उपाध्याय

6

18 अगस्त 2022

गेयटी थियेटर, शिमला

निर्देशक - केदार ठाकुर

अभिनेता – सुमित ठाकुर

7

17 सितंबर 2022

रोहतक

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

8

3 अक्टूबर 2022, 

अलवर

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

9 

27 नवंबर 2022

दिल्ली

निर्देशक - योगेश जलूथरिया

10

8 अक्टूबर 2022 

नाहन

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

11

9 नवंबर 2022

पटियाला

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

12

10 मार्च 2023

अलवर

निर्देशक – देशराज मीणा

अभिनेता – हितेश जैमन

13

27 मई 2023 

बिलासपुर

निर्देशक - केदार ठाकुर

अभिनेता – सुमित ठाकुर

14

3 जनवरी 2024

रायगढ़,

निर्देशक – श्याम देवकर

अभिनेता – युवराज सिंह आजाद

15

29 अगस्त 2024

मैजिक इफ टिएटर ग्रुप, मुंबई

निर्देशक – सौरभ बंसल  

अभिनेता – अंकित सिंह विष्णु


उत्तर कामायनी   
(पर्दा खुलने पर अंधकार। प्रकाश वृत्त एक युवक पर आता है, युवक आलोकित होता है। प्रकाश वृत्त ठहरा हुआ है। युवक भी स्थिर है। केवल संगीत चल रहा है। युवक में हल्की जुंबिश... चेतना अधिक होने पर कराहटें... अचानक उठ बैठता है। विस्फारित आँखों से अपने चारों और देखता है। बड़ी तत्परता से मंच पर कुछ तलाशने लगता है। अचानक कुछ क्षण के लिए मंच से गायब... कुछ असपष्ट प्रलाप, जैसे किसी को पुकार रहा हो। उसी हालत में मंच पर आकर तलाश जारी... अंततोगत्वा वह अपना सिर पकड़ कर खड़ा हो जाता है, जैसे अभी गिर पड़ेगा। ऐसा प्रतीत होता है कि पेट से उठे शब्द कंठ तक आकार दम तोड़ रहे हैं। लंबे सन्नाटे को तोड़ते हुए बोल उठता है।)
कहाँ गए सब के सब?... शायद मर गए।
 (अचानक भूल सुधार करते हुए)
शायद क्यों यकीनन मर गए होंगे। इस विध्वंस-यज्ञ में भला किसी के बचे रहने की उम्मीद की जा सकती है?
(सन्नटा)
इतनी लाशों में से अपनों को कैसे खोजूँ? पहचान हो जाए तो ठिकाने लगा दूँ। ... नहीं अपने-पराए का भेद तो संकुचित हृदय के लोग करते है... शायद कहीं पढ़ा था यह .... मुझे सबको ठिकाने लगाना होगा।
(मंच पर पड़े हुए शवों को एक-एक करके घसीटता हुआ विंग से बाहर छोड़ आता है। दो तीन बार यही क्रम। अब थका हुआ व इरिटेडेट प्रतीत होता है। इस बार वह बड़बड़ाता हुआ मंच पर आता है।)
हे विधाता! किस-किस को ठिकाने लगाऊँ, लाखों करोड़ों मरे हैं यहाँ। क्या मेरे अकेले का ठेका ले रखा है। ये रेडक्रॉस वाले कहीं मर गए क्या? सरकारें भी कितनी निकम्मी हैं, बताओ अभी राहत-दल नहीं पहुंचे हैं। ... भाड़ में जाएँ सब के सब, मैं अकेला ही क्यों पचूँ। अरे जब रेडक्रॉस, सरकारें सब के सब खप गए तो साले चील, गिद्ध और कुत्ते भी मर गए क्या? क्यों नहीं इन सब को नोच-नोचकर खा जाते, क्यों नहीं आते इस महाभोज में। 
(अचानक जैसे चेतना लौटती है।)
आह! ऐसे समय में बुद्धि भी कुंद हो जाती है। ठीक ही कहा है – “विनाशकाले विपरीतबुद्धि:”। मैं क्यों व्यर्थ में प्रलाप कर रहा हूँ, कौन बचा होगा इस धरती पर यह सब संपादित करने के लिए? सामान्य लड़ाई नहीं हुई यह, वर्ल्ड वार, तीसरा विश्व युद्ध परमाणु बमों से लड़ा गया है यहाँ...
(कुछ चहलकदमी)
आखिर क्यों बार-बार मुझे अपनी आँखों देखे पर यकीन नहीं होता? पश्चिम के क्षितिज से मैंने देखा था... अचानक लाखों बिजलियों की कानफोड़ गर्जना के साथ एक अग्नि-पुंज, एक बड़ा सा आग का मशरूम, जैसे ब्रह्मांड के हजारों सूर्य आज एक साथ निकले हों। जिनके सामने हमारा दैनिक प्रहरी सूर्य भी जाने कहाँ दुबक गया। आग का गुब्बारा सब कुछ समेटता चला गया। सारा दृश्य बदल गया, जैसे यवनिका डाल कर बड़ी चतुराई से, पल में ही नाटक में दृश्य बदल दिया हो – गगनचुम्भी इमारत मलबे का ढेर हो गई, ठूंठ वृक्ष ऐसे लग रहे थे, जैसे यूं ही बोए थे, सोखी हुई लाशें, सड़कों के प्रकाश स्तम्भ पिघलकर किसी एब्स्ट्रैक्ट पेंटिंग में तब्दील हो गए... बस ... बस इतना ही देख पाया था मैं। उसके बाद वह चमकीला बादल मेरी आँख की पुतली में समा गया जो गहरा होकर एक काले धब्बे के रूप में जम गया। इसके बाद क्या हुआ मैं नहीं जानता... आह! उसके बाद भी कुछ होना बाकी था?
(उसका एकालाप कुछ देर के लिए शांत, अचानक फिर बड़बड़ाने लगता है।)
कितना भयावह था वह सब, जिसको घटे अभी ज्यादा समय नहीं हुआ। जिस कायनात को कुदरत की करोड़ों साल की कलकारी ने तिनका-तिनका करके सिरजा। इंसानियत की पीढ़ियों की मेहनत ने संवारा... सब .... सब... एक मिनट में... एक मिनट भी कहाँ लगा। इतना भयानक महाविनाश, वैज्ञानिक जनसंहार, जिसे मैंने अपनी इन एक जोड़ी आँखों से देखा... लेकिन, शायद उस विध्वंसकारी घटना का चश्मदीद गवाह अब मैं ही बचा हूँ, शायद सुनने वाला भी। इस विश्व-रंगमंच का अकेला अभिनेता या यों कह लो अकेला दर्शक भी
(बोलते-बोलते उसका गला अवरुद्ध होने लगता है। ऐसा और बहुत कुछ कहना चाह रहा है, मगर कह नहीं पाता। लेकिन विवशता को तोड़ते हुए फूट पड़ता है।)
क्या कहूँ? किससे कहूँ? बहुत कुछ है जो कहना चाहता हूँ, मगर कह नहीं पा रहा हूँ। मेरे शब्द गले से निकालने से पहले ही निष्प्राण हो रहे हैं। मेरा एकलाप सुनने के वास्ते कौन बैठा है इस धरा पर। जब कोई नहीं है तो किसे सुनाऊँ वह जो सारे विश्व की संश्लिष्ट पीड़ा-सी मुझमे समाहित है, किसे सुनाऊँ वह त्रासद-क्षण जो अभी मैंने मर-मर के जीये हैं। उनका एक एक का सिलसिलेवार बयान करना चाहता हूँ। मन के ज्वार को उतारना चाहता हूँ।... देखो न! मेरा एक-एक शब्द कितना सार्थक है, प्रयोजनीय है। पर ये व्यर्थ की बकवास क्यों बन जाते हैं। मुख से निकलने के बाद अंतहीन व्योम में विलीन क्यों हो जाते हैं, उनकी प्रतिध्वनि तक सुनाई नहीं पड़ती। क्या प्रतिध्वनित करने वाले तमाम अवरोध हट चुके हैं?
(पिच बदलता है।)
 आह! शब्दों की सत्ता क्या इसीलिए होती है कि उसके सुनने के लिए कोई कर्ण-युगल हो। क्या आज इस सामूहिक मौत के साथ शब्द भी मर गए। ओह! मैं तो सोच रहा था कि मुझ से बाहर ही मौत का तांडव फैला था। ये मेरी गलत फहमी थी कि मैं बच गया...  लेकिन बहुत कुछ है जो मेरे अंदर भी ढह गया...मर गया ...मेरे भीतर भी मौत पसर चुकी है। उसने सबसे पहले मेरे शब्दों का गला घोंटा है... भाषा को मारने के बाद इंसान को मारना आसान होता है...   
(विक्षिप्तता)
बाहर के धमाके के शोर में मेरे अंदर शब्द भी घुट कर मर गए... भगवान शब्द की आत्मा को शांति दे... क्या मेरे मुंह के शब्द भी मर गए! ओह लगता है मेरे अंदर भाषा ने आत्म हत्या कर ली... आदमी अकेलापन बर्दाश्त कर सकता है लेकिन भाषा अकेलेपन से डरती है... इसी डर से उसमे आत्महत्या कर ली।
(विक्षिप्तता बढ़ती है)
सुनो पाणिनी... सुनो चोम्स्की .... कालीदास... शेक्सपीयर सुनो तुम्हारी सजाई-सँवारी, पाली-पोसी भाषा ने आज आत्महत्या कर ली... ‘संस्कृत देवों की भाषा है” ... “वह श्रेष्ठ है ... सभी भाषाओं की जननी है”... “अँग्रेजी शोषण की भाषा है”... सीखो, बाजार की भाषा है, अँग्रेजी संसद में है, अँग्रेजी हाईकोर्ट में है, नोकरियों में है... हिन्दी राष्ट्रभाषा है ... हमें हिन्दी से प्यार है ... हिन्दी दिवस जिंदाबाद... अँग्रेजी की छाया में रोज भाषाएँ मर रही हैं... सब शोर खत्म ... सारा कोरस शांत... लो सच में भाषा मर गई...साथ में ही मर गई सारी इश्क की दास्तानें, परिकथाएँ ... लैला मजनू... हीर रांझा... शीरी फरहाद... अलिफ लैला ... पंचतंत्र...  मेरे अंदर आज भाषाओं का एक कब्रिस्तान है...  किस्से-कहानियों, परिकथाओं,  मिथकों व शब्दों का शमशान है... 
(घृणा से)
इससे पहले कि ये मुर्दा शब्द मेरे मुंह में सड़ जाएँ, मुझे इनको बाहर निकाल फेंकना चाहिए। मुझे बोलना चाहिए...
(पागलपन बढ़ जाता है।)
बोलूँगा, जरूर बोलूँगा, धाराप्रवाह बोलूँगा ! अविराम बोलूँगा!! इससे पहले कि मेरे मुख से बदबू आने लगे निकाल फेंकूंगा सारे के सारे शब्दों को। बोलूँगा, तब तक बोलूँगा जब तक कि एक भी भी मुर्दा शब्द मेरे मुख में बाकी है।
(ज़ोर देकर)
बोलूँगा, हाँ-हाँ मैं बोलूँगा, बोलूँगा ... बोलूँगा... बोलूँगा..........
(हाँफने लगता है। लंबी श्वासें साफ सुनी जा सकती हैं। धीरे-धीरे सामान्य होता है। एक पर्याप्त समय तक सन्नाटा।)
नहीं, नहीं बोलूँगा मैं। क्यों बोलूँ मै? पहले क्या कम बोला गया है इस धरती पर। बोलना तो शोर होता है न, और शोर प्रदूषण। 
(सन्नाटा)
देखो कितना प्यारा लग रहा है यह सन्नाटा। बहुत दिनों बाद आया है बेचारा। सन्नाटे, इतना बता, तू चाहता तो चुपचाप आकार पसार सकता था, मगर इस बार तू धमाकों के साथ क्यों आया?... अच्छा बहुत आहात किया था तुझे – धड़धड़ाती मशीनों ने, लाउड स्पीकरों नें, युद्ध दुंदुभियों नें। लगता है इस बार लंबी तैयारी करके आए हो। वैल्कम, अब आप ही रहोगे मेरे साथ। तो फिर मैं तुम्हें शब्दों से आहत क्यों कर करूँ ? अब तुम्हें ही तो रहना है मेरे साथ और मेरे बाद अपनी संपूर्णता में। तो फिर अपने इस परम साथी को परेशान क्यों कर करूँ? ... आओ सन्नाटे! आपका स्वागत है। सन्नाटे! मेरे मित्र! मेरे साथी! तू शाश्वत है, तू सत्य है, तू ही सुंदर है। जब कोई इस धरती पे नहीं था, तो तुम थे। अब कोई नहीं रहेगा, तो तुम रहोगे। तुमसे ही दुनिया शुरू हुई, तुममें ही विलीन हो गई। ..... माने !.... मिल गया ! आज मिल गया जिसे ऋषि-मुनि जीवन भर खोजते-खोजते खप गए, आज मिल गया – परम सत्ता ! यही है सन्नाटा!! सन्नाटा महान है, सन्नाटा भगवान है, सन्नाटे तुम्हारी उम्र लंबी हो, तुम अमर हो। ... नहीं बोलूँगा... 
(कान पकड़ कर)
... नहीं बोलूँगा, बिलकुल नहीं बोलूँगा ... तो क्या करूंगा?
(सोचता है)
चिंतन करूंगा। किस पर चिंतन करूंगा? जब सब कुछ था तो दार्शनिक उसमे से ‘कुछ नहीं’ तलाशते थे। अब कुछ नहीं है तो मैं उससे कुछ न कुछ तलाश ही लूँगा। आखिर मैं ऋषियों, दर्शनिकों - सुकरात, प्लेटो, मार्क्स, हीगेल आदि की आखिरी कड़ी पे हूँ। जब तक हूँ मुझे परंपरा को आगे बढ़ाना है। हाँ मैं चिंतन करूंगा। तो फिर अपने निष्कर्ष किसे सुनाऊँगा? संगति के बिना चिंतन तो सारहीन होता है। .... कहूँगा सबसे कहूँगा। डही इमारतों की एक-एक ईंट से कहूँगा, सड़ी लाशों को सुनाऊँगा, ठूंठ पेड़ों को सुनाऊँगा, सब को सुनाऊँगा ... सबको...
(थक जाता है। पीठ पे किसी चीज़ का सहारा लेकर बैठ जाता है। आँखें बंद कर लेता है। लंबी सांसें भर कर छोड़ता है। कुछ क्षण चुप्पी।)
काश हम हिरोशिमा-नागासाकी से कुछ सीख पाते... जब परमाणु परीक्षण हुआ तो पूरे हिंदुस्तान की छाती फूलकर गजभर की हो गई थी। उनमें सर्वाधिक पुलकित मैं भी था। अखबारों में प्रशस्तियां मैंने भी लिखी थीं। मेरा देश महाशक्ति बन गया। सोचता था देश हथियारों से बड़ा बनता है। यह मानसिकता अचानक नहीं उग आई थी। कहानियों व शौर्यगाथाओं की मार्फत बालमन से ही बोई गई थी, जो एक लंबी परंपरा की उपज थी। अकेले अश्वत्थामा के पास ही नहीं होता है ब्रह्मास्त्र। अर्जुन के पास था तो कर्ण भी पीछे नहीं था। हुआ क्या यद्ध की त्रासदी उस युग की सारी जनता ने भोगी। ... यही, बिलकुल यही तो इस युग में हुआ। अमेरिका ने आणविक हथियार बनाए , तो रूस-चीन भी पीछे नहीं रहे; भारत ने परमाणु परीक्षण किए तो पाकिस्तान ने दो ज्यादा फोड़े।
(पिच बदलकर )
कभी नहीं सोचा कि देश हथियारों से बड़ा नहीं होता। देश बड़ा होता है शिक्षा से, अच्छे राष्ट्रीय चरित्र से एवं उत्कृष्ट जीवन स्तर से। इस पर कभी ध्यान नहीं दिया गया। मात्र हथियारों के संग्रह से देश बड़ा कैसे हो सकता है?... कहते थे कि ये हथियार केवल रखने के लिए बनाए हैं। इनका इस्तेमाल कभी नहीं होगा। मगर यह भी सत्य है कि जो शस्त्र एक बार बन जाता है वह प्रक्षेपित अवश्य होता है। भले ही वह उत्तरा के गर्भ पर हो, लेकिन वह प्रक्षेपित जरूर होता है। हमने कभी नहीं सोचा इन हथियारों से वे तमाम निर्दोष लोग निरीह प्राणी मारे जाते हैं जो इस सारी भागमभाग से अपरिचित हैं। खेत और खलिहान में काम करने वाले मजदूर की क्या गलती थी जो बेचारा अपने जीवन में दो रोटी का जुगाड़ नहीं कर सका, वह बेखबर क्या जनता था कि उसके हिस्से की रोटियाँ वहाँ जमा होकर विनाशकारी बारूद बन रही हैं। क्या दोष था उनका? हे विधाता ! बताओ क्या दोष था मेरा? क्यों मिली मुझे यह सजा? मैंने तो उनका कुछ नहीं बिगड़ा। मैं तो कभी उनकी महत्वकांक्षा की राह में नहीं आया। मैं तो हर किसी की मानता रहा। किसी ने कहा – ये वाले चिप्स खाओ, तो मैंने खाया, किसी ने कहा- उस साबुन से नहाओ, मैं नहाया, किसी ने कहा- ये बनियान पहनो, मैंने पहनी। किसी ने कहा, गोरा करने वाली क्रीम लगाओ तो वह भी लगाई... फिर किसी ने कहा कि ये क्रीम तो औरतों वाली है, तो फिर मर्दों वाली भी खरीद कर लगाई... बताओ मेरा क्या दोष था?
(आवेश में खड़ा होकर तेजी से चल देत है। अचानक किसी चीज से ठोकर लगती है। संभलकर गुस्से-से उस पर पाँव पटकना चाहता है, मगर यह सोचकर कि क्षति अपनी ही होगी, झुककर उस वस्तु को गौर से उलट-पलट कर देखता है। जैसे उसकी स्पष्ट पहचान नहीं बन पा रही है। फिर अचानक पहचान लेता है। चेहरे पर मुस्कान व विस्मयमिश्रित भाव।)
कंप्यूटर... हा हा हा
(अट्टहास)
तू भी मर गया ! आह ! विज्ञान का चरमोत्कर्ष... या विज्ञान का अंतिम अवशेष... जीवाश्म, जिसे सदियों बाद धरती खुरच-खुरच के निकाला जाना था। अं... कितनी भयानक सूरत हो गई है विज्ञान की इस तरक्की की... विज्ञान मानव भलाई के लिए था। इसका जन्म कुम्हार के चाक से या किसान की हल के फाल के साथ हुआ था। अरे ओ ... वो  आज भी मिट्टी खुरच रहे थे और तू अपना निरंकुश विकास करके किनके डिब्बे में दुबका बैठा था। जब-जब स्वार्थी लोग अपने स्वार्थ के लिए विज्ञान के आविष्कारों का इस्तेमाल करेंगे जनता त्रासदी भोगेगी... शायद गैलियोन ने कहा था। सही कहा था। कितना महान व्यक्तित्व मारा गया। असमय तो मरा लेकिन बेकसूर नहीं।
(अट्टहास)
हा हा हा ... साइंस ने आत्म हत्या कर ली...
(विक्षिप्तता पुन: लौट आती है।)
आज के मुख्य समाचार हैं कि साइंस ने आत्मा हत्या कर ली... चलिये आपको घटना स्थल की और लिए चलते है... हैलो हैलो ... हमारे फील्ड रिपोर्टर से संपर्क नहीं हो पा रहा है... विज्ञान की आत्महत्या की सभी देशो के राष्ट्राध्यक्षों द्वारा निंदा की गई है... हैलो हैलो ... समाचार विस्तार से ... वैश्विक शोक की घोषणा...छुट्टी की घोषणा...  सम्मान के साथ विज्ञान की अन्त्येष्टि की जाएगी...
(थोड़ी देर शांत फिर बोलता है।)
चलो इस महान शख्सियत का अंतिम संस्कार कर देते हैं। यह तो मानव धर्म ही है। इस समय सभी धर्मों का प्रतिनिधि मैं ही तो बचा हूँ। तो फिर मैं इस कर्तव्यभार से च्युत कैसे हो जाऊँ।
(युवक इधर-उधर से कोई चिथड़ा लहर उसे ढँक देता है। जमीन खुरचकर एक गड्ढा बना देता है। बड़े सम्मान से उसे गड्ढे में रखता है। मिट्टी डाल कर ऊपर गर्दन करके बुदबुदाता है। फिर ज़ोर से।)
भगवान ! इसकी आत्मा को शांति दे...
मेरा हुक्म है कि विज्ञान के सम्मान में इक्कीस तोपों की सलामी दी जाए...
ठाँय... ठाँय... ठाँय............  
(कुछ पल शून्य में ताकता रहता है फिर अचानक चिल्ला उठता है।)   
आखिर किस-किस को दफनाऊँ। लाखों-करोड़ों क्षत-विक्षत शव, भुने मांस की बदबू... ये जहर घुली हवाएँ कब तक मुझमें प्राणों का संचार करेंगी? हर सपंदन के साथ प्राण जैसे बाहर उड़ना चाहते हैं। मेरी मौत भी अवश्यंभावी है। सबसे भयानक मौत मरना है मुझे। पर इतनी आसान नहीं मिलेगी मौत... वर्षों इंतज़ार करना होगा दुनिया की सबसे खौफनाक मौत का। इंतज़ार करना होगा। कब मेरी धमनियों का रक्त सड़ जाएगा, मेरे अंग कुष्ठ से गलकर गिर जाएंगे... क्यों नहीं मर गया मैं ... ऑफिस की दीवार गिरी, पर मुझ पर नहीं। कितना हतभागा हूँ मैं, मुझसे मौत भी मुँह मोड़कर चली गई। हे भगवान! क्यों बचा लिया मुझ अकेले को? क्यों ?
(फिर चुप्पी। अब उसकी नजर एक बच्चे के शव पर पड़ती है जो पूरी तरह से जला है। उसके हाथ में क्रिकेट का बल्ला अभी भी है। बल्ला लेकर उसे विस्फारित नेत्रों से देखता है।)   
मासूम, च-च-च स्कूल का बस्ता घर पे रखते ही चला आया होगा साथियों से क्रिकेट खेलने। शायद बल्ला लेकर खड़ा था, साथी द्वारा फेंकी जाने वाली गेंद के इंतज़ार में कल का सचिन, गावस्कर व ब्रैडमैन शॉट जमाने के लिए। मगर यह अभागा क्या जनता था कि दुनिया की प्रयोगशालाओं में एक से एक गेंद तैयार की जा रही हैं जिनके मुक़ाबले का बल्ला आज तक नहीं बना। नहीं झेल पाया एक भी गेंद ... इस वर्ल्डकप में भी गेंदबाजों की ही जीत हुई।
जब हम छोटे थे तो मोहल्ले के सभी बच्चे मिलकर पास का मैदान साफ करके खेलने के लिए तैयार करते थे। लाइने खींचते थे।  पोल लगते थे। नेट बांधते थे... टीमें बनाकर खेलना शुरू करते थे... पूरे उत्साह के साथ... बच्चों का खेल जमते ही बड़े एक - एक करके आना शुरू कर देते थे। जैसे ही कोई बड़ा आता तो हम बहुत खुश होते कि यह हमारे पाले में आएगा तो हम जीत जाएंगे! और वह बड़ा पाले में आता और उसके एवज में एक बच्चे को मैदान के बाहर खड़ा कर दिया जाता... धीरे-धीरे बड़े आते रहते और बच्चे बाहर बिठाए जाते एक एक करके... दो एक घंटे में सभी बच्चे मैदान के बाहर होते और बड़े खेल मैदान के अंदर। खेल वही होता था उत्साह भी उतना ही होता था केवल खिलाड़ी बदल जाते थे। जो पहले खिलाड़ी थे वे बाहर शोर मचाता हुआ कोरस बन जाते थे। " ये मारा ... बहत बढ़िया .... हम ही जीतेंगे"। हमें पता ही नहीं चलता था कि हमारे मैदान में कोई और ही खेल गया! अगले दिन हम बच्चे फिर मैदान साफ करते ... लेकिन युद्ध कोई बच्चों का खेल नहीं। जंग, जंग होती है... भयानक होती है। इसमें भी एक -एक करके बड़े खिलाड़ी आ जाते हैं... फिर एक वक्त ऐसा होता है जब जंग शुरू करने वाले महज शोर मचाने वाला कोरस बनकर रह जाते हैं...  
(बल्ले को उछाल फेंकता है। फिर जरा देर खड़ा रहता है, थोड़ा उन्माद घटता है।)
मैं यह किस बकवासबाजी में लग गया। मुझे फिर बैठकर सोचना चाहिए। सोचने का काम अब मेरा ही रह गया है। पहले यह काम संसद के जिम्मे था। मुझे चिंतन करना चाहिए। (पुन: दीवार का सहारा लेकर बैठ जाता है। कुछ क्षण यूं ही । फिर अचानक जैसे भूल की हो। ) ये मेरे बैठने का स्टाइल सही है? नहीं मुझे पालथी लगाकर बैठना चाहिए। कहीं पढ़ा था, पालथी लगाने से विवेक जागता है।...
(पैर फैलाकर बैठ जाता है।)
हिरोशिमा-नागासाकी सुना-पढ़ा था उसके बारे में। आज न्यूयार्क-बगदाद, दिल्ली-लाहौर, लंदन-बर्लिन, बीजिंग-मास्को, ढाका-काबुल सब शहर हिरोशिमा की ही प्रतिकृति हो गए। ये शहर जहां अखिल विश्व कि जनता के भाग्य-विधाता रहते थे। सबने अपने-अपने दायरे बना रखे थे। अगर कोई रिश्ता था तो डॉलर का। सीमाओं की सघन काँटेदार तारों के आर-पार कोई चीज़ निर्बाध आ सकती थी तो केवल डॉलर। इन काँटेदार तारों के अलावा कुछ अदीठ तारें थी – हिन्दू-मुसलमान, ईसाई-यहूदी, श्वेत-अश्वेत ये किस्में बना राखी थी इंसान की। हरेक दूसरे को दबा कर जीना चाहता था। अपना पेट बदहजमी से फटा जा रहा है मगर दूसरे की छीन कर खाना चाहता था।... इस सदी का बुद्धिजीवी दुखी था तो इस बात से कि मनुष्यों की तादाद बढ़ रही है और चीतों और मगरमच्छों की घट रही है। भेड़ियों और चीतों के लिए अभ्यारण्य बनाए जा रहे थे दूसरी और इन्सानों की नस्लों को दरख्तों की तरह नेस्तनाबूद किया जा रहा था। .... लो घटा दी गिनती आदमियों की। खुश! विदाउट फैमिली प्लानिंग, विदाउट एनी कोंडोम। हुज़ूर आप बेवजह परेशान थे। अपने डार्विन साहब कहा करते थे, “सरवाइवल ऑफ द फिटेस्ट” जो सक्षम है वही जीवित रहेगा।  डार्विन साहब एक बात समझ में नहीं आती आपने सिद्धान्त प्राणी-विज्ञान में दिया लेकिन यह सिद्धान्त तो विशुद्ध समाज विज्ञानों का था।
सब मर गए, कौन जीवित रहा? मैं! सिर्फ मैं!! मैं ही इस अखिल विश्व का सक्षमतम आदमी। मैंने बचा लिया अपने को इस महासमर में। मर गए दुनिया के बड़े-बड़े ठेकेदार। सीटीबीटी, पेटेंट, गैट, ग्लोबलाइज़ेशन, जी सेवन, यूएनओ सब मुहावरे खत्म हो गए। मिटा कर हिरोशिमा को अट्टहास किया था अमेरिका ने। आज अखिल विश्व में मंद-मंद मुस्कुरा रहा है हिरोशिमा।  
अब भी एक प्रश्न बार-बार कचोटता है कि मैं कौन हूँ? मैं --------(अभिनेता अपना नाम रख सकता है।) पिछले पच्चीस वर्षों से इसी नाम से पिकरते थे मुझे। लेकिन अब कोई पुकारने वाला नहीं है। सब के साथ मेरा नाम भी मर गया! पहले इंसान मर जाता था, उसका नाम दुनिया में रह जाता था। किन्तु कैसी अजीब बात है, आज इंसान जिंदा है, पर नाम मर गया।
(परेशानी बढ़ जाती है।)
नाम मर गया तो मुझे कोई दूसरी पहचान खोजनी होगी। शायद – धर्म! तो मेरा धर्म क्या है? ऐसे समय में मुझे यह भी सोचना पड़ रहा है.... तो मैं हिन्दू हूँ? नहीं, हिन्दू तो मैं तब था जब कोई दूसरा मुसलमान या ईसाई था। ... यदि मैं मुसलमान हूँ तो फिर किसी न किसी को हिन्दू या... नहीं... यह टुकड़ों बंटी हुई पहचान नहीं चाहिए। तो मैं कौन हूँ? ....
(एक झटके से खड़ा हो ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगता है।)
हे विधाता मुझे मेरी पहचान दो। मेरा नामोनिशान दो। इन धमाकों में कहीं मेरा नाम दब गया है; इन मुर्दों की मंडी में मेरी पहचान गुम हो गई है। आखिर मैं कौन हूँ, कौन हूँ मैं...???
(अचानक कुछ सूझता है।)
अहा! क्या मैं वही अंतिम व्यक्ति हूँ जो हर प्रलय के बाद बच जाता है। ब्रह्मा जिसके कंधों पर सृष्टि के पुनर्निर्माण का गुरुत्व भार सौंपते हैं। दुनिया का हर धर्म-ग्रंथ इस बात को स्वीकार करता है कि प्रलय के बाद एक ‘जोड़ा’ अवश्य बच जाता है, जो पुन: सृष्टि को बसाता है। मैं वही तो नहीं.... मनु! हाँ, वही मनु जिसका ज़िक्र वेदों और पौराणिक आख्यानकों में है।
(खुशी से झूमकर)
मैं मनु हूँ। सच में मैं मनु हूँ। अरे मैं तो नाहक दुखी हो रहा था अपने जीवित बचने पर। मेरा जिंदा रहना सार्थक है। मैं हूँ इस नष्ट प्राय मानव जाति का उद्धारक। इस ध्वस्त विश्व का निर्माता। मैं इस विश्व का सबसे जिम्मेदार आदमी हूँ। पता ही नहीं चलता एक कि एक साधारण-सा आदमी कब अवतार बन जाता है। मनु बचा है तो ‘श्रद्धा’ अवश्य बची होगी सृष्टि संपूर्णता में कभी खत्म नहीं होती। भगवान एक जोड़े को अवश्य बचाता है। तो कहाँ है श्रद्धा? तुम कहाँ हो मेरी श्रद्धा मुझे यकीन है कि तुम्हें भगवान ने अवश्य बचा लिया होगा, इस पुनर्निर्माण के कार्य में मेरे सहयोग के लिए। तुम कहाँ हो अब तक प्रिय।
(कामायनी से ये पंक्तियाँ बोलता है।)
नारी तुम केवल श्रद्धा हो
विश्वास-रजत-नग पगतल में
पीयूस स्रोत सी बहा करो
जीवन के सुंदर समतल में....
आह ! कैसा होगा उसका साहचर्य वह चुपके से आएगी और सहसा अपने कर-स्पर्श से मुझे तंद्रा से जागा देगी।कैसी सिहरन होगी उसके कर-स्पर्श मे से, सच कल्पना भी नहीं कर सकता और फिर वह अपने कोमल-कंठ से कहेगी – “उठो स्वामी, अपने सृष्टि निर्माण-कार्य में प्रवृत्त हो जाओ, मैं सहयोगिनी इस पवित्र कार्य में नि:संकोच  भाव से आपके समक्ष सर्वस्व समर्पित करती हूँ।” और फिर मैं उसे ... मैं... मैं... तो फिर वह अभी तक आई क्यों नहीं। अरे मैं सृष्टि निर्माण के लिए कब से व्यथित हूँ, एक वह है कि उसे चिंता ही नहीं ये औरतें भी न ... आदत खराब है...
(पागलपन)
श्रद्धा ! मैं विश्व का सबसे जिम्मेदार आदमी कब से तुम्हारा इंतज़ार कर रहा हूँ... ये सारा विश्व मेरा है... ये सारी बादशाहत मेरी है... मैं अकेला इस पर राज करूंगा...
(अट्टहास)
हा-हा-हा... जिस दिग्विजय के चक्कर में दुनिया के चक्रवर्ती सम्राट खाक में मिल गए। जिसके लिए सिकंदर, हिटलर, मुसोलिनी, नेपोलियन, जार और चंगेज़खाँ लड़ते-लड़ते खप गए... बेचारे...  च-च-च...   वही बादशाहत मुझे चुटकियों में मिल गई।
(अट्टहास)
हा-हा-हा... मैं हूँ इस विश्व का एक छत्र सम्राट, अब यह दुनिया मेरे तरीके से चलेगी... जैसी बनाऊँगा, वैसी बनेगी... अब मैं हूँ मनुष्य जाति का भाग्य-विधाता हा-हा-हा...
(अट्टहास उत्तरोत्तर बढ़ता जाता है। पागलपन की सीमा पार करती हुई हंसी, उसके बाद अवरोह। उसी के क्रम मे प्रकाश धीमा होता है। मंच पर अंधकार, आवाज व आकार दोनों लुप्त।) 
समाप्त
आलेख का किसी भी रूप में प्रयोग से पहले लेखक की अनुमति जरूरी है।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Friday, July 17, 2015

नौजवानों के देश में...

कभी-कभी ऑफिस से घर जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर लेता हूँ। या फिर यह कहना चाहिए कि जब भी मौका मिले इस्तेमाल करना चाहिए। इसकी मार्फ़त आप वक़्त से जुड़े रह सकते हैं। देश-दुनिया की साफ-सच्ची तस्वीर ऐसे ही स्थानों पर दिखाई दे जाती है वर्ना इसके लिए आप मीडिया पर कहाँ तक भरोसा करेंगे।
बात दरअसल यूँ है कि आज जैसे ही मैं कार्यालय से निकल कर बस स्टॉप पर आया, दो मिनट के इंतजार पर ही एसी लोफ्लोर सिटी बस आकर रुकी। झट से बस का ऑटोमेटिक दरवाजा खुला और मैं बस में प्रविष्ट हो गया। एसी लोफ्लोर बसें गर्मी के इन दिनों में, आम आदमी को 10-12 रूपए के किराये में खूब राहत देती हैं। बस में ज्यादा भीड़ नहीं थी लेकिन कोई सीट भी खाली नहीं थी। टिकट लेकर मैं कंडक्टर के पास ही पिछले दरवाज़े से थोड़ा हट कर खड़ा हो गया।
सवारियां चढ़ रही थीं, उतर रहीं थीं, हर स्टॉप पर। दस्तूर यह है कि पिछले दरवाज़े से लोग चढ़ते हैं और अगले दरवाज़े से उतरते हैं। बस के अंदर इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले पर भी यह हिदायत बार-बार आती रहती है, “यात्री कृपया पीछे के दरवाज़े से चढ़ें और आगे के दरवाज़े से उतरें” बाकायदा बाईलिंगुअल, हिंदी और अंग्रेजी में। बिलकुल पीछे की सीट्स से उठकर एक अधेड़ व्यक्ति व एक नौजवान पीछे के दरवाज़े पर आकर खड़े हो गए। कंडक्टर जो कि नौजवान ही है, उसने दोनों से कहा कि आप लोग आगे के दरवाज़े से उतरें। अधेड़ व्यक्ति धीरे से अगले दरवाज़े की और सरक गया। अब रह गया वह नौजवान जो दिखने में लग रहा था किसी अभियांत्रिकी कॉलेज से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के पाठ पढ़ कर आया हो। यह भी हो सकता है कि किसी प्रबंधन संस्थान से मैनेजमेंट के गुर सीख कर लौटा हो। यह भी हो सकता है किसी विश्वविद्यालय की अकादमिक व दार्शनिक चर्चाओं में भाग लेकर आया हो। उसके चेहरे व वेश से यही अंदाज़ा लगाया जा सकता था। वह अभी भी पिछले दरवाज़े पर खड़ा था, अडिग। कंडक्टर ने अपनी हिदायत को दोहराया, "भाई साहब आप अगले दरवाज़े से उतरें।" लड़का बोला, "क्या फर्क पड़ता है, आगे से उतरें या पीछे ?" कंडक्टर ने कहा, " पीछे के दरवाज़े से उतारना सेफ नहीं है, दुर्घटना हो सकती है।" लड़के की मुखाकृति से लग रहा था कि उसने कंडक्टर की बात को तवज्जो नहीं दी और वहीं अविचल खड़ा रहा। कंडक्टर ने फिर कहा, “पता नहीं कि पीछे का दरवाज़ा खुलेगा या नहीं, फिर आपको परेशानी होगी।” अगले स्टॉप पर बस ने ब्रेक लगाए आगे का दरवाजा खुला, दो-चार लोग उतर गए। पीछे का दरवाज़ा नहीं खुला। अब, वह लड़का ज़ोर से चिल्लाया, "पीछे का दरवाज़ा खोलो..." दरवाज़ा खुल गया। आवाज इतनी तेज थी कि ड्राईवर न भी खोलता तो शायद अपने आप भी खुल जाता। नौजवान नीचे उतर गया किसी विजेता की तरह। मैं उसे जाते हुए देख रहा हूँ। उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा। चेहरा याद भी नहीं रहा। वह ऐसे कई विजेताओं के चेहरों में से एक हो गया। सिकंदर, हिटलर, चंगेज़ ...  बल्कि अब उसकी पीठ दिखाई दे रही है। पीठ पर एक पिट्ठू बैग दिखाई दे रहा है। ऎसे लगा जैसे उस बैग की चैन खुल गई है, जिसमे से कुछ चीजें बाहर निकल कर साफ दिखाई दे रही हैं। उसकी पीठ पर जो दिखाई दे रहे है। शायद वो हैं - उसकी शिक्षा का वर्तमान, उसकी परवरिश का अतीत या इस देश का मुस्तकबिल? क्या उम्मीद की जा सकती है इस युवक से? क्या इनकी संख्या एक-दो है? आज आबादी का सबसे बड़ा हिस्सा नौजवानों का है। देश आबादी के इस हिस्से पर गर्व भी कर रहा है और देश को इनसे उम्मीद भी है।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 


Friday, June 26, 2015

भारतीय रेल का जनरल डिब्बा

ऐसी कौनसी जगह है जहाँ से पूरा हिंदुस्तान दिखाई देता है? मैं इसके जवाब में कहूँगा भारतीय रेल में पूरा हिंदुस्तान नज़र आता है। बक़ौल गुलज़ार साहब के, "एक हिंदुस्तान में दो-दो हिंदुस्तान नज़र आते हैं।" ऐसी ही नज़र हमें भी एक दिन मिली जब रिजर्वेशन के डब्बे से टीटीई ने हमें अनारक्षित टिकट के साथ पाया। हमेशा की तरह हमने भी जुगाड़ लगाने की कोशिश की। पता नहीं टीटीई जुगाड़ी नहीं था या हम अभी तक अनाड़ी थे। हमें जनरल बोगी का  रास्ता दिखा दिया गया। कसम से ऐसा महसूस हुआ जैसे बहिश्त से हमारी बेदखली हुई हो।
हम जनरल बोगी के सामने खड़े थे। बाहर से ही अंदर का दृश्य देख कर हमने यात्रा रद्द करने या फिर जीप-जोंगा या बस का विकल्प देखने का मन बना लिया। फिर भी हम दरवाज़े के आगे देख रहे थे जनरल डिब्बा किसी अनाज की बोरी जैसा लग रहा था। अब यदि इसमें सेर भर और डाला तो बोरी छलकेगी या फट जाएगी। लेकिन हम इस बात को लेकर भी दंग रह गए कि प्लेटफॉर्म पर मौज़ूद आधी से ज्यादा आबादी इसी डिब्बे की और लपक रही थी। डिब्बा हमें किसी ब्लैक होल सा नज़र आया। भीड़ की तत्परता में यह पूरा यकीन झलक रहा था कि इस डब्बे में अनंत जगह है। या फिर यह फंतासी है कि अंदर कोई है जो बेतरतीब बैठे लोगों इस्तरी करके तह लगता जाएगा और सब के लिए जगह बन जाएगी।
यात्रा कैंसिल करने का मन बनाने बावजूद निर्णय हमारे हाथ से निकल चुका था। हम ऐसी जगह खड़े थे जहाँ से वापस लौटना संभव न था। मुख्य धारा का बहाव डिब्बे के द्वार की ओर था। मुख्य धारा के वेग ने एक ही झटके से हमें उठाकर अंदर धर दिया। इस अद्भुत लिफ्ट का लुत्फ़ हमने पहली बार उठाया। और हमें पहली बार अपनी वंचितता का अहसास हुआ। आरक्षित डिब्बों में इस तकनीक से सदा महरूम रहे। हमेशा यह सोचते रहे कि बीमार, विकलांग व वृद्ध लोगों के लिए रैम्प होने चाहिए या व्हील चेयर का इंतज़ाम होना चाहिए। आज यह ज्ञान हुआ कि सुविधाएं दिमाग को बंद करती हैं और आभाव अविष्कारों के जनक हैं। जनरल बोगी में लोगों के दाखिल होने के लिए यह कन्वेयर बैल्ट जैसी सुविधा प्रारम्भ से ही विद्यमान है। एक बार फिर भारत के प्राचीन ज्ञान पर गर्व हो आया। जय हो विश्व गुरु की!
लिहाज़ा अंदर आना हमारी इच्छा पर निर्भर नहीं था लेकिन अंदर पैर टिकाने का फैसला हमे खुद करना था। अंदर हमारा पहला कदम रखना बिलकुल वैसे ही अनिश्चित था जैसा किशोरावस्था की मुहोब्बत में रखा पहला कदम। जैसे ही हमने गैलरी में पहला कदम रखना चाहा तो लय के साथ चलते हुए खर्राटे अचानक रुक गए,उनका स्थान एक गुर्राहट ने ले लिया और हमने अपना बढ़ाया हुआ कदम वापस ले लिया। गुर्राहट अब फिर सुर बदल कर खर्राटों में तब्दील हो गई। गैलरी में सोये व्यक्ति ने पहले की बनिस्पत अपने आयतन-क्षेत्रफल को विस्तार देते हुए खुद को गैलरी में और फैला दिया। एक पांव पर खड़े होकर हठयोग ठानने का इरादा हमारा नहीं था। हालांकि अगले ही दिन विश्व योग दिवस था। और हमारे इनबॉक्स में सरकार की तरफ से भेजे संदेशों की पूरी शृंखला थी, जिसमे 21 जून को योग करने सन्देश थे। हमने सरकार के दोहरे रवैये के बारे में भी एक पल सोचा कि सरकार योग करने की परिस्थितियां तो आज और यहीं पैदा कर रही है और योग कल करने को कह रही है। हमने सरकार की बात को अक्षरशः माना। योग को कल के लिए मुल्तवी किया। इसलिए हमने अपने पैर को अलग दिशा में रखना चाहा। जैसे ही हमने पैर नीचे रखा तो किसी झोले में सामान के चरमराने की आवाज आई। इससे पहले कोई और आवाज इस आवाज को उठाए हमने फिर अपना कदम वापस उठा लिया। कर भी क्या सकते थे, बगुले की तरह एक टांग पर टंगे हुए थे। शायद खड़े शब्द का इस्तेमाल यहाँ प्रासंगिक न होगा।
हम जो कर सकते थे वही किया। लोगों को देख सकते थे सो देखने लगे। और देखने में हमने वो देख लिया जिसे धरती पर देखने के लिए नासा के वैज्ञानिक बरसों से दिन-रात एक किए हुए हैं। जी हाँ, ज़ीरो ग्रैविटी ! भार हीनता। मैंने देखा कि लोग ऊपर उठ रहे हैं। जैसे कोई अदृश्य चुम्बक उन्हें खींच रही है। नहीं तो बिना किसी सीढ़ी की मदद से इतनी ऊँची जगह  पर लगाई बर्थ पर चढ़ना कैसे मुमकिन हो सकता है। मैं कन्फ्यूज़ हूँ कि ये बर्थ हैं या सामान रखने की ताक। लेकिन लोग ऊपर की और खिंच रहे थे और उन ताकों पर लद रहे थे...नाटे, लंबे, मोटे, बूढ़े, बच्चे व अधेड़ सब के सब। सीटों के ऊपर की बर्थ,माफ़ करें ताक, लोगों से भर गईं। गैलरी के ऊपर सामान रखने की परछत्ती पर सामान रखा हुआ था। सामान व्यर्थ का जंजाल है। इंसान अपने स्वार्थ के लिए सामानों का संग्रह करता जाता है। बाद में वही सामान मानव सभ्यता के लिए मुसीबत बन जाता है। इसी दार्शनिक विचार प्रक्रिया से प्रेरित होकर ही शायद एक नौजवान ताक की और ऊपर खिंच गया, जीरो ग्रैविटी की वजह से। यह सोच कर कि इस कायनात में प्रकृति ने इंसान के लिए जगह बनाई है अगर वहां सामान रहें यह मानवता के विरुद्ध बात है। मानवता के विचार से प्रेरित होकर युवक ने सामान को सरकाना शुरू किया और अपने लेटने के लिए जगह बना ली। ताक युवक के आकार से सकड़ी थी युवक ने अपना आकार भी सिकोड़ लिया। थोड़ी देर में ही खर्राटों में एक स्वर उसका भी शामिल हो गया।
लोग लगातार अपनी-अपनी जगह तलाश रहे थे डिब्बे में उम्मीद के साथ, और उन्हें मिल भी रही थी। मैंने देखा डिब्बे में लोग आ जा रहे थे। कोई कोई बाथरूम जा रहा था, कोई बाथरूम से बीड़ी पीकर लौट रहा था, कोई मुंह में लगभग छलकने के स्तर पर पहुंची खैनी की पीक को थूकने को लपक रहा था। लेकिन लोग गैलरी में नहीं चल रहे थे। ऐसा लगा कि गैलरी में कोई रोप-वे लगा हुआ है लोग उसी का इस्तेमाल करते हैं। हमने भी एक पल को अपने अंदर भारहीनता को महसूस किया और खुद को डिब्बे के मध्य वाले कंपार्टमेंट में खड़े पाया। बाकायदा दोनों पावों की जगह को हमने अपने ऊपर ईश्वर की बड़ी कृपा माना। सीट मिलने की कल्पना ही हिमाकत थी। फिर भी हमने सीटों का मुआयना करना शुरू कर दिया। रिजर्वेशन के डब्बे में इतनी ही लंबी-चौड़ी सीट पर तीन तक की गिनती लिखी होती है। मतलब कि यहाँ तीन व्यक्ति बैठ सकते हैं। इस डिब्बे में में तो चार तक की संख्या लिखी है। लिखा चार है और पांच-पांच बैठे हुए हैं। इसके पीछे सरकार की क्या मान्यता है। शायद यही कि जनरल डिब्बे में सफ़र करने वालों का आयतन-क्षेत्रफल रिजर्वेशन वालों की तुलना में कम होता है। इस तथ्य की पड़ताल करने के लिए एक बार फिर हम लोगों की और देखने लगे।
ऊपर बैठे सफ़ेद दाढ़ी वाले चचा जान ने काफी देर से अपना भारी बैग लिए खड़ी युवती से कहा, लाओ बिटिया बैग मुझे दे दो, थक जाओगी।" चचा जी ने बैग लेकर अपनी गोदी में रख लिया और निचे बैठे लोगों को थोडा अधिकार पूर्वक बोला, " थोड़ा-थोडा सरक जाओ भाई। लड़की को बैठने दो।" चचा जी ने कहा और लोगों में जुम्बिश हुई लोगों ने लड़की के बैठने के लिए बाकायदा जगह पैदा कर दी। उसी सीट पर जिस पर चार की संख्या लिखी है। यह हमारे लिए कोई चमत्कार से कम न था। चचा जी हमें जादूगर जान पड़े। हमें यक़ीन हो चला कि अगर चचा जी चाहें तो तो इसी चार की संख्या वाली सीट पर सातवें को भी सवार कर सकते हैं। मैंने आशा भरी दृष्टि से चचा जी की तरफ देखा। चाचा ने इस बार सामने वाली सीट की तरफ इशारा किया और हमने बिना जगह के एक सिरे पर बैठने का उपक्रम किया और सचमुच ही बैठ गए! मुझे यक़ीन हो गया कि इंसान में एक अद्भुत कौशल है, आकार बदलने का। रंग बदलना तो इंसान गिरगिट से सीख चुका है। क्या आकार बदलना जोंक से सीखा होगा? एक बात तो पक्की है कि इंसान जनरल डिब्बे में आकर ही अपने इस अद्भुत कौशल को एक्सप्लोर कर सकता है। शायद यही सोचकर ही सरकार ने जनरल डिब्बे की बैठक व्यवस्था का नियोजन किया है।
इस तरह पूरे डिब्बे में  अपने आकार को संकुचित व पल्लवित करने के इंसानी कौशल की मिसालें नज़र आने लगीं। हर स्टेशन पर यही मुजाहिरा होता। चार - चार वाली सीट पर सात-आठ तक बैठ रहे थे। बैठना क्रिया इस स्थिति में न्याय संगत भाषाई प्रयोग नहीं होगा। ऐसा लग रहा था कि हम टंगे हुए हैं। डिब्बे में सीटें नहीं बल्कि खुंटिया लगी हुई हैं। हर खूंटी पर एक इंसान टंगा है। मैं तो सरकार से अनुरोध करूँगा कि वह हर ट्रेन में एक जनरल डिब्बे की व्यवस्था जरूर करे। चाहे शताब्दी हो, राजधानी हो या दुरंतो सभी में जनरल डब्बे की व्यवस्था होनी ही चाहिए। बुलेट ट्रेन में भी एक जनरल डिब्बे की मैं शिफारिश करूँगा। यदि सरकार चाहती है कि इंसान की कल्पनाशीलता, सृजनशीलता निखर कर आए। उसकी अंदर की संभावनाएं निकल कर आएं तो जनरल डिब्बे की व्यवस्था हर ट्रेन में होनी चाहिए। यह काम पूरी ट्रेन को जनरल करने से नहीं होगा। एक ही डिब्बा होना चाहिए। यदि किसी ट्रेन में दो डिब्बे हैं तो उन्हे तुरंत प्रभाव से एक कर देना चाहिए। बस एक डिब्बा हो। सुविधाओं की चिन्ता नहीं करनी चाहिए। वैसे भी इस डिब्बे के यात्री सुविधाओं का प्रोपर इस्तेमाल कहा करते हैं। वे इन सुविधाओं को अपनी कल्पनाशीलता को विकसित करने में करते है। टॉयलेट का इस्तेमाल  स्मोकिंग ज़ोन के रूप में करते है। गैलरी का सोने के लिए करते हैं। लगेज कैरियर का इस्तेमाल स्लीपर बर्थ के लिए करते हैं। रेलवे ने डस्टबिन नहीं लगाया तो क्या हुआ इस डिब्बे के यात्री किसी भी जगह डस्टबिन की कल्पना कर लेते हैं। इसलिए इस डिब्बे में जितनी सुविधाएं होंगी कल्पनाशीलता कम होगी। सरकार को डिब्बे में तमाम सुविधाओं को बढ़ाने की चिंता नहीं करनी चाहिए। लोग असुविधाओं में भी अपना सुख खोज लेते है। पूरा डिब्बा अपने हाल में अब मगन है। बर्थ पर बैठे व्यक्ति ने ताश निकाल ली है। उसने गैलरी में खड़े व्यक्ति को ताश की गड्डी पकड़ाई। उसने ताश को फेंटा औए खिड़की के पास बैठे व्यक्ति को ताश बाँटने लगा। सब अपनी गति से चलने लगा। चाचा दूसरे यात्री से कह रहे हैं कि बेटी को बी एड करवा दिया है अगले साल शादी कर दूंगा। एक बुजुर्ग दूसरे को कह रहे हैं कि भाई स्वर्ग - नर्क सब यहीं हैं। डिब्बे में जिंदगी ने भी रेल के साथ रफ़्तार पकड़ ली है।
मैं तो कहता हूँ कि बस हर ट्रेन में एक जनरल डिब्बा सृजित करना चाहिए। भले ही जनरल डिब्बे की जगह खाली स्थान ही छोड़ दे तो लोग अपनी अद्भुत कल्पनाशीलता व सृजनशीलता से उसके नायाब उपयोग रेलवे को सुझा सकते हैं। बस दरकार है एक जनरल डब्बे की।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे लेखन  को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 


Monday, June 15, 2015

स्वच्छ भारत अभियान : कुछ दृश्य

दृश्य 1
स्थान - जयपुर - चंडीगढ़ एक्सप्रेस, द्वितीय श्रेणी का डिब्बा 
मुख्य पात्र - 25 साल का युवक।
नाम - कोई भी रख लो।
कोरस - कंपार्टमेंट के 10 अन्य यात्री।
युवक : देखने में विद्यार्थी लगता है। उसने अपने बैग से चिप्स का पैकेट निकाल  लिया है। उसे खोलने के लिए प्लास्टिक की कन्नी को काटा और उसे सीट के नीचे फैंका। खाना शुरू किया... और पूरा पैकेट ख़त्म भी किया...  पैकेट ख़त्म करने के बाद  खाली रेपर को उतने मोड़ में फोल्ड किया जितना किया जा सकता था, गोली बनाई और उसे भी सीट के नीचे वहीं भेजा जहाँ कन्नी भेजी थी। चेहरे पर तृप्ति के भाव हैं। रिंगटोन बजता है, "सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तान हमारा..." जेब से टच स्क्रीन का मोबाइल बहार आ गया है। युवक अब उस में तल्लीन है। शायद फेसबुक पर अपडेट डाला...
कोरस  - सह कलाकारों का जबरदस्त अभिनय.. ब्रेख्त की अलगाववाद थ्योरी को अप्लाई करते हुए पूरे दृश्य से अपने आप को काटे रखा। चहरे पर कोई भाव नहीं आने दिया। समूहिक निर्लिप्त खामोशी ...
दृश्य निर्विघ्न समाप्त।
दृश्य - 2
स्थान - गांव बम्बोरा, ज़िला अलवर राजस्थान
मुख्य पात्र : 25 साल का युवक
नाम : अंकित या दीपक  
भूमिका: शिक्षक
कोरस : स्कूल के बच्चे
(गाँव की गलियों में एक टोली निकलती है। सबके हाथों में दस्ताने व चेहरे पर सर्जिकल मास्क हैं। सभी रास्ते को साफ करते हुए नीचे लिखे संवाद बोलते हैं।)

युवक : ये देश हमारे आप का
कोरस : नहीं किसी के बाप का

युवक : अपनी झाडू अपना हाथ
कोरस : कर दो अलवर पूरा साफ़

युवक : आओ बहनों आओ भाई
कोरस : सब मिल जुल कर करें सफाई

युवक :  डस्टबिन कितने का आता
कोरस : चालीस का आता चालीस का आता
युवक : फिर तू क्यों ये नहीं लगवाता
कोरस : पैसे बचाता पैसे बचाता
दृश्य - 3
स्थान: शहर की पॉश कॉलोनी का एक चौराहा।
समय: दोपहर
मुख्य पात्र: 25 साल का युवक
भूमिका: बताने की जरुरत नहीं।
नाम: आपके जेहन में एक नाम होगा। वही दे देना।
कोरस : कोरस में शामिल हैं, चायवाला, ऑफिस का बाबू, किराने के व्यापारी, राहगीर इत्यादि)
मुख्यपात्र: सड़क के बीच में आता है। रुकता है। नीचे देखता है। चप्पल खोलता है। शर्ट उतरता है। पतलून उतरता है। बनियान भी उतार कर एक तरफ रख देता है। अब वह केवल जांघिए में खड़ा है। अब वह सड़क के नीचे बने गंदे नाले के गोल ढक्कन खोलता है। तीव्र सड़ांध का झोका वातावरण में फ़ैल जाता है। कोरस नाक पकड़ लेता है।
युवक होल के अंदर झांकता है। फिर पैर लटकाकर उसमें :उत र जाता है, पूरा आदमकद नंग धड़ंग! अब युवक दिखाई देना बंद। थोड़ी देर बाद गर्दन बहार आती है। दो हाथ भी बाहर आते हैं। हाथों के साथ कुछ चीजें बहार आने लगती है। वही आपकी जानी पहचानी चीजें। शैंपू की खाली पाउच, तेल की डब्बी, पुरानी चप्पल, कंघी, साइकिल का ट्यूब, डिस्पोज़ल कप इत्यादि ... खूब सारा काला कीचड़...
कौरस : कोरस समवेत स्वर में बोल रहा, “अच्छे दिन आ गए ... अच्छे दिन आ गए...”

ये तीनों  दृश्य जिंदगी से हूबहू उठाए गए हैं। इस नाटक का कोई भी पात्र काल्पनिक नहीं है। लेकिन मैं बेहद अनाड़ी नाटककर हूँ। ये तीनों दृश्य मैंने बेतरतीबी से रख दिये हैं। मैं इन तीनों दृश्यों में रिश्ता देखने की कोशिश कर रहा हूँ।
क्या इनमें क्रमबद्धता है?
कौनसा दृश्य पहला है, कौनसा अंत ?
कौनसा पूर्वरंग है कौनसा मंगलाचरण ?  आप अपने हिसाब से रख लें
चलो नाटककार न सही हम दर्शक की तरह नुक्ताचीनी तो कर ही सकते हैं। एक सवाल –
यदि आपको मौका दिया जाए तो किस  दृश्य में क्या–क्या बदलाव करना चाहेंगे?
पहले सीन में ?
“अजी यूं”
दूसरे सीन में ?
“अजी चुटकी में ”
तीसरे में ?
“ बहुत आसान है साहब।”  
ठहरिए जी, थोड़ा मुश्किल किए देते हैं, अब ऐसा है, बाहर से नहीं सीन में घुस के ज़रा कुछ बदल कर दिखाइए....
पहला सीन .... दूसरा सीन... तीसरा ... एँ ... पड़ गए न मुसीबत में... आप चिंतित मत होइए... मोदी जी बदल देंगे सीन को !
कैसे बदलेंगे ?
मुझे लगता है किसी भी बदलाव को लाने के तीन रास्ते हैं –
·     कानून बनाओ
·     अभियान चलाओ या
·     शिक्षा के रास्ते से
कानून तो कोई बना नहीं। बना हो तो चल नहीं रहा... कोई कहीं भी थूके, कोई कहीं भी मूते, कोई कहीं भी कुछ भी फेंके कोई रुकावट नहीं है।
अब बात अभियान की करते हैं। मोदी जी द्वारा शुरू किए गए 'स्वच्छ भारत अभियान' से कितना फर्क पड़ा है यह बात अलग है लेकिन एक बात स्पष्ट है कि स्वच्छता के मुद्दे का शुमार राष्ट्रीय चिंताओं में हुआ है। जब प्रधानमंत्री जी ने इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की थी तो उसके बाद कुछ जुम्बिश हुई। अगले दिन से अख़बारों में छोटे बड़े नेताओं की तस्वीरें लंबे हत्थे के झाड़ू के साथ छपने लगी। कई नेताओं को झाड़ू भी मिल गया, माहौल भी, लेकिन कूड़ा नसीब नहीं हुआ तो उन्होंने बाकायदा कूड़ा आयात करवा के फैला लिया ताकि कूड़े के साथ एक सेल्फ़ी हो सके।
खैर, इस तस्वीर का एक सुखद पहलु भी है। इस अभियान ने कुछ उत्साही नवयुवकों सक्रिय कर दिया जो ऊपर तीसरे सीन के नायक हैं। ये वास्तव में भारत की एक स्वच्छ तस्वीर देखना चाहते है। जो सेल्फ़ी भी लेना चाहते हैं लेकिन कूड़े की नहीं बल्कि साफ स्वच्छ व बदली हुई फ़िज़ा के साथ।
दूसरे सीन के  नवयुवकों का समूह जिसका नाम है 'हेल्पिंग हैंड्स' पिछले दिनों उल्लेखनीय रूप से सक्रिय हुआ है। ये लोग बिना किसी सरकारी व गैर सरकारी फंड के अपने जज़्बे के साथ शहर को साफ करने में जुटे हुए हैं। मैं हर वीकेंड पर शहर जाता हूँ तो हर शनिवार के अखबार को उठाकर देखता हूँ तो उसमें हेल्पिंग हैंड्स की न्यूज़ होती है कि आज शहर के फलां मोहल्ले को साफ किया जाएगा। संयोग से हमारे बहुत परम मित्र दीपक चंदवानी जी समूह से जुड़े हुए है। दीपक जी ने समूह से जुड़ने का आमंत्रण दिया। मैंने सहर्ष स्वीकार भी कर लिया। निसंदेह इस तरह के ईमानदार प्रयास से जुड़ना चाहिए। लेकिन इनकी मुश्किल यह है कि जिस गली को ये लोग साफ करते हैं वह अगले दिन फिर गंदी हो जाती है? अगले दिन फिर हेलपिंग हैंड चाहिए।
हेल्पिंग हैंड्स के नौजवानों के साहस को सैल्यूट। उनको बहुत वाहवाही मिल रही है, और मिलेगी, मिलनी भी चाहिए। लोग भरोसा भी करेंगे। आप को अगुआ भी बनाएँगे। लेकिन आपके वहाँ से हटते ही तस्वीर पहले जैसी हो जाएगी। मैं यह नहीं कह रहा कि इन नौजवानों को यह काम रोक देना चाहिए। लेकिन अपने काम के इर्दगिर्द कुछ चीज़ें और भी सोचनी व करनी चाहिए। कही ऐसा तो नहीं हम अपने एक्शन के तहत किसी ऐसी बात को जाने अनजाने में प्रतिष्ठित कर रहे हों जिसे नहीं होना चाहिए। गंदगी कोई और करे और सफाई कोई करे यह विद्ध्वंसक संस्कृति है। इसको सदियों से भारत ने भुगता है। इसे हमें और प्रतिष्ठित नहीं करना है। इस संस्कृति ने तीसरे दृश्य वाले नायक को पैदा  किया है।
मुझे लगता है इन साथियों को मुद्दे के तह में जाना चाहिए। हर सप्ताह सफाई पर निकलते हैं तो उन्हे उस मौहल्ले की सफाई का एक ऑडिट भी करना चाहिए ।
मौहल्ले की सफाई व्यवस्था के लिए जो इन्फ्रास्ट्रक्चर है उसकी क्या स्थिति है? क्या वह दुरुस्त है? क्या जिनकी ज़िम्मेदारी है वे उसका निर्वहन कर रहे हैं? और आखिर में यह पता करना कि ऐसे क्या कारक हैं जो गंदगी फैलाने पर मजबूर करते है। इस बात की पड़ताल हो, क्यों सफाई के मामले मे हमारे किरदार के दो पहलू क्यों है – व्यक्तिगत रूप में उजला तथा सामाजिक किरदार मैला।  
साफ-सफाई एक मूल्य है लेकिन यह आदत का भी मसला है। लोगों की आदतों पर बात करनी होगी। चाहे किसी मौहल्ले के चार घर ही लें और उनसे पूछ कर उनके घर पर सफाई का ऑडिट करे कि उनके घर में किन वजहों से गंदगी बाहर आती है। वो क्या कारण हैं जो हमें लाख सफाई पसंद होने के बावजूद गंदगी फ़ैलाने से नहीं रोकते हैं। यह समझना जरुरी है कि सफाई अंतत: व्यक्तिगत मसला है। लोगों की आदतों में बदलाव के लिए बहुत कोशिश करनी होगी यह गतिविधि शैक्षिक गतिविधि बने बिना स्थायी बदलाव नहीं आ सकता।
अभी हेल्पिंग हेंड की पहचान गली में बनी है। वहाँ से आँखों में उंगली अभी डाल के दिखाया जा रहा है। उन्हे धीरे – धीरे उन्हे चूल्हे तक पहुँच बनानी पड़ेगी। 
रंगमंच तथा विविध विषय पर मेरे वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें https://www.youtube.com/user/dalipvairagi/featured?view_as=subscriber
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Sunday, May 31, 2015

गोरेपन के मिथक और बाज़ार

आज सुबह की अख़बार देख रहा था तो दो ख़बरें थीं जो महत्वपूर्ण थीं। पहली खबर यह थी मैगी को लेकर उठे हुए विवाद के बारे में थी। मेरा सात साल का बेटा भी अख़बार की सुर्ख़ियों को मेरे साथ दोहरा रहा था।अचानक मैगी व दूसरे  फ़ूड प्रोडक्ट की जाँच व खतरों से सम्बंधित हैडलाइन आई तो उसने भी पढ़ी, उसे कितनी समझ आई यह तो पता नहीं लेकिन उसे यह जरूर पता चल गया कि उसका पसंदीदा खाद्य पदार्थ किन्हीं कारणों से सुर्ख़ियों व संदेह में है। उसे यह भी समझ आ गया कि माँ इस अख़बार के टुकड़े का संग्रह करके रखेगी और उसकी फेवरेट डिश पे इसी आधार पर पाबंदियां आयद करेगी।
दूसरी तरफ इस सदी का महानायक भारतीय बच्चों के सामने रोज मैगी पर लार टपकाता दिखाई देता है। संभव है महानायक जी अपनी लाड़ली पौती के लिए भी उसकी माँ से दो मिनट वाली डिश बनाकर लाने के लिए कहते होंगे।
दरअसल ऐसा नहीं होता। ये तथाकथित महानायक केवल बाजार की संस्कृति के वाहक हैं, शायद शिकार नहीं बनतेहैं। ये पूरे तंत्र के एक पुर्ज़ा भर है। ये उस पुर्ज़े की बात है जो सिस्टम में बिलकुल फिट बैठ रहा है।
आज की दूसरी खबर एक ऐसे पुर्जे की है जिसने सिस्टम का हिस्सा बनने से इंकार कर दिया। नवोदित अभिनेत्री कंगना रानौत ने गोरा बनाने वाले सौंदर्य प्रसाधन का विज्ञापन करने से इंकार करके सबको चौंका दिया है। उनके इंकार की वजह न केवल स्वास्थ्य का मुद्दा है बल्कि वे गोरेपन की अवधारणा पर बुनियादी सवाल खड़ा भी करती हैं, जो ऐसे अंधेयुग में एक रौशनी को किरण सरीखा है।
अंधायुग संज्ञा इसलिए प्रयोग की गई है क्योंकि लगभग चौथाई सदी से शर्तिया गोरा करने के दावों के साथ क्रीम बेचीं जा रही हैं वो भी केवल दो सप्ताह मेगोरापन! मगर दो दशक गुजर जाने पर कोई 'अंग्रेज़' नहीं बना। जिसने पहली बार क्रीम लगाई उनकी घिसते-घिसते जवानी हाथ से फिसल गई लेकिन गोरी रंगत पकड़ में नहीं आई। क्रीम घिसना फिर भी जारी है। पहले खुद पच रहे थे अब गोरेपन का सपना अपनी संतानों पर चस्पा कर दिया है। पहले गोरे होने पर केवल लड़कियों का ही अधिकार था। अब इन संस्कृति के वाहकों ने इस क्षेत्र में भी बराबरी लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हुए मर्दों वाली क्रीम भी इज़ाद की है।
एक झूठ बड़ी खूबसूरती से प्रसारित व  प्रतिष्ठित किया जा रहा है बल्कि बेचा भी जा रहा है। हम भी कमाल के लोग हैं, यदि पंखा, मिक्सी या बल्ब दो साल की वारंटी में ख़राब होता है तो आप अपने रिटेलर या मैकेनिक की जान खा जाते हैं कि आपने धोखा किया है हमारे साथ। सब्जी के थैले में से दो बैंगन सड़े निकल जाएं तो आप पूरा थैला ले जाकर सब्जीवाले के दे मारते हैं। ताज्जुब तब होता है जब आपसे कोई दो सप्ताह में गोरा करने का वादा करता है और आप दो दशक तक चूँ तक नहीं करते। कोई इन सौंदर्य प्रसाधनो की खाली शीशी इनको वापस नहीं दे मरता। अजब देश है, गजब लोग हैं।
गोरेपन की अवधारणा इंसानियत के खिलाफ सोच है। एक ऐसा वक्त जब रंगभेद को पूरी दुनिया में अमानवीय, अवैधानिक व शर्मनाक घोषित किया जा चुका हो, ऐसे समय में यह रंगभेद का एक नया संस्करण हमारे सामने है जिसे हमारे वक़्त के महानायक व नायिकाएं स्थापित करने में लगे हुए हैं।
दरअसल बाजार भी हमारे सांस्कृतिक मिथकों को पकड़ता है और उन्हें अतृप्त अभिलाषाओं से सींच कर सपने दिखता है तथा उन्हीं सपनों की चाबी अपने प्रोडक्ट में रख देता है। इसमें दोराय नहीं कि औपनिवेशिक दौर में योरोपीय सुंदरता के मानक अवश्य प्रतिष्टित हुए हैं लेकिन गोरेपन की चाहत  की जड़ें हमारे सुदूर अतीत में भी हैं। बिहारी के इस दोहे में आप श्वेत रंग की पराकाष्ठा देखिए  -
"पत्रा ही तिथि पाइए वा घर के चहुँ पास,
नित प्रति पून्यो ही रहे आनन ओप उजास।"
बिहारी कहते हैं कि नायिका के पड़ौस में तिथि पता करने के लिए पंचांग की जरुरत पड़ती है। क्योंकि उसका मुख चन्द्रमा है इसलिए मोहल्ले में हमेशा पूनम ही रहती है। मुख चंद्रमा है, कमल के सामान है, दूधिया रंगत है इस तरह की उपमाओं से हमारा साहित्य भरा पड़ा है। ये उपमान महिलाओं के लिए थे। देवियों का रंग गोरा ही है और देवताओं का सांवला। हाँ लेकिन माँ काली का उदहारण है लेकिन काली रूप की प्रतिष्ठा तभी होती है जब वह असुरों का संहार करती है जो कि परम्परा में पुरूषोचित कार्य है। इसका मिलाजुला असर यह है कि भारतीय लड़की में भले ही दूसरे तमाम गुण हो लेकिन  यदि सही वर प्राप्त करना है तो गोरा होना ही पड़ेगा।
बाजार केवल प्राचीन मिथकों का इस्तेमाल ही नहीं करता बल्कि नए मिथक गढ़ता भी रहता है क्योंकि बाजार की दौड़ में बने रहना है। इसी का सटीक उदहारण है - मर्दों वाली क्रीम। हज़ार बार दोहरा कर उसे क्रीम बेच ही दी। यहाँ भी बाजार ने पुरुष की दुखती रग पे हाथ रखा। कि "अरे मर्द बनो, शर्म आनी चाहिए तुम्हें औरतों वाली क्रीम इस्तेमाल कर रहे हो।" जो बरसों से उसी डिब्बी से क्रीम निकाल कर लगा रहा था जिसमे से स्त्री लगा रही थी, अचानक पुरुष को अहसास हुआ कि किसी ने उनके पेंट-पतलून छीन कर घाघरा चोली पहना दिए हों। आनन फानन में वह दौड़ पड़ा अपने रिटेलर की तरफ,"भाई वो मर्दों वाली क्रीम कहाँ है..." इस तरह भारतीय पुरुष यह क्रीम गोरेपन के लिए लगा रहा है या नहीं पर एक बात पक्की है कि वह इस क्रीम से मर्दानगी के अहसास व दंभ को कायम रखने की कोशिश तो कर रहा है। इस तरह से बाजार नए मिथक खड़े कर देता है पुराने की बुनियाद पर।
बाजार के दूसरे हथकंडे है उन लोगों के लिए जो तरक्की पसंद है व साइंस में यकीन रखते हैं। इसके लिए वैज्ञानिक रिसर्चों का हवाला देकर कहना कि अमुक उत्पाद सारे किटाणु धो डालता है, दूसरा कहेगा धोता ही नहीं मार डालता है, कोई दावा करता है कि हमारा फ़ूड सप्लीमेंट पीने से इतने बच्चे लंबे हो गए... इत्यादि... इत्यादि...
तीसरा हथकंडा है प्रतिस्पर्द्धा का। सभी कंपनियां अपने उत्पादों को लेकर प्रतियोगिता रचती हैं जो केवल विज्ञापन के स्तर पर ही होती है, न कि गुणवत्ता की। गुणवत्ता में सब बराबर ही ठहरती हैं। किसी का कोल्ड ड्रिंक काला है, किसी का ऑरेन्ज और किसी का पीला, किसी का नीबू वाला है और किसी का आम वाला, फर्क रंग और खुशबू काहै। लेकिन इस बाजार सिस्टम की मज़बूरी है प्रतियोगिता करना। कोई और नहीं तो ये खुद अपने उत्पाद से ही प्रतियोगिता रच देते हैं। आप किसी कंपनी का टूथब्रश इस्तेमाल कर रहे है और अचानक उसी कंपनी का विज्ञापन आपको साबित कर देता है कि आप कितने पिछड़े व अज्ञानी है। आपका ब्रश सीधा है भीतर तक सफाई नहीं करता है। जब आप उस ब्रश को अपना लेते हैं तो कुछ दिन बाद एक विज्ञापन आपको आकर चेता देता है कि आपका ब्रश तो एक तरफ से ही सफाई करता है और आपको तो दोनों तरफ से सफाई करने वाला ब्रश चाहिए। आप इस ब्रुश से दो चार हो ही रहे होते हैं अचानक फिर एक विज्ञापन आपका दिमाग खराब कर देता है कि आपके ब्रुश की जो डंडी है वह ठीक नहीं, पकड़ सही नहीं बन सकती... पकड़ सही न होगी तो सफाई क्या खाक होगी! आपको मुर्ख बनाने की तैयारी में पूरा बाजार लगा हुआ है। और आप बाकायदा बन भी रहे हैं। तमाम शिक्षा व प्रगतिशीलता से लैस होने के बावजूद भी। सहर्ष बन रहे हैं। इस सिस्टम में जो जितना बनता है उसकी प्रतिष्ठा उतनी ही बढ़ती जाती है ।  
ऐसे में कंगना रनौत जैसे प्रभावशाली लोग जब बाजार की मानसिकता पर सवाल उठाकर चुनौती देते हैं तो एक उम्मीद जागती है। कंगना की तारीफ इस लिए भी की जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने अपने करियर के शिखर पर इन विज्ञापनों को ना कहा है। आज से दस साल पहले बैडमिंटन स्टार फुलला गोपीचंद ने भी शीतल पेय का विज्ञापन को ना कह कर यह परिचय दिया कि प्रतिभा, तार्किकता और मानवीयता एक ही शरीर में निवास कर सकते हैं।
बाज़ार ने हमें इस तरह अपनी जकड़बंदी में लिया है कि सोचने समझने को कुंद कर दिया है और  सवाल उठाना बंद कर दिया है। सुंदरता का यह आलम है कि हमारे शारीर के जितने अंग हैं उनको धोने, पोंछने व चमकाने के उतने ही तरीके के साबुन, शैम्पू लोशन, तेल व लेपन मौजूद हैं। एक पूरा भ्रम बना दिया गया है कि आपको सुन्दर बनना है तो ये सारे बाहरी उपक्रम करने पड़ेंगे। संतरा, एलोविरा, बेसन, मलाई, दूध, दही, आवला, शहद सब बाहर से ही लेपन करने हैं यदि आपने इन्हें खुराक में लिया तो फिर ज़ीरो फिगर का क्या होगा। हनीसिंह ज़ीरो फिगर की नेशनल एंथम बना दी है - लाक ट्वेंटी एट कुड़ी डा, फोर्टी सेवन वेट कुड़ी डा.... युवा पीढ़ी इसे अक्षरशः पालन करते दिखाई दे रही है।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

Saturday, May 30, 2015

शो मस्ट गो ऑन

मैं आज सुबह थोड़ा जल्दी स्कूल पहुँच गया था। स्कूल प्रांगण में बने मंच की सीढ़ियों पर बैठ कर समर कैम्प में आते हुए बच्चों को देख रहा था। वे अपनी-अपनी  पसंद की कक्षाओं की तरफ जा रहे थे। मैं भी नाटक सीखने आने वाले बच्चों का इंतज़ार कर रहा था। इस बार नाटक के ग्रुप में मेरे पास 21 लड़कियां आ रही हैं जो चौथी से दसवीं कक्षा में पढ़ रही हैं। सहसा मेरे पास आकर 6-7 साल की लड़की आकर रुकी। प्यारी सी बच्ची अलीशा ने अपने हाथ में कुरकुरे जैसा कोई पैकेट पकडे हुए थी और उसमें से लगातार एक-एक लेकर कुतर रही थी। खाते हुए साफ लग रहा था कि उसके सामने के दो दांत गिर चुके है। मुझसे आकर बोली,"सर आप हमें भी थियेटर वाले ग्रुप में रख लीजिए न प्लीज।" मैंने उससे कहा, “पहले आप बताइये कि आपके दो दाँत कहाँ गए?” वह बड़ी मासूमियत से बोली, “क्या है न, हमारे घर एक बाबा आए थे। उनके पास दांत नहीं थे। उन्होने कहा कि आप मुझे दाँत दे दो तो हमने दे दिये। मुझे दाँत वापस मिल जाएंगे।” उसने थियेटर के ग्रुप में लेने के लिए फिर अपनी बात दोहराई। मैंने उसे कहा, "कैम्प चलते हुए तो 11 दिन हो गए। आप पहले क्यों नहीं आए?" अलीशा बोली, " सर हम आए थे लेकिन डान्स वाले ग्रुप में चले गए थे।" मैंने कहा, "तो आप डांस सीखिए।" उसने तुरंत कहा,"नहीं सर डांस तो हम पहले से ही जानते हैं। हम तो नाटक करने के लिए ही आए थे, लेकिन लड़कियों ने बहका दिया और हम डांस में चले गए। आप तो बस हमें नाटक में रख लीजिए।"
लड़की का नाटक में आने के लिए इस तरह से नेगोसियेशन करना मुझे सुखद आश्चर्य लग रहा था। मुझे पिछले साल का समर कैम्प याद आ गया। जब बच्चों से गतिविधियों में भाग लेने के लिए फॉर्म में उनसे चॉइसेज़ पूछी गईं थी तो किसी बच्चे ने थियेटर को ऑप्शन के तौर पर नहीं चुना था। हमने खुद बच्चों से नेगोसियेशन किया था कि वे नाटक में हिस्सा लें। कोशिश करके 15-16 बच्चे आए थे। अगले ही दिन से ड्राप आउट की चुनौती शुरू हो गई थी। यह जयपुर शहर के एक मोहल्ले का सरकारी स्कूल है इस स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय की लगभग 300 बच्चियां पढ़ती हैं। पिछले साल जैसे ही लड़कियों ने अपने अभिभावकों को बताया कि वे नाटक में भाग ले रही हैं और उस नाटक का मंचन रवीन्द्र रंगमंच पर किया जाएगा, अभिभावकों ने एक-एक करके बच्चों को रोकना शुरू कर दिया। फिर शिक्षकों व हमारे द्वारा अभिभावको की समझाइश का दौर चला, लेकिन ड्राप आउट भी चलता रहा। लगभग आधा ग्रुप टूट चुका था। एन शो वाले दिन भी दो लड़कियों को रोक लिया गया।  
शो मस्ट गो ओन... नाटक हुआ। लोगोंने देखा। इनमें कुछ अभिभावक थे, अफसर थे, नेता थे व सामाजिक कार्यकर्त्ता थे। लड़कियों को खूब शाबाशी मिली और इनाम भी मिले। इस पूरी प्रक्रिया जो दिखाई दे रहा था वह था लड़कियों का आत्मविश्वास। आत्मविश्वास, तहजीब व संजीदगी से अपनी बात रखना व सवाल उठाने के सब साक्षी बने थे।
नाटक ने अपना असर शुरू कर दिया था। शायद पहले दिने से ही... इस साल मैं जब उस ग्रुप से मिला जो नाटक करना चाहता था तो मैं दंग रह गया। पूरा हॉल लड़कियों से भरा था। नौबत यह थी कि नाटक के लिए लड़कियों का चयन करना पड़ा। आज ड्राप आउट की समस्या नहीं है शुरू के दिन जितने बच्चे आए उनकी संख्या में इजाफा ही हुआ है। मैंने जब लड़कियों के सामने पिछले साल वाली आशंका रखी कि इस बार भी शो के वक़्त पर आपके अभिभावक रोक तो नहीं लेंगे? सब लड़कियों ने कहा कि उनसे पहले ही बात कर ली गई है।
क्या नाटक कुछ बदलाव लाया?
क्या नाटक सच में बदलाव लाता है?
क्या स्कूल में कुछ बदला?
क्या बच्चों में कुछ बदलाव आया?
क्या समुदाय की सोच में कुछ बदलाव आया?
जो भी हो, नाटक हो रहा है, फिर एक बार। बच्चे जम कर तैयारी कर रहे हैं और उनके हौंसले बुलंद है। बदलाव शायद अपनी गति से आता है, लेकिन मेरी उम्मीद है कि नाटक नहीं रुकेगा।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरी नाट्यकला व  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 



Sunday, May 24, 2015

मेरी डायरी का एक पन्ना : उम्र, उत्साह व जज़्बा

मई का महीना हो, पारा पचास डिग्री को छूने जा रहा हो और आप ट्रेन में बैठ कर जयपुर से अलवर के बीच यात्रा कर रहे हों। आपका गला सूख रहा हो, बोतल का पानी ख़त्म हो जाए। ऐसे में गाड़ी के प्लेटफॉर्म पर रुकने पर आप अपनी खली बोतल बहार निकालें और पल भर में आपकी बोतल ठण्डे पानी से भर जाए तो इसे कोई चमत्कार नहीं समझें।
यह आजकल जयपुर से अलवर तक के सभी स्टेशनों पर आम दृश्य है। जैसे प्लेटफार्म पर ट्रेन आने की उद्घोषणा होती हैं पंद्रह-बीस लोग पानी से भरे ड्रमों को पहिए वाली ट्रॉली पर खींचते नज़र आ जाएंगे। कुछ लोग उन ड्रमों में बर्फ के बड़े-बड़े टुकड़े काट कर डालने लगते हैं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर मंथर गति से आकर रूकती है। कई जोड़ी झुर्रियोंदार हाथ मुस्तैदी से पानी का जग व कीप थामे डिब्बे की खिड़कियों की और लपकते हैं। ये हाथ दो मिनट के अल्प समय में ही खिड़कियों से झांकती खाली बोतलों को ठन्डे पानी से लबालब भर देते हैं। एकदम निशुल्क। कई बार आधी बोतल होने पर ट्रेन गति बढ़ा देती है तो इन झुर्रीदार हाथों का साथ पैर भी देने लगते हैं। लगभग एक दौड़ लगती है, बोतल के भरने पर्यन्त! इस सारी कवायद के बीच कई बोतल-ब्रांड - बिसलेरी, एक्वाफिना, बैली, किनले और रेलनीर ठेलों के फ्रीजरों में शरमा कर दुबके बैठे रहते है। या वातानुकूलित कोच का रुख इख़्तियार करते हैं।
यह कवायद सुबह ड्रमों की सफाई व बर्फ की सिल्लियों को सँभालने से शुरू होती है और दिन छिपने के बाद तक भी चलती रहती है। इस पूरे निजाम को चलाते हैं नौकरियों से विश्राम पा चुके साठ की उम्र पार कर चुके लोग। ये वो लोग हैं जिन्हें अपने घरों में लगभग बेकार व अयाचित व्यक्ति समझ लिया जाता है। मैंने कई बार इन्हीं लोगों को टिकट की खिड़की पर बाबू द्वारा सीनियर सिटीजन का सबूत देने की झिड़की सुनते देखा है। ये लोग इस व्यवस्था को कैसे चलते हैं, मैंने इसमें झाँकने की कोशिश नहीं की। मैं तो इस व्यवस्था पर ही अभिभूत हूँ। यह कैसे किया जाता है निसंदेह ही यह किसी मानव संसाधन के अध्येता के लिए शोध का विषय हो सकता है कि ऐसा क्या मोटिवेशन है कि जिन लोगों को जरुरी मानव संसाधन न मानकर रिटायरमेंट दे दिया जाता है, वे लोग इतनी बड़ी व्यवस्था को कैसे बिना थके बनाते हैं। पता नहीं यह आई आई एम के कोर्स में पढ़ाया जाता है या नहीं।
जो भी हो मैंने इस व्यवस्था से एक दो सिद्दांत व सीख निकलने की कोशिश की है जो इस प्रकार हैं-
  • उम्र कोई बाधा नहीं होती है। यदि आपमें दृढ विश्वास है कि यह काम करने योग्य है और मानवता के हित में है। कार्य का प्रेरण भीतर से ही आता है न कि बाह्य उपक्रमों से।
  • दूसरे, इन लोगों ने इस मान्यता को पुष्ट किया है कि पानी इंसान की मूलभूत अवश्यताओं में सबसे ऊपर है। हर हाल में, हर इंसान को साफ व शीतल पानी निशुल्क मिलना चाहिए। यह समाज का दायित्व है।
  • आज भले ही मूलभूत आवश्यकताओं की चीजों को बाज़ार ने अपनी गिरफ़्त में लेकर गरीबों की पहुँच से बाहर कर दिया हो। इस उदहारण ने सिद्ध कर दिया कि चाहे एक सीमित जगह या सीमित समय के लिए ही सही, पूरी निष्ठा से किया गया ईमानदार प्रयास बाज़ार को चुनौती दे सकता है।
  • हमारे यहाँ परम्परा रही है रास्तों व बाज़ारों में प्याऊ लगाकर पानी पिलाने की। उन स्वस्थ परम्पराओं को पुनर्जीवित किया जा सकता है।नयी पीढ़ी में यह सन्देश जाना चाहिए।
  • आखिर में यही कहना है कि हमारे बुज़ुर्ग कभी भी गैर जरुरी व निरे आश्रित नहीं होते हैं। उनमे भी बहुत कुछ करने का जज़्बा व ऊर्जा होती है बशर्ते हम उनको सुनें।
(कृपया अपनी टिप्पणी अवश्य दें। यदि यह लेख आपको पसंद आया हो तो शेयर ज़रूर करें।  इससे इन्टरनेट पर हिन्दी को बढ़ावा मिलेगा तथा  मेरे  लेखन को प्रोत्साहन मिलेगा। ) 

दलीप वैरागी 
09928986983 

अलवर में 'पार्क' का मंचन : समानुभूति के स्तर पर दर्शकों को छूता एक नाट्यनुभाव

  रविवार, 13 अगस्त 2023 को हरुमल तोलानी ऑडीटोरियम, अलवर में मानव कौल लिखित तथा युवा रंगकर्मी हितेश जैमन द्वारा निर्देशित नाटक ‘पार्क’ का मंच...